वाराणसी। डीएवी पीजी कॉलेज में होने वाले शोध कार्योँ का जायजा लेने बुधवार को बीएचयू से आठ सदस्यीय टीम कॉलेज पहुंची। यहां टीम ने प्रयोगशाला के साथ ही पुस्तकालय, कामर्स लैब आदि में होने वाले शोध कार्यों की जानकारी ली। साथ ही शिक्षकों को गुणवत्तायुक्त शोध के बारे में भी बताया।
बीएचयू विज्ञान संकाय के प्रमुख प्रो. मल्लिकार्जुन जोशी के नेतृत्व में निरीक्षण करने पहुंची टीम ने विभिन्न विभागों का दौरा किया। इसके अलावा कुछ विभागों में शोधकार्य शुरू कराने के लिए भी जरूरी बिंदुओं की जानकारी ली। टीम के दौरे के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही कुछ और विभागों में भी शोध कार्य शुरू कराया जाएगा।
समिति का स्वागत प्राचार्य डॉ. सत्यदेव सिंह, मंत्री/ प्रबंधक अजीत कुमार सिंह ने किया। समिति में प्रो. कौशल किशोर मिश्र, पुष्यमित्र आदि शामिल रहे। इस दौरान डॉ. पी.के सेन, डॉ. पारूल जैन, डॉ. मुकेश कुमार सिंह, डॉ. मयंक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
कोरोना काल में बढ़ी पत्रकारिता की चुनौतियां
वाराणसी। डीएवी पीजी कॉलेज में हिंदी पत्रकारिता: संभावनाएं एवं चुनौतियां विषयक आनलाइन व्याख्यान में पत्रकारिता से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की गई। इस दौरान पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष डॉ. मनोज मिश्रा ने कहा कि आरंभिक काल से ही पत्रकारिता चुनौतीपूर्ण रही है लेकिन कोरोना काल में पत्रकारिता के लिए चुनौतियां और बढ़ी है। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. सत्यदेव सिंह, स्वागत समन्वयक डॉ. समीर कुमार पाठक, संचालन प्रताप बहादुर सिंह और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राकेश कुमार राम ने दिया।