डीरेका चौकी में एसएसपी आरके भारद्वाज
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी एसएसपी आरके भारद्वाज शुक्रवार की आधी रात डीरेका पुलिस चौकी जा धमके। इस दौरान उन्होंने भेलूपुर, लंका और मंडुवाडीह थानाध्यक्ष को तलब कर पुराने आपराधिक मामलों की जानकारी ली। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कप्तान ने एक दरोगा और एक सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया।
एसएसपी ने बताया कि हत्या के एक पुराने मामले का खुलासा न कर पाने और उसके संबंध में संतोषजनक जवाब न दे पाने के कारण चितईपुर चौकी प्रभारी एसआई रामनरेश यादव और कांस्टेबल अखिलेश यादव को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
भेलूपुर सर्किल के तीनों थानाध्यक्षों को ताकीद की गई है कि पुराने आपराधिक मामले जिनका खुलासा न हुआ होए उन पर गंभीरता से ध्यान देकर काम करें।
जिले के जो भी थानेदार आपराधिक वारदातों के खुलासे को लेकर लापरवाही बरतेंगे वह सीधे पुलिस लाइन नजर आएंगे। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी होगी। इसके अलावा आपराधिक वारदातों के खुलासे में क्षेत्राधिकारी कितना दमखम लगा रहे हैं, इसकी भी समीक्षा की जा रही है।