महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व सदस्यों ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर हुई गड़बड़ी पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में एडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें दूसरे चरण में अनियमितताओं और पक्षपातपूर्ण कार्यप्रणाली का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र (388) में 451 बूथों पर एसआईआर के बाद प्रदेश सरकार के एक मंत्री द्वारा सवाल उठाया जाना भाजपा की कथनी और करनी के बीच अंतर को उजागर करता है। एसआईआर के नाम पर लगातार गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। कहीं पात्र मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, कहीं वास्तविक मतदाताओं को सूची से बाहर किया जा रहा है, तो कहीं प्रक्रिया में पूरी तरह पारदर्शिता का अभाव है।
आरोप लगाया कि मंत्री द्वारा ‘वोट जिहाद’ जैसे शब्दों का प्रयोग कर काशी में हिंदू-मुसलमान करने की कोशिश की गई, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि गंगा-जमुनी तहजीब की जीवंत मिसाल है। कांग्रेसियों ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की है। इस दौरान फसाहत हुसैन बाबू, अशोक सिंह, हसन मेहदी कब्बन, लोकेश सिंह, संतोष चौरसिया आदि लोग मौजूद रहे।
बेवजह लंबित पत्रावलियों को लटकाने पर होगी कार्रवाई
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान नवीनीकरण कार्यों की प्रगति और विभिन्न शाखाओं के लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उन्होंने पुलिस कर्मियों के 24 घंटे कर्तव्य निर्वहन को ध्यान में रखते हुए मेडिकल, टीए, डीए, वेतनवृद्धि, पदोन्नति, पेंशन एवं मृतक आश्रित नियुक्ति से संबंधित प्रकरणों का त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित बाबुओं एवं अधिकारियों को निर्देश दिए। यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी पत्रावली को अनावश्यक रूप से लंबित पाए जाने पर उत्तरदायित्व तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही पुलिस कर्मियों और पेंशनरों को देयकों के भुगतान के लिए कार्यालय के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था करने और मुख्यालय स्तर पर लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति नियमित रूप से प्राप्त करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों की सुव्यवस्थित व्यवस्था और कार्यस्थल की कार्यकुशलता पर विशेष जोर दिया गया। समीक्षा बैठक में अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) प्रमोद कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय अपूर्व पांडेय आदि उपस्थित रहे।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज में रहने वाली ममता भट्ट की शिकायत पर फर्जी दस्तावेज तैयार करके उनकी सास राममूर्ति देवी से मकान बैनामा कराने वाले योगेश सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी व कूटरचित मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़िता का आरोप है कि ससुर विक्रमादित्य रेलवे में नौकरी करते थे और रानीपुर में मकान बनवाए थे। उनके दो पुत्र हैं। विक्रमादित्य के मित्र राजकिशोर सिंह के रिश्तेदार योगेश सिंह को रहने के लिए मकान दिया गया था। विक्रमादित्य और उनकी पत्नी राममूर्ति देवी की मौत के बाद योगेश सिंह ने फर्जी बैनामा का कागजात तैयार करके न्यायालय में बंटवारा का मुकदमा दाखिल कर दिया। आरोपी ने बैनामा के कागजात में राममूर्ति देवी का हस्ताक्षर दिखाया, जबकि राममूर्ति देवी अंगूठा लगाती थीं। अनपढ़ होने के कारण वह अपने पति विक्रमादित्य की मौत के बाद रेलवे से मिलने वाला पेंशन अंगूठा लगाकर प्राप्त करती थीं। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़कर चोरी
चौबेपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत तरयां स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बृहस्पतिवार की रात चोरी हो गई। चोर दरवाजे का ताला तोड़कर इन्वर्टर बैटरी, टीवी के अलावा अन्य सामान ले गए। आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्त्री गीता दूबे ने चौबेपुर थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष इन्द्रेश कुमार ने बताया कि जांच कराई जा रही है।
स्कूल के समय लापता हुई नाबालिग छात्रा, 4 घंटे बाद लौटी
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। लगभग चार घंटे बाद छात्रा रोती हुई स्कूल परिसर में पहुंची, लेकिन वह कुछ भी स्पष्ट नहीं बता सकी। परिजनों ने थाने में तहरीर दी है। सुबह के समय छात्रा स्कूल के लिए निकली थी। करीब 9 बजे विद्यालय प्रबंधन ने परिजनों को संदेश भेजकर सूचना दी कि छात्रा स्कूल में उपस्थित नहीं है। परिजन तत्काल स्कूल पहुंचे और आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला। करीब 11 बजे छात्रा रोती हुई खुद स्कूल पहुंची। परिजनों ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आपराधिक मंशा से छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाया गया था। पीड़ित परिजनों ने चोलापुर थाने में तहरीर देकर जांच कराने की मांग की है। परिजनों ने कहा कि भविष्य में बच्ची के साथ कोई अनहोनी न हो, इसके लिए पुलिस सख्त कदम उठाए। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
कार के टायर चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार
कार के टायर चोरी करने के दो आरोपियों को भेलूपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात पीडीआर मॉल के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अश्विन दुबे उर्फ गोलू (अगस्तकुंडा दशाश्वमेध) और यश यादव (गणेश महल दशाश्वमेध) शामिल हैं। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों ने पिछले दिनों चार कार टायर चोरी किए थे।
चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी निवासी कृष्णा विश्वकर्मा की शिकायत पर उनके और उनके भाई के साथ घर में घुसकर मारपीट करने वाले स्कूटी सवार दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। कृष्णा ने पुलिस को बताया कि 4 फरवरी को वह चितईपुर से करौंदी अपने घर जा रहे थे। इस दौरान नशे में धुत स्कूटी सवार दो युवकों ने कई बार स्कूटी लड़ा दी। कारण पूछने पर झड़प हो गई और थोड़ी देर बाद सभी घर में घुसकर उनके बड़े भाई के साथ मारपीट करने लगे। इंस्पेक्टर राकेश गौतम ने बताया कि जांच जारी है।
जानलेवा हमला करने वाले तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
काशीराम नगर तिरहिया सिकौल तेलियाबाला निवासी सत्यवान राय की शिकायत पर जानलेवा हमला करने वाले तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। सत्यवान ने बताया कि 1 फरवरी की रात 9.50 बजे के करीब भगवानपुर स्थित स्वीट हाउस के पास उन्हें हमला किया गया।
युवक का अंगूठी, गले का लॉकेट और घड़ी लूटने वाले पर प्राथमिकी दर्ज
गुरुधाम चौराहे पर चार जनवरी को आयुष शर्मा की अंगूठी, लॉकेट और घड़ी लूटने के मामले में छोटका और एक अज्ञात के खिलाफ शुक्रवार को भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। बलिया निवासी आयुष ने पुलिस को बताया कि वह खोजवा से साकेतनगर की ओर जा रहे थे। गुरुधाम चौराहे पर पहुंचने पर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका और बातचीत के दौरान लॉकेट, घड़ी और अंगूठी लूटकर भाग निकले। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी से छेड़छाड़ के आरोपी अभिषेक यादव को पुलिस ने बलुआ मार्ग से बृहस्पतिवार की रात गिरफ्तार किया। आरोपी परानापुर का निवासी है। किशोरी का पीछा करने और छेड़छाड़ व धमकी देने के मामले में वह वांछित था। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी प्राथमिकी दर्ज हैं।
राजातालाब थाना क्षेत्र के शहंशाहपुर गांव में अनीता शुक्ला (25) की बृहस्पतिवार की रात फर्श पर फिसलकर गिरने से मौत हो गई। मायके पक्ष ने पोस्टमार्टम कराए जाने के बाबत थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहंशाहपुर निवासी श्याम नारायण शुक्ला ने पुलिस को बताया कि पत्नी अनीता रात में बर्तन धोकर रख रही थी। अचानक फर्श पर गिरने से वह अचेत हो गई। उसे पास के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना उनके मायके पक्ष को दी गई। राजातालाब थानाध्यक्ष दयाराम ने बताया कि मायके पक्ष ने कोई आरोप नहीं लगाया है, उन्होंने केवल शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के लिए तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शादी समारोह में अधिवक्ता पुत्र पर जानलेवा हमला, तीन गिफ्तार
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुदामापुर में बृहस्पतिवार की रात शादी समारोह में अधिवक्ता पुत्र राजर्षि सोनी पर जानलेवा हमले में पुलिस ने शुक्रवार को तीन आरोपियों धीरज, राहुल और ओमकार को शिवपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। शिवपुर थाना क्षेत्र के चुप्पेपुर निवासी दुर्गा प्रसाद ने पुलिस को बताया कि बेटा राजर्षि सोनी अपने मित्र वीर प्रताप सिंह गोल्डी की शादी में सुदामापुर स्थित लॉन में गया था। देर रात बेटे ने फोन किया कि बरात में कुछ युवकों ने उसकी घेरकर बेरहमी से पिटाई की। बेटे को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मारपीट में शामिल ओमकार, धीरज और राहुल को गिरफ्तार किया गया।
किशोर का घर पहुंचा शव, भगतुआ चौराहे पर एक घंटे चक्काजाम
चौबेपुर थाना क्षेत्र के पियरी गांव के पास ट्रैक्टर पलटने से नाबालिग चालक रोहित कुमार (16 वर्ष) की मौत के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर भगतुआ चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने मांग की कि इस मामले की जांच होनी चाहिए। वेटर का काम करने वाले रोहित ने ट्रैक्टर की स्टेयरिंग कैसे पकड़ ली, इसकी जांच होनी चाहिए।
पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। निष्पक्ष जांच किए जाने का आश्वासन मिलने पर दोपहर दो बजे चक्काजाम समाप्त हुआ। शव की अंत्येष्टि बलुआ सरसौल घाट पर की गई। चौबेपुर-बलुआघाट मार्ग स्थित भगतुआ चौराहे पर चक्काजाम से दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। किसी तरह क्षेत्रीय मानिंद लोगों और थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार के आश्वासन पर जाम समाप्त कराया गया। भगतुआ गांव निवासी रोहित सिंह की बृहस्पतिवार को पियरी रोड नहर किनारे ट्रैक्टर पलटने से दबकर मौत हो गई थी।
नाबालिग रोहित सिंह ट्रैक्टर चलाकर पियरी रोड की तरफ बढ़ रहा था। अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह वेटर का काम करता था। किसी पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। अचानक उसे ट्रैक्टर की स्टेयरिंग किसने थमा दी, जबकि उसे सही ढंग से चलाना भी नहीं आता था। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में ट्रैक्टर मालिक से भी पूछताछ की जा रही है। करीब एक घंटे तक चक्काजाम लगा रहा।
मणिकर्णिका घाट पर शुरू हुआ निर्माण कार्य
मणिकर्णिका घाट पर निर्माण कार्य शुक्रवार से शुरू हो गया है। पिछले दिनों यहां पर माता अहिल्याबाई की मूर्ति हटने के विवाद के बाद अब विशेष सावधानी बरती जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि पहले तय किया गया था कि शवों का प्लेटफॉर्म बनने के बाद बाकी अन्य निर्माण कार्य होंगे। यहां पाइलिंग समेत अन्य कार्य के लिए लाई गई मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां पंजीकरण कक्ष, सामुदायिक वेटिंग एरिया, हाल, सामुदायिक शौचालय, रैंप, स्टोर रूम, कोर्ट यार्ड, सर्विस एरिया, अपशिष्ट संग्रह की व्यवस्था, सड़़क आदि निर्माण होंगे।
चीनी मांझे पर पुलिस- प्रशासन मिलकर चलाएगा अभियान
चीनी मांझे के खिलाफ पुलिस और प्रशासन मिलकर अभियान चलाएगा। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अब कार्रवाई के साथ ही जनजागरूकता का सहारा लिया जाएगा। बीते दो महीने में पुलिस ने 11 प्राथमिकी दर्ज की और 11 लोगों को जेल भेजा था। गंभीर रूप से घायल 15 लोगों का बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में इलाज हुआ। इनमें से 4 लोग ऐसे थे जिन्हें 10 से ज्यादा टांके लगे थे। 15 और लोग मांझे की चपेट में आए थे। बृहस्पतिवार को मालवीय पुल पर एक स्वास्थ्यकर्मी महेंद्र पाल इस खूनी धागे की चपेट में आ गए। दूसरी तरफ, जानलेवा मांझा 300 रुपये से 1500 रुपये में ऑनलाइन बिक रहा है। दुकानदार पकड़े जाने के डर से इसे स्टॉक में नहीं रख रहे हैं, लेकिन डिजिटल माध्यम से बुकिंग होने पर इसकी होम डिलीवरी की जा रही है।