महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बुधवार को युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की ओर से मतदान शपथ व जागरूकता अभियान रैली निकाली गई। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने पंत प्रशासनिक भवन के पास छात्रों को मतदान की शपथ दिलाई और जागरूकता अभियान रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। कुलपति ने कहा कि छात्रों को जरूर मतदान करना चाहिए। साथ ही उन्होंने ने छात्रों से सरकार के वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से अपना वोटर आईडी कार्ड बनाने की भी अपील की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं मतदाता जागरूकता अभियान की ब्रांड एंबेसडर नीलू मिश्रा ने मतदान का अधिकार, वोटर हेल्पलाइन एप, स्मार्ट काशी एवं स्वच्छ काशी एप के बारे में बताया। इस मौके पर कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, कुलानुशासक प्रो. अमिता सिंह, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. के के सिंह, उपकुलसचिव हरीश चंद मौजूद रहे।