स्कूल खुलने के साथ ही सड़कों पर नाबालिग बाइक चला रहे हैं, जिसकी वजह से दुर्घटनाएं हो रही हैं। अभिभावक बच्चों को स्कूल और कोचिंग जाने के लिए वाहन दे रहे हैं। इस खबर को अमर उजाला ने बुधवार को प्रकाशित किया था। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आया और बृहस्पतिवार से अभियान शुरू हो गया।
पूरे शहर में 60 नाबालिग के 15 लाख रुपये का चालान कटा। साथ ही अभिभावकों को आगे से उन्हें वाहन नहीं देने को कहा गया है। दस्तावेज नहीं होने सहित अन्य कारणों से आठ गाड़ियों को सीज किया गया। मोटर वाहन अधिनियम के तहत नाबालिग का बाइक चलाना गैरकानूनी है।
16 से 18 वर्ष के किशोरों को केवल बिना गियर की दोपहिया वाहन चलाने का लाइसेंस मिलता है। नियम तोड़ने पर अभिभावकों का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी ने बताया कि कोतवाली और दशाश्वमेध में सबसे ज्यादा नाबालिग की पहचान कर चालान किया गया है।
नाबालिग के वाहन चलाने पर कार्रवाई की जा रही है। जिनका चालान किया जा रहा है, उनके अभिभावकों को नोटिस भेजा जाएगा। अभिभावकों को भी समझाया जा रहा कि वह अपने बच्चे को वाहन न दें।
-अंशुमान मिश्रा, एडीसीपी ट्रैफिक वाराणसी