वाराणसी। लाकडाउन के दौरान शराब की दुकानें बंद थी तो चार दोस्तों ने मिलकर वरुणापार इलाके से 10 मई की रात शराब की दुकान का ताला तोड़ अंग्रेजी शराब 26 पेटी और एक बोरी में भरी देशी शराब चुराकर भाग निकले। जिन्हें शनिवार को कैंट पुलिस ने वरुणापुल स्थित शास्त्री पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि एक आरोपी अब भी फरार है।
कैंट इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि चोरी के दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्रवाई की जा रही थी कि मुखबिर से मिली सूचना पर शास्त्री घाट के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से 22 पेटी अंग्रेजी शराब और 45 शीशी देशी शराब, छोटा गैस सिलिंडर, इनवर्टर व बैटी बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान पक्की बाजार निवासी नासिर व शादाब खान, कांशीराम आवास शिवपुर के रहने वाले समीर ने बताया कि लाकडाउन के दौरान शराब की दुकानें बंद होने से तलब लगी तो दुकान में चोरी की योजना बनाई गई। रेकी करने के बाद रात में ताला तोड़कर शराब चुराई गई, शराब की खेप देख नियत बिगड़ी और सोचा गया कि इतनी शराब को चुराकर बेच दिया जाएगा तो पैसा भी आएगा। इस चोरी में साथ पक्कीबाजार का रहने वाला सन्नी ने भी दिया था।