बीएचयू के बरकछा स्थित दक्षिणी परिसर में आज से चार दिन (10 सितंबर) का वोकेशनल लिट फेस्ट 2026 शुरू हो रहा है। लिटरेचर, क्रिएटिविटी, स्किल्स और एंटरप्रेन्योरशिप की थीम पर छात्रों से संवाद करने ओडिशा एससीआरबी की डीआईजी पारुल गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि और उनके साथ कुलसचिव राजन श्रीवास्तव होंगे। बीएचयू के कला संकाय के दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र की ओर से ये कार्यक्रम किया जा रहा है। फेस्ट के पहले दिन लेखन, वाद-विवाद, क्विज और ओपन माइक प्रतियोगिताएं होंगी। दूसरे दिन स्किल डेमोंस्ट्रेशन, क्रिएटिव विज्ञापन प्रतियोगिता और कारोबार आइडिया पिच का आयोजन होगा। तीसरे दिन उद्यमिता मेला, फूड स्टॉल्स और ट्रेजर हंट का आकर्षण रहेगा। केंद्र के समन्वयक डॉ. आरएस मिश्रा ने बताया कि अंतिम दिन नुक्कड़ नाटक, प्रतिभागी फीडबैक और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ फेस्ट का समापन होगा।