चितईपुर थाना क्षेत्र के टिकरी गांव में चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दूध कारोबारी बब्बू यादव के घर में मंगलवार देर रात घुसे चोरों ने परिजनों का ध्यान भटकाने के लिए पहले घर से कुछ दूरी पर रखे उपली (कंडे) के ढेर में आग लगा दी। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोग आग बुझाने के लिए बाहर चले गए। इसी दौरान चोर घर में रखे दो बक्से उठाकर ले गए।
चोर बक्सों को घर से कुछ दूरी पर ले जाकर तोड़ दिए और उनमें रखे करीब 50 हजार रुपये नकद तथा लगभग चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने संदेह के आधार पर टिकरी गांव के दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
टिकरी गांव से करीब 400 मीटर दूर लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव में भी सोमवार रात धर्मेंद्र सिंह के बंद मकान में चोरी की घटना हुई थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टिकरी और आसपास के गांवों में रात्रि गश्त न होने के कारण चोरी की घटनाएं हो रही हैं। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें; भीषण आग से बाजार में हड़कंप: कपड़े की दुकान उठीं लपटें, कई दुकानें चपेट में आईं; मौके पर फायर ब्रिगेड
करंट की चपेट में आने से बीएचयू के छात्र की मौत
चितईपुर थाना क्षेत्र की महामनापुरी कॉलोनी में बुधवार को करंट लगने से बीएचयू आईआईटी में इंटर्नशिप कर रहे 25 वर्षीय छात्र सर्वेश मिश्रा की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के पिता गंगाराम मिश्रा को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, गोंडा निवासी सर्वेश मिश्रा महामनापुरी कॉलोनी में किराये के कमरे में रहकर बीएचयू आईआईटी में इंटर्नशिप कर रहे थे। बुधवार दोपहर वह अपने कमरे से बगल में रहने वाले मित्र देवब्रत तिवारी के कमरे पर गए थे। इसी दौरान कमरे के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। देवब्रत तिवारी उन्हें तत्काल इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इसे भी पढ़ें; Varanasi: बनारस रेलवे स्टेशन पर बनेगा 12 मीटर चौड़ा तीसरा फुटओवरब्रिज, यात्रियों को होगी सहूलियत
मानसिक चिकित्सालय में भर्ती विचाराधीन बंदी की मौत
मानसिक चिकित्सालय में भर्ती विचाराधीन बंदी राहुल निषाद (35) की मंगलवार देर रात मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए कैंट थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, इटावा निवासी राहुल निषाद को उपचार के लिए उन्नाव जेल से वाराणसी स्थित मानसिक चिकित्सालय में स्थानांतरित किया गया था। बताया गया कि घटना की रात उसने नियमित रूप से भोजन और दवा ग्रहण की थी, जिसके बाद वह बैरक में आराम करने चला गया। देर रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसने सीने में तेज दर्द की शिकायत की।
अस्पताल प्रशासन ने तत्काल उसे दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना कैंट थाना पुलिस को देकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।