-कार्यक्रम स्थलों की भव्य सजावट के साथ चौराहे भी सजाए जाएंगे
-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया जायजा, आयोजन स्थल पर पेयजल सहित अन्य सुविधाओं पर जोर
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी
दो दिन बाद पंद्रह जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर काशी में उत्सव का माहौल दिखेगा। आईआईटी बीएचयू में जनसभा स्थल से लेकर रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर और एमसीएच विंग में जहां भव्य सजावट की जाएगी वही शहर के चौराहों को भी सजाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर शहर में साफ सफाई का काम भी तेजी से चल रहा है। इधर मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बनारस पहुंचकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया।
आईआईटी बीएचयू खेल मैदान और एमसीएच विंग के साथ ही रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री के आगमन पर शहर को अच्छी तरह से सजाने और साफ सफाई में किसी तरह की कोई कोताही न बरतने का निर्देश अधिकारियों को दिया।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान रूट डायवर्जन, यातायात व्यवस्था को इस तरह से करने का निर्देश दिया है कि किसी भी आमजन को कोई असुविधा ना हो।
----
कोरोना प्रोटोकॉल पर रहेगा विशेष जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन के दौरान होने वाले कार्यक्रमों में कोरोना प्रोटोकॉल का विशेष रूप से पालन किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने सभा स्थल पर 2 गज की दूरी पर कुर्सियां लगाए जाने के साथ ही यहां सैनिटाइजेशन और थर्मल स्क्रीनिंग की भी व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। साथ ही पार्किंग और बारिश से बचाव के साथ ही पेयजल का इंतजाम करने को कहा है।
--
सेना के हेलीकॉप्टर ने की ट्रायल लैंडिंग
प्रधानमंत्री के आगमन से 2 दिन पहले मंगलवार को सेना के हेलीकॉप्टर ने भी बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर बीएचयू हेलीपैड पर ट्रायल लैंडिंग की। इधर कार्यक्रम सभा स्थल सहित अन्य जगहों पर तैयारियां भी अंतिम चरण में है। सुरक्षा के लिहाज से आयोजन स्थलों को एसपीजी ने अपनी निगरानी में ले लिया है। साथ ही यहां पुलिस और पीएसी भी तैनात की गई है।