मुरादाबाद। छजलैट थानाक्षेत्र में सोमवार सुबह डीसीएम की टक्कर से युवक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कांठ थाना क्षेत्र के उमरी चौराहा निवासी राजेश कुमार मजदूरी करता था। वह अपने तहेरे भाई राजकुमार को साथ लेकर छजलैट के तेलीपुरा गांव जा रहा था। मथाना के पास पहुंचा तभी डीसीएम ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में घायल दोनों युवको को आनन फानन में जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने राजेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि राजकुमार का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। राजेश की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।