मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में अभी किसी तरह का डिप्रेशन ना बनने की वजह से ही मानसून की सक्रियता कम हो गई है। यही कारण है कि तीखी धूप होने के साथ ही उमस लग रही है।
वाराणसी में बारिश के लिए लोगों को अभी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में अभी किसी तरह का डिप्रेशन ना बनने की वजह से ही मानसून की सक्रियता कम हो गई है। यही कारण है कि तीखी धूप होने के साथ ही उमस लग रही है। इधर बुधवार की तरह ही गुरुवार को भी सुबह से ही धूप होने लगी, जिस कारण लोगों को गर्मी झेलनी पड़ी। हवा भी नही चली कि लोगों को राहत मिले।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडे के अनुसार मानसून की द्रोणिका पश्चिमी यूपी की ओर बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन बनने के बाद ही पूर्वांचल में बारिश की संभावना रहती है। फिलहाल जिस तरह का मौसम बना है उससे अगले एक सप्ताह तक लोगों को अच्छी बारिश के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। इधर तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही हैं। गुरुवार की सुबह अधिकतम तापमान एक बार फिर बढ़कर 36.4 पहुंच गया और न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।