फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में बृहस्पतिवार को रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे दुकान व मकान में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे आधा दर्जन दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। दुकान के भीतर मौजूद बनवासी मोदनवाल (75 वर्ष) घायल हो गए और कई लोग बाल बाल बच गए। जौनपुर मार्ग पर पिंडरा बाजार में सड़क के किनारे विजय मोदनवाल व दुर्गा मोदनवाल की मिठाई की दुकान है और दुकान के पीछे मकान है। जिसमें परिवार के लोग रहते हैं। उनके बगल में बनवासी मोदनवाल की इलेक्ट्रॉनिक और बर्तन की दुकान है। तीसरी दुकान फखरे आलम की जूता चप्पल की है।
बृहस्पतिवार को ट्रक चालक बालू उतारने के बाद वापस जौनपुर से बनारस की ओर काफी तेज रफ्तार में जा रहा था। अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित दुकानों को टक्कर मारते हुए विजय मोदनवाल के दुकान में घुस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बम के धमाके जैसी आवाज हुई और दो मंजिला मकान का अगला हिस्सा जमीदोज हो गया।
टक्कर के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़ फरार हो गया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फूलपुर थाना प्रभारी सनवर अली ने बताया कि ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। वाहन नंबर के आधार पर मालिक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अभी किसी के तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।