वाराणसी। साइबर अपराध के मामलों में पुलिस की सक्रिय कार्रवाई से तीन पीड़ितों को उनकी ठगी गई रकम वापस दिलाई गई। इनमें दो मामलों में पीड़ितों को शत-प्रतिशत धनराशि वापस मिली, जबकि एक मामले में करीब 90 प्रतिशत रकम रिफंड कराई गई। चोलापुर थाना क्षेत्र में एपीके फ्रॉड के शिकार हुए एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने 1 लाख 95 हजार 132 रुपये की ठगी कर ली थी। पुलिस की तत्परता से पीड़ित को पूरी धनराशि वापस करा दी गई। इसी थाना क्षेत्र में पासपोर्ट अपडेट करने के नाम पर एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये की साइबर ठगी हुई थी। कार्रवाई के बाद पीड़ित को 44 हजार 446 रुपये वापस मिले, जो कुल रकम का लगभग 90 प्रतिशत है। वहीं, साइबर सेल की कार्रवाई में क्रेडिट कार्ड फ्रॉड के मामले में पीड़ित से ठगे गए 1 लाख 20 हजार रुपये की पूरी रकम वापस कराई गई। एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं। संवाद