लोकतंत्र के महापर्व में मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अमर उजाला की ओर से स्लोगन और ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। वाराणसी के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। मंगलवार को निर्णायकों ने अमर उजाला के चांदपुर स्थित कार्यालय में बच्चों द्वारा बनाई गई ड्राइंग और स्लोगन का अवलोकन किया। इसके बाद विजेताओं के नामों की घोषणा की। विभिन्न स्कूलों से तीन होनहारों को चुना गया।
इस मौके पर डॉ. सुनील विश्वकर्मा ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में पढ़ाई के साथ इस तरह की गतिविधियां व्यक्तित्व विकास में सहायक होती है। अमर उजाला की ओर से बच्चों के लिए समय-समय पर इस तरह के आयोजन करना एक सराहनीय कार्य है। डॉ. शत्रुध्न प्रसाद ने कहा कि प्रतियोगिता में सभी बच्चों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। कई बच्चों ने चित्रों के माध्यम से मतदान को लेकर जो संदेश दिया है, इससे पता चलता है कि उनमें कला और विषय को लेकर अच्छी समझ है।
डॉ. कमलेश कुमार वर्मा ने कहा कि अमर उजाला द्वारा बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए इस तरह की प्रतियोगिता आयोजित करना एक नेक पहल है। प्रतियोगिताओं के जरिये बच्चों की प्रतिभा तो सामने आती ही है, उनमें प्रतियोगी की भावना भी पैदा होगी।