काशी पुराधिपति बाबा विश्वनाथ के दरबार में एक साल में 100 करोड़ का चढ़ावा भक्तों ने चढ़ाया। बाबा के खजाने में आए 100 करोड़ रुपये में से ही भक्तों की सुविधाओं पर 20 करोड़ खर्च किए गए। इसमें धूप से बचाव के साथ ही सुरक्षा, धाम परिसर में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई।
पिछले साल 13 दिसंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों लोकार्पित होने के बाद काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। इधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बाबा के भक्तों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देते हुए कई व्यवस्थाएं शुरू कराईं। श्री काशी विश्वनाथ न्यास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील वर्मा ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ धाम का विस्तार होने के बाद भक्तों के सुगम दर्शन और सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। बताया कि पिनाक, नीलकंठ पवेलियन सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए विश्वनाथ द्वार (गोदौलिया गेट), शक्ति भवन (यूटिलिटी भवन) शौचालय, गंगा दर्शनम (गंगा व्यूइंग गैलरी), ललिता घाट (ललिता पथ) जलसेन पथ (रैंप बिल्डिंग ) केदार भवन, ओंकारेश्वर भवन शुरू हो चुका है। इसके लिए मंदिर न्यास की ओर अब तक 20 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं।