वीडीए शहर के 75 पार्कों का सुंदरीकरण कराएगा। पाकों में ओपन जिम और बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के आधुनिक झूले और अन्य खिलौने लगाए जाएंगे। इसके लिए तीन चरणों में कुल 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पहले चरण में 25 पार्कों की सूरत बदली जाएगी। इसके लिए प्रथम चरण में 6.65 करोड़ रुपये की निविदा जारी की गई है। इस परियोजना को नवंबर तक पूरा किया जाना है।
वीडीए की ओर से इन पार्को में प्रकाश, ईंटों का काम, प्लास्टरिंग, पेंटिंग, इंटरलॉकिंग, वागवानी सुधार, बोरिंग, बैठने के लिए बेंच और झूले लगाने समेत कई कार्य कराए जाएंगे। पहले चरण में कचहरी स्थित आंबेडकर पार्क, अशोक नगर व महादेव नगर कॉलोनी स्थित पार्क, सेंट्रल जेल रोड स्थित पार्क, पत्रकारपुरम कॉलोनी, निराला पार्क, ऑफिसर्स कॉलोनी पार्क, होली पार्क, फातमान रोड पार्क समेत कई पार्कों का सुंदरीकरण किया जाएगा। इन पार्कों में बच्चों, युवाओं और दिव्यांगों समेत हर वर्ग के लोगों के लिए कुछ न कुछ सुविधाएं होंगी।
इसे भी पढ़ें; बिजली चोरी: मोहन सराय और विराट नगर कॉलोनी को बनाया हॉट स्पॉट, चेकिंग अभियान में कई क्षेत्रों में कार्रवाई
अधिकारी बोले
75 पार्कों का सुंदरीकरण किया जाएगा। इन पार्कों में दिव्यांग बच्चों के लिए व्हीलचेयर फ्रेंडली गो राउंड और स्पेशल नीड फ्रेंडली सी-सॉ जैसे उपकरण लगाए जाएंगे। युवाओं और वयस्कों के लिए भी कई ओपन जिम मशीन लगाई जाएंगी। इसे नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
-पुलकित गर्ग, वीडीए उपाध्यक्ष