मौजमस्ती के लिए रुपये न मिलने पर वाराणसी के एक युवक ने पहले घर में तोड़फोड़ की और बाद में अपने कमरे में जाकर पिस्टल से दाईं कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग दौड़े और उसे अस्पताल ले गए। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना वाराणसी कैंट थाना क्षेत्र के भक्ति नगर कॉलोनी में रविवार देर रात घटी। भक्ति नगर कॉलोनी निवासी विकास सिंह उर्फ छोटू (28) रविवार रात नशे में धुत होकर घर पहुंचा था।
मौजमस्ती के लिए रुपये न मिलने पर घर में तोड़फोड़ करने के बाद पिस्टल से अपनी दाईं कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर पिता मंगला सिंह सहित परिवार के अन्य लोग भाग कर विकास के कमरे में गए और उसे मलदहिया स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर पहुंची कैंट पुलिस ने अस्पताल से शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने विकास के कमरे से मिली 7.62 बोर की अवैध पिस्टल और खोखा कब्जे में ले लिया है।
पेशे से प्रापर्टी डीलर मंगला सिंह भक्ति नगर कॉलोनी में मकान बनवाकर रहते हैं। मंगला के दो बेटों में बड़े विकास की एक वर्ष पूर्व कपसेठी की प्रीती से शादी हुई थी। कुछ दिनों पहले प्रीती अपने मायके गई थी।