वाराणसी। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद मेडिकल, इंजीनियरिंग में दाखिला लेने वाले छात्रों से जुड़ी अच्छी खबर है। उन्हें तैयारी करने में अब परेशानी नहीं होगी और इसके लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। इंजीनियरिंग या मेडिकल में दाखिले का सपना साकार करने में आईएमएस बीएचयू, आईआईटी बीएचयू के छात्र मदद करेंगे। मार्च के पहले सप्ताह से प्रतियोगिताएं कराकर विजेता छात्रों को तैयारी करने में सहायता प्रदान करेंगे।
हर साल छात्र इंजीनियरिंग, मेडिकल कॉलेज में दाखिले के लिए बड़ी संख्या में आवेदन करते हैं। प्रवेश परीक्षाओं में सफलता के लिए कोचिंग संस्थानों का भी सहारा लेते हैं। इसमें उन्हें बड़ी धनराशि भी खर्च करनी पड़ती है। बहुत से छात्र धन के अभाव में तैयारी भी नहीं कर पाते हैं। ऐसे ही जरूरतमंद छात्रों की मदद का बीड़ा आईआईटी बीएचयू और आईएमएस बीएचयू के छात्रों ने उठाया है।
इसके लिए छात्रों ने अपनी एक संस्था बनाकर सरकारी स्कूलों के छात्रों के बीच मेडिकल, इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में पूछे जाने वाले सवालों को हल करने की प्रतियोगिता कराएंगे। आईएमएस बीएचयू के छात्र और संस्थाध्यक्ष डॉ. अनुज उपाध्याय ने बताया कि इसी महीने से नए अभियान की शुरूआत होगी। इसके लिए शिक्षा विभाग की मदद से सरकारी स्कूलों में जाकर छात्रों का चयन कर प्रतियोगिता कराई जाएगी। विजेताओं को अच्छे संस्थान में तैयारी करने में भी मदद की जाएगी।
नौनिहालों को भी पढ़ाते हैं विश्वविद्यालय के छात्र
बीएचयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कई ऐसे छात्र हैं, जो खाली समय में प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को पढ़ाते हैं। इसके लिए छात्रों ने जिले में अलग-अलग स्थानों का चयन किया है। वहां हर रविवार और अवकाश वाले दिनों में छात्र पहुंचकर छोटे-छोटे बच्चों को पढ़ाते हैं। काशी विद्यापीठ के छात्र-छात्रा तो स्कूली छात्रों को कापी, किताब, पेंसिल आदि की भी मदद करते हैं। उनके इस कार्य की खूब सराहना भी हो चुकी है।