Varanasi Weather Forecast Update Today: वाराणसी में नौतपा का असर खूब दिख रहा है। सुबह से चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल किया है। गर्मी के चलते लोग बीमार हो रहे हैं। अस्पतालों में इमरजेंसी वार्ड फुल हो गए हैं।
काशी में पिछले दो दिन से मौसम में जिस तरह का बदलाव देखने को मिला है, उससे हर कोई बेचैन है। तेज धूप के कारण गर्मी से राहत भी नहीं मिल पा रही है। वहीं शहर के कई इलाकों में बिजली कटौती के चलते लोग गर्मी से बिलबिला रहे हैं।
विज्ञापन
गुरुवार सुबह से ही धूप तीखी होने के साथ ही गर्म हवाएं चल रही हैं। इस वजह से दोपहर एक बजे ही तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। हालांकि मंगलवार, बुधवार की तुलना में तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इस वजह से मामूली राहत मिलने के असर भी देख रहे हैं। गुरुवार को दोपहर एक बजे ही अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि जैसे-जैसे मानसून की तिथि नजदीक आती जाएगी वैसे-वैसे गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। उनका कहना है कि अगले सप्ताह से मौसम में थोड़ा सा बदलाव भी देखने को मिल सकता है।
विज्ञापन
डॉक्टर भी गर्मी से बचाव के लिए लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं। गर्मी के कारण लोगों को उल्टी, बुखार समेत कई दिक्कतें हो रही हैं। ऐसे में अस्पतालों में मरीजों का तांता लगा है।