उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है। निर्धारित दर्शन मार्गों पर एंड-टू-एंड बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित रहे और किसी को अनावश्यक परेशानी न हो। धाम के विभिन्न स्थलों पर शुद्ध आरओ पेयजल की व्यवस्था भी रहेगी।
सीईओ ने बताया कि स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए सफाई एजेंसी को लगातार परिसर की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। धाम की सुरक्षा के लिए पहले से निर्धारित सुरक्षा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप इंतजाम किए गए हैं। संबंधित सुरक्षा कर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
इस बार श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर है। धाम में तैनात कर्मचारियों को भक्तों के साथ सौम्य, शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करने का प्रशिक्षण दिया गया है। उद्देश्य है कि बाबा के दरबार में आने वाले श्रद्धालु दीपोत्सव की भव्यता के साथ सहज दर्शन और आत्मीय व्यवहार की अनुभूति लेकर लौटें।