वाराणसी। नम हवाओं के बीच जिस तरह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। उससे जून महीने में अब तक हुई बारिश से औसत बारिश का रिकॉर्ड टूट गया है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक जहां जून महीने में औसत 112 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए, वहीं अब तक 338 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश की संभावना है, इस बार 16 जून को मानसून की दस्तक के बाद से लगातार पांच दिन बारिश हुई।
इसके बाद से चार दिन (22 से 26 जून) तक धूप और उमस से लोग बेहाल हो गए। 27 जून को आधी रात तेज हवा के साथ झमाझम बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि औसतन जून में 112 मिलीमीटर बारिश का अनुमान रहता है, जबकि जुलाई महीने में 320 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए। इस बार तो अब तक जून महीने में ही करीब 338 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। बताया कि इसके पहले 2008 में जून महीने सर्वाधिक 345 मिलीमीटर बारिश का रिकॉर्ड है। बताया कि अभी भी वाराणसी समेत पूर्वांचल के अन्य जिलों में दक्षिण पश्चिमी हवाओं का दबाव बना हुआ है इस वजह से अगले तीन-चार दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। बाबतपुर मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में 28 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।