वाराणसी। विहिप हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने रविन्द्रपुरी स्थित एक चायनीज ़फूड रेस्टोरेंट के बाहर ड्रैगन चित्र पर काली पोतकर मंगलवार को विरोध किया। इस दौरान रेस्टोरेंट संचालक व कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई। रेस्टोरेंट संचालक के अनुसार पहले पता होता तो खुद चित्र हटा लेते। विहिप हिंदू सेना के अध्यक्ष अरुण पाठक ने कहा कि पिछले दो दिनों से शहर में चाइनीज उत्पादों के बहिष्कार का अभियान चलाया जा रहा है। पोस्टर-बैनर के जरिए लोगों को जागरूक और दुकानदारों को चेतावनी दी जारी है। ऐसे में खुद दुकानदारों और होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को सोचना चाहिए। सुबह रविन्द्रपुरी में रेस्टोरेंट के बाहर ड्रैगन का चित्र देखते ही कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। काला पेंट और ब्रश के जरिए चित्र मिटाया गया। इस दौरान रेस्टोरेंट संचालक को कड़ी चेतावनी भी दी गई कि दोबारा इस तरह का चित्र न लगे। विश्व हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण पाठक ने कहा कि ऐसी प्रतिक्रिया जारी रहेगी। चाइनीज समान बेचने वालों और चाइना के ड्रैगन लोगो का इस्तेमाल करने वालों को खुद सोचना चाहिए और चाइना का विरोध करना चाहिए। किसी भी प्रकार की चाइनीज सामानों की बिक्री बन्द की जाए, अन्यथा विश्व हिंदू सेना ऐसा कदम उठाता रहेगा।