फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: हर देश के धर्म और सभ्यता का समागम होगी वैदिक सिटी

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। भारत के साथ ही विभिन्न देशों के धर्म और सभ्यता को दर्शाने वाली वैदिक सिटी योजना को बृहस्पतिवार को शासन ने हरी झंडी दे दी। अन्य देशों के मंदिर व धार्मिक स्थलों के स्वरूप इस वैदिक सिटी में मूर्त रूप लेंगे। सारनाथ क्षेत्र में 109 एकड़ जमीन में आवास विकास परिषद की ओर से इसका निर्माण कराया जाएगा। इसमें 110 करोड़ रुपये खर्च होंगे। टाउनशिप के लिए सारनाथ के पास पांच गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। अगले साल मार्च में इसका निर्माण शुरू होगा।
विज्ञापन

टाउनशिप परियोजना में होटल, रिजॉर्ट, आवासीय भवन, काॅमर्शियल भवन, शॉपिंग मॉल, कन्वेंशन सेंटर, योग केंद्र के अलावा विभिन्न देशों के धार्मिक स्थल बनाए जाएंगे। टाउनशिप के लिए सारनाथ के पास पतेरवा, हसनपुर, सिंहपुर, हृदयपुर और भगतपुर गांव की कुल 620 खसरों की जमीन का अधिग्रहण होगा। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। टाउनशिप निर्माण के बाद सारनाथ क्षेत्र के आसपास के क्षेत्रों का विकास और तेजी से होगा।

बदल जाएगा सारनाथ का नजारा
सारनाथ के पास वैदिक सिटी बनने के पहले ही प्रो पूअर योजना के साकार रूप लेने के बाद सारनाथ क्षेत्र का नजारा बदल जाएगा। प्रो पूअर योजना के तहत विकास प्राधिकरण की ओर से बुद्धिस्ट सर्किट का निर्माण कराया जा रहा है। वैदिक सिटी के मूर्त रूप लेने के बाद पूरे क्षेत्र का नजारा अलग ही दिखेगा।
विज्ञापन


जिले में कुल चार टाउनशिप का प्रस्ताव
आवास विकास विभाग की ओर से जिले में कुल चार टाउनशिप का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसमें वर्ल्ड सिटी एस्पो, वरुणा विहार फेज 1 और 2, वैदिक सिटी और काशी द्वार हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट पर काशी द्वार टाउनशिप योजना के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण किया जा रहा है। साथ ही वैदिक सिटी के लिए भी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया अब शुरू होगी। शेष दो परियोजनाओं की स्वीकृति पर अभी विचार किया जा रहा है।

वरुणा विहार के लिए बंधा बनाने पर मंथन
चार टाउनशिप योजना में से एक वरुणा विहार फेज 1 और 2 के निर्माण के लिए बृहस्पतिवार को बैठक में चर्चा हुई। वरुणा नदी के किनारे बनने वाली इस टाउनशिप के लिए बंधा बनाने की जरूरत है कि नहीं और कितना खर्च आएगा, इस पर मंथन हुआ। अभी परियोजना की स्वीकृति में थोड़ा और समय लगेगा।

वर्जन
सारनाथ में आवासीय योजना के प्रस्ताव पर बोर्ड ने सहमति दी है। 109 एकड़ में बसने वाली योजना के लिए जल्द ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। - डाॅ. नीरज शुक्ला, अपर आवास आयुक्त एवं सचिव
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें