वाराणसी। जिले में 10 फरवरी से स्कूलों के खुलने को लेकर पूरी सजगता सतर्कता बरती जा रही है। स्कूलों में कोविड-19 से बचाव को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। अभिभावकों को छात्रों को भेजने के लिए अपनी सहमति देनी होगी। इसके लिए स्कूलों में मंगलवार से अभिभावक और स्कूल प्रबंधन की मीटिंग होगी। इसमें उन्हें सहमति पत्र दिया जाएगा।
शासन की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार स्कूलों में 50 प्रतिशत छात्रों की ही उपस्थिति होगी। कक्षा छह के छात्र-छात्राएं जहां सोमवार व बृहस्पतिवार को स्कूल आएंगे। वहीं कक्षा सात के छात्र मंगलवार व शुक्रवार, कक्षा आठ के छात्रों को बुधवार व शनिवार को स्कूल आना होगा।
00
कोरोना से बचाव के सभी उपाय होंगे
कंपोजिट विद्यालय महमूरगंज की प्रधानाध्यापक प्रीति त्रिवेदी बताती हैं कि स्कूलों का खोलना बहुत जरूरी है। इससे बच्चों का धीरे धीरे स्कूल आकर पढ़ाई करने का रूटीन फिर से बनेगा। बच्चों को स्कूल में उचित दूरी और मास्क के साथ पढ़ाई कराई जाएगी।
000
बच्चों का स्वास्थ्य पहली प्राथमिकता
पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमीनी के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि स्कूल में किसी भी तरह की रिस्क नहीं लिए बिना बेहतर पढ़ाई का माहौल दिया जाएगा। शासन की ओर से जारी 50 प्रतिशत उपस्थिति का पूरा पालन किया जाएगा।
00
बाल सेना करेगी जागरूक
पूर्व माध्यमिक विद्यालय छपरा के प्रधानाध्यापक चंद्रबली पटेल ने बताया कि स्कूल के छात्रों की ओर से गठित बाल सेना का भी सहयोग लिया जाएगा। बाल सेना के सदस्य भी बच्चों को कोरोना बचाव के लिए जागरूक करेंगे।
00
सतर्कता के साथ बच्चे जाएंगे स्कूल
कोरोना काल के बाद स्कूल खुल रहे हैं। ऐसे में मन में थोड़ा डर है, लेकिन पूरी सतर्कता के साथ बच्चों को स्कूल भेजेंगे। बच्चे भी अब कोरोना बचाव के प्रति जागरूक है - मीनू शर्मा, शिवपुर
00
ऑनलाइन क्लास में आंखों पर पड़ रहा बुरा असर -
लंबे समय से स्कूल ना जाने की वजह से बच्चे भी अब घर में परेशान हो रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ ऑनलाइन क्लास की वजह से आंखों पर भी बुरा असर पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल में उचित दूरी और मास्क के साथ पढ़ाई कराने में कोई समस्या नहीं है। - डॉ. केशव मिश्रा, सुंदरपुर
0000
विद्यालयों में चलेंगी सभी कक्षाएं
कोविड प्रोटोकॉल पर विशेष जोर
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं की सभी कक्षाएं मंगलवार से चलाई जाएंगी। यहां कोविड प्रोटोकॉल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अब तक यहां 9 से 12 तक कक्षाएं चलती थी लेकिन 50 प्रतिशत ही संचालन होता था। अब यहां सभी कक्षाएं चलाए जाने का आदेश जारी हो गया है। इसमें जवाहर नवोदय विद्यालय भी पूरी क्षमता के साथ चलाया जाएगा।
सोमवार को प्रधानाचार्यों ने शिक्षकों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि विद्यालयों में सैनिटाइजेशन, हैंडवास, थर्मल स्कैनिंग के साथ ही प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी रहेगी। छात्रावास में रहने वाले यदि कोई विद्यार्थी कोराना से संक्रमित होता है तो इसकी सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी।
00000
परीक्षा केंद्र आपत्तियों के निस्तारण का आज अंतिम दिन
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले में बने केंद्रों पर आई आपत्तियों का निस्तारण कराए जाने में बस मंगलवार तक का मौका है। प्रधानाचार्यों की ओर से आई आपत्तियों पर 9 फरवरी तक निस्तारण कराकर जिला स्तर से रिपोर्ट माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजी जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि 135 संभावित केंद्रों के सापेक्ष 205 से अधिक आपत्तियां आई हैं। इसका निस्तारण कराया जा रहा है।