चौबेपुर। थाना क्षेत्र के मिश्रपुरा गांव में शनिवार सुबह जमीन के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे, रॉड और धारदार हथियार चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
गांव की आबादी की जमीन पर ओमप्रकाश यादव पक्ष के लोग करकट लगा रहे थे। इसी दौरान रामबली गोड़ पक्ष ने उक्त जमीन पर अपना दावा जताते हुए इसका विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी मारपीट में बदल गई।
एक पक्ष के रामबली गोड़ (65), अजीत (42), दीपक (37), विकास (32) और विश्वास (35) घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के ओमप्रकाश (60), राजकुमार (55) और अनुराधा (19) को भी चोटें आईं।पुलिस ने
सभी घायलों को नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण के बाद गंभीर रूप से घायल विश्वास, विकास, अजीत, राजकुमार और ओमप्रकाश को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि एक पक्ष की ओर से सीमा देवी ने 11 लोगों के खिलाफ, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से विवेक यादव ने छह लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।