दुबई से लौटे पति को एयरपोर्ट से लेकर घर जा रही पन्ना देवी की चौबेपुर के चंद्रावती-मोलनापुर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक को बचाने के प्रयास में कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में पति को मामूली चोटें आईं। मृतका के पास मिले 75 हजार रुपये पुलिस ने विधिक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिए।
दुबई से लौटे पति को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर से लेने गई महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। बृहस्पतिवार देर रात चौबेपुर थाना क्षेत्र के चंद्रावती-मोलनापुर के पास सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलट गई। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति को मामूली चोटें आईं।
विज्ञापन
पति को लेकर घर लौट रही थी महिला
मृतका की पहचान पन्ना देवी (43) निवासी तिरछी दुल्लहपुर, जिला गाजीपुर के रूप में हुई। बताया गया कि उनके पति रामजग चौहान दुबई से लौटे थे। पन्ना देवी उन्हें लेने बाबतपुर एयरपोर्ट गई थीं। देर रात दोनों चालक अमिताभ चौहान के साथ कार से घर लौट रहे थे।
चौबेपुर क्षेत्र में चंद्रावती-मोलनापुर के पास अचानक सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गई। हादसे में पन्ना देवी की मौत हो गई, जबकि उनके पति रामजग चौहान को मामूली चोटें आईं।
विज्ञापन
मृतका के पास मिले 75 हजार रुपये
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद तलाशी के दौरान मृतका पन्ना देवी के पास से 75 हजार रुपये मिले थे। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शनिवार को बरामद रकम मृतका के परिजनों को सौंप दी।