महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव के लिए आज ऑनलाइन नामांकन होगा। 17 दिसंबर को सुबह छह से शाम छह बजे तक प्रत्याशी घर बैठे ही नामांकन कर सकेंगे। अधिसूचना के बाद परिसर में छात्र नेताओं की गतिविधियां तेज हो गई हैं। संभावित प्रत्याशी परिसर के साथ ही अब घर-घर पहुंचकर विद्यार्थियों से वोट देने की अपील कर रहे हैं।
चुनाव अधिकारी प्रो. आरपी सिंह ने बताया कि 24 दिसंबर को चुनाव है। नामांकन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले प्रत्याशियों को आचार संहिता का पालन करने का शपथपत्र भी ऑनलाइन ही देना होगा। फार्म के प्रिंट आउट के साथ एक समर्थक व प्रस्तावक और उम्मीदवार को प्रवेश शुल्क की रसीद/चालान, निर्धारित प्रोफार्मा पर 75 फीसदी उपस्थिति का प्रमाणपत्र, चुनाव आचार के पालन संबंधी शपथ पत्र एवं परिचय पत्र की मूल व छाया प्रति 18 दिसंबर को प्रस्तुत करना है। मानविकी संकाय में पांच काउंटर बनाए गए हैं। वहीं, परिसर में उम्मीदवार के साथ एक समर्थक व एक प्रस्तावक को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इस बार प्रत्याशियों को नाम वापसी के लिए विश्वविद्यालय के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं है। प्रत्याशी 19 दिसंबर को सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक ऑनलाइन नाम वापसी भी कर सकते हैं। मतदान और मतगणना के बाद छात्रसंघ पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण 24 दिसंबर को होगा।