चिरईगांव के टूड़ी नगर जाल्हुपुर की रामलीला में भरत मिलाप के उपलक्ष्य में बुधवार को श्री कच्चा बाबा अखाड़े में पारंपरिक कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। करीब तीन सौ साल पुरानी इस परंपरा में 40 जोड़ी पहलवानों ने अपने दमखम और दांव-पेंच से दर्शकों को रोमांचित किया। दंगल का शुभारंभ पीठाधीश्वर आनंद देव सरकार ने पहलवानों का हाथ मिलाकर कराया।
दंगल का सबसे रोमांचक मुकाबला काशी के विशाल पहलवान और बलिया के सागर के बीच हुआ। दोनों के बीच निर्धारित दस मिनट तक जोरदार संघर्ष चला, लेकिन कोई भी दूसरे को चित नहीं कर सका। दर्शकों की मांग पर मुकाबले के लिए दो मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। इसके बाद विशाल ने बहरी पट दांव लगाकर सागर को चित कर दिया। जीत के साथ विशाल ने 21 हजार रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया। निर्णायक क्षण में दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवान का उत्साह बढ़ाया।