विषाक्त का सेवन करने वाली युवती की इलाज के दौरान मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र निवासी प्रेमी युगल ने सोमवार को एक रेस्टोरेंट में मिलने के बाद विषाक्त का सेवन कर लिया था। दोनों को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। सोमवार देर रात इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। मृतका के पिता ने प्रेमी के खिलाफ फूलपुर थाने में तहरीर दी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंपा दिया। प्रेमी युगल हिंदू और मुस्लिम समुदाय से हैं। कुआर निवासी लकी सोनकर (23) बरही नेवादा निवासी रिया अंसारी के साथ प्रेम प्रसंग था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन तैयार नहीं थे। सोमवार को दोनों बाबतपुर जौनपुर फोरलेन बेलवा के रेस्टोरेंट में मिले। बातचीत के बाद विषाक्त का सेवन कर लिया था। सूचना पर लकी का भाई वहां पहुंचा और दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। रिया बरही नेवादा बाजार में ब्यूटी पार्लर चलाती थी। पिता सब्जी मंडी में आढ़ती हैं। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बड़ागांव में 23 संदिग्धों को पुलिस ने किया चिह्नित
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बसनी, रामपुर गांव में रोहिंग्या और बांग्लादेश के संदिग्ध लोगों के सत्यापन का अभियान तेज कर दिया गया है। मंगलवार को पुलिस ने सड़क किनारे झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले 23 लोगों को चिह्नित किया। थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि विस्तृत विवरण, फोटो, आधार कार्ड और उपलब्ध दस्तावेज के सत्यापन की प्रक्रिया की गई। जांच में पता चला कि सभी विभिन्न राज्यों से आकर ठेला, पटरी और फेरी का काम करते हैं। सुरक्षा कारणों से 23 लोगों को महीने में थाने में हाजिरी देनी होगी। हर महीने 15 और 30 तारीख को थाने आना पड़ेगा। हाजिरी न देने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
दो पक्षों के बीच मारपीट
कोतवाली थाना क्षेत्र के कतुआपुरा इलाके में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। इस मामले में दोनों ओर से एक दूसरे के खिलाफ कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कतुआपुरा निवासी हर्ष जायसवाल ने पुलिस को बताया कि कन्हैया लाल जायसवाल, विवेक जायसवाल और शुभम जायसवाल घर पर आकर मारपीट और गाली-गलौज किए। दूसरी ओर, विवेक जायसवाल ने अपनी तहरीर में कहा कि वह घर पर आराम कर रहे थें, तभी महेंद्र कुमार जायसवाल, हर्ष, हिमांशु, अश्विनी और रामचेल ने घर में घुसकर मारपीट की। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बचाया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस आयुक्त ने नमो घाट का किया निरीक्षण
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार रात नमो घाट पर सुरक्षा और व्यवस्था का निरीक्षण किया। आदमपुर क्षेत्र में नए ओवरब्रिज को लेकर यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात डायवर्जन से संबंधित बिंदुओं की गहन समीक्षा की। अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए कि ट्रैफिक दबाव को देख प्रभावी वैकल्पिक मार्ग योजना, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और विपरीत दिशा में चलने वाले वाहन चालकों पर कठोर कार्रवाई करें। स्पष्ट कहा कि यातायात व्यवस्था और जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं अपराध शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त अपराध सरवणन टी. रहे।
दीवार तोड़कर फ्लैट पर कब्जा करने का आरोप
लंका थाना क्षेत्र के नरिया इलाके में निजी विद्यालय के मालिक के खिलाफ स्कूल की दीवार की तरफ दो फ्लैट पर कब्जा करने के मामले में पीड़ित अनिल कुमार वर्मा की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि स्कूल संचालक ने फ्लैट में कब्जा कर लिया है। पत्नी की ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी। आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर हो गई है। लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
डीजे की आवाज से मौत का आरोप
सत्या फाउंडेशन ने डीजे की आवाज से चौबेपुर थाना क्षेत्र के छितौनी गांव निवासी रामसूरत निषाद (50) की मौत का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। आरोप है कि एक मैरिज लॉन के सामने बरात में डीजे बहुत तेज बज रहा था। एक किलोमीटर लंबा जाम भी लग गया था। जाम में फंसे रामसूरत निषाद को तेज आवाज से घबराहट हुई और कुछ ही मिनटों में उनकी हृदय गति रुक गई। सत्या फाउंडेशन के संस्थापक सचिव चेतन उपाध्याय ने बताया कि वह मंगलवार को मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।
कफ सिरप कांड में सुनवाई टली
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-2 की अदालत में कफ सिरप कांड में फर्म के दस कारोबारियों ने आत्मसमर्पण करने के लिए अपने अधिवक्ता के माध्यम से अर्जी दाखिल की है। इस अर्जी पर मंगलवार को सुनवाई होनी थी लेकिन थाने से आख्या नहीं आने पर अब 10 दिसंबर की तिथि नियत की गई है। सोमवार को अदालत ने थाना कोतवाली से विस्तृत आख्या तलब की थी। अदालत में दस आरोपियों की ओर से उनके अधिवक्ता ने अर्जी दी है। अर्जी में कहा गया कि उक्त अपराध में कारोबारियों को फर्जी एवं मनगढ़ंत तथ्यों के आधार पर अभियुक्त बना दिया गया। पुलिस द्वारा तलाश किया जा रहा और दबिश भी दी जा रही है।
अधिवक्ता पर लाठी-डंडे से हमला, 3 पर प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र के भोजूबीर दूध मंडी के पास सोमवार को दोपहर में अधिवक्ता पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमले में घायल अमौलिया फकीरपुर थाना चोलापुर निवासी आशीष कुमार त्रिपाठी ने जिला अस्पताल में इलाज के बाद मंगलवार को कैंट थाने में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि वह दूध मंडी के सामने खड़े थे। इसी दौरान तीन अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों व रॉड से हमला कर दिया। 600 रुपये भी छीन लिए। लोगों ने बीचबचाव कर किसी तरह से उन्हें बचाया। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सीसी कैमरों की मदद से हमलावरों की शिनाख्त की जा रही है।
घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश, प्राथमिकी दर्ज
चेतगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुरा में युवती से दुष्कर्म की कोशिश समेत अन्य आरोपों में मंगलवार को आरोपी मंजित उर्फ रईस के खिलाफ चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़िता के भाई ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता दिव्यांग हैं। बहन घर में अकेली थी, इस बीच जगतगंज का मंजीत घर में घुस आया और बहन के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर पिटाई और जान से मारने की धमकी दी। फोटो, वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी है। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वाहन चालक ने नगर निगम कर्मचारी को पीटा
चेतगंज थाना क्षेत्र के सेनपुरा में मंगलवार को नगर निगम के कूड़ा ट्रैक्टर चालक दिनेश कुमार यादव की वाहन चालक ने पिटाई कर दी। पीड़ित ने चेतगंज थाने में आरोपी वाहन चालक पीयूष जायसवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित दिनेश ने पुलिस को बताया कि दोपहर 12.30 बजे कूड़ा गिराकर ट्रैक्टर लेकर आ रहा था। कूड़ाघर के पास पीछे से कार से आए पीयूष जायसवाल ने गालीगलौज की और बैट से पिटाई कर दी। जान से मारने की धमकी भी दी। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
किशोरी को अगवा करने का आरोप, बाल अपचारी को पकड़ा
किशोरी को अगवा करने के मामले में वांछित बाल अपचारी को बड़ागांव पुलिस ने पांचों शिवाला के पास से पकड़ा। किशोरी को एक दिन पहले ही मुक्त कराया गया था। बड़ागांव थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित परिजनों ने 7 दिसंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि आरोपी किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया है।
गुमशुदा को 15 दिन में ढूंढा
कैंट थाना क्षेत्र से लापता किशोर को पुलिस ने 15 दिन में खोजकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। कृष्णा यादव ने नाबालिग भाई के 23 नवंबर 2025 से लापता होने की तहरीर 25 नवंबर को कैंट थाने में दी थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर खोजबीन शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र ने बताया कि नौ दिसंबर को गुमशुदा किशोर को खोज लिया गया है।
बाल काटने से मना करने पर नाई के परिवार पर हमला
कैंट थाना क्षेत्र के सिकरौल तैलियाना चौराहे पर बाल काटने से मना करने पर आरोपी ने नाई पर धारदार हथियार से हमला किया। पीड़िता कंचन शर्मा ने बताया कि रविवार रात 10.30 बजे मोबाइल पर बाल कटवाने के लिए कॉल आई थी। उसने सुबह आने को कहा। इस बात पर नाराज होकर आकाश, सोहन और दिलीप समेत चार अज्ञात घर आए और मारपीट करने लगे। बचाव में आए पति पर धारदार हथियार से हमला किया। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि कंचन शर्मा की तहरीर पर तीनों नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। ब्यूरो
मोबाइल पर बातचीत के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, तीन हिरासत में
कपसेठी थाना क्षेत्र के बीरमपुर गांव में मंगलवार सुबह मोबाइल पर बात करने को लेकर शुरू विवाद देखते ही देखते दो गुटों की हिंसक झड़प में बदल गया। लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें दो महिलाओं समेत 6 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन लोगों को हिरासत में लिया। एक पक्ष की युवती मुंबई में पढ़ाई करती है, जबकि दूसरे पक्ष का युवक बंगलूरू में नौकरी करता है और फिलहाल गांव आयाहै। दोनों एक-दूसरे पर बार-बार फोन कर अश्लील बात करने का आरोप लगा रहे थे। आरोप है कि सोमवार को युवती की ओर से युवक के फोन पर मिस कॉल आने के बाद जब युवक ने कॉल बैक किया तो कथित रूप से गालीगलौज की गई। इसके बाद युवक ने कपसेठी थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि मंगलवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और मारपीट शुरू हो गई। कपसेठी थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
बरेका कारखाने में काम के दौरान कर्मचारी की कटी अंगुली
वाराणसी। बनारस रेल कारखाना में मंगलवार को काम करते समय एक कर्मचारी की अंगुली कटकर अलग हो गई। साथियों ने उसे तत्काल केंद्रीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। एलएफएस शॉप में काम करने वाले संतोष राम की क्रेन का मेंटनेंस करते समय ढाई बजे तीन उंगली कट गई। उनका इलाज चल रहा है।
फरार अभियुक्त के घर नोटिस चस्पा
फूलपुर पुलिस कोर्ट के आदेश पर मुकदमे में फरार अलीगढ़ निवासी विपिन कुमार के घर मंगलवार को पहुंची। मुनादी और नोटिस चस्पा की कार्रवाई की गई। निर्धारित अवधि में कोर्ट में उपस्थित न होने पर अभियुक्त के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीएचयू के अटल इंक्यूबेशन सेंटर में चल रहे स्मार्ट इंडिया हैकथॉन 2025 में केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार ने एंबेडेड इंटेलीजेंट माइक्रोस्कोपी सिस्टम की सराहना की। उन्होंने नोडल केंद्र में कई छात्र टीमों के साथ संवाद किया। हैकथॉन में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सहयोग से एक नया प्रोजेक्ट भी प्रस्तुत किया गया। इसके तहत समुद्री सूक्ष्मजीवों की ऑटोमेटिक पहचान की जा सकेगी। केंद्रीय मंत्री और उनकी पूरी टीम कार्यक्रम में ऑनलाइन जुड़ी थी। उन्होंने सभी स्टार्टअप करने वाले युवा उद्यमियों से संवाद भी किया।
केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी गई कि छात्रों ने वैज्ञानिक चुनौती को स्वीकार करते हुए इस समस्या का समाधान किया। बताया कि सूक्ष्म जीवों को पहचानना कठिन होता है। इनके आकार में विविधता और वर्गीकरण में विसंगतियों के कारण पहचानना बेहद मुश्किल भरा टास्क होता है। इस तरह से इस सिस्टम में पांच एडवांस मशीन लर्निंग मॉडल शामिल किए गए हैं जो फोटो के साथ उसका पूरा एरिया, परिमाप और सर्किल मानकों का विश्लेषण करते हैं। इससे सूक्ष्मजीवों की सटीक पहचान और गणना सुनिश्चित होती है।
जल गुणवत्ता का भी करता है विश्लेषण
ये सिस्टम जल गुणवत्ता का भी विश्लेषण करता है। इससे पर्यावरणीय परिस्थितियों और सूक्ष्मजीव विकास का संबंध स्पष्ट होता है। यह नवाचार पारिस्थितिकी और समुद्री जीव विज्ञान के अनुसंधान में बड़ा योगदान देगा। भविष्य में खून के नमूनों के अध्ययन जैसे कई जैविक क्षेत्रों में भी उपयोगी साबित होगा। टीम ने विज्ञान और सांस्कृतिक विरासत के मिलन को भी दिखाया।