कोर्ट के आदेश पर मारपीट मामले में 7 के खिलाफ मुकदमा
चौबेपुरथाना क्षेत्र के मुनारी बाजार में 18 फरवरी की रात फातमान बेगम और परिवार पर हमले और लूटपाट के मामले में कोर्ट के आदेश पर बुधवार को सात लोगों पर थाने में केस दर्ज किया गया। आरोपियों में जितेंद्र सोनकर, संदीप सोनकर, प्रमोद सोनकर, राजेश सोनकर, नाथू सोनकर, टार्जन सोनकर, संदीप सोनकर निवासी रौना कला मुनारी के हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि के दर्ज किया गया है। संवाद
समस्याओं पर हुआ मंथन, समाधान पर जोर
गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब में पूजा संबंधित बैठक बुधवार को हुई। आयोजन में आ रही कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय सहयोग का आश्वासन दिया गया। नगर निगम, बिजली और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जोनल अधिकारी मृत्युंजय मिश्रा, कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह मौजूद रहे।
डेढ़ करोड़ हड़पने के मामले में सीएमडी समेत सात पर केस दर्ज
निवेश के नाम पर धन दोगुना करने का झांसा देकर डेढ़ करोड़ रुपये के हड़पने मामले में एलयूसीसी सोसाइटी के चेयरमैन समेत सात नामजद व अज्ञात पर कोर्ट के आदेश पर शिवपुर थाने में केस दर्ज किया गया। हरहुआ निवासी पीड़ित रविंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि एलयूसीसी सोसाइटी के सीएमडी नवी मुंबई निवासी समीर अग्रवाल, सानिया अग्रवाल, उरई निवासी शबाब हुसैन, संजय मुदगिल,आर के शेट्टी, अभय राय अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि जांच की जा रही है।
बोनस का भुगतान बढ़ाने के लिए बरेका में प्रदर्शन
इंडियन रेलवे इंप्लाइज फेडरेशन की ओर से बुधवार को रेल कर्मियों ने बोनस का भुगतान बढ़ाने के लिए प्रदर्शन किया। बरेका के पश्चिमी गेट पर डीएलडब्ल्यू रेल मजदूर यूनियन के नेतृत्व में प्रदर्शन कर कर्मचारियों ने पीएलबी बोनस की सीलिंग बढ़ाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। अध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि सातवें पे कमीशन की दर से पीएलबी बोनस का भुगतान बढ़ाना चाहिए। संगठन मंत्री सुशील कुमार सिंह ने कहा कि सरकार सातवें वेतन आयोग के अनुसार बोनस का भुगतान नहीं करती है तो इंडियन रेलवे एंपलाइज फेडरेशन के नेतृत्व में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान दीपक कुमार, देवनारायण भट्ट, बीडी दुबे, अखिलेश खरवार, सरोज कुमार सिंह मौजूद रहे।
दहेज हत्या में दोषी पति को दस साल की कैद
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम प्रथम) अवधेश कुमार की अदालत ने दहेज हत्या में दोषी पति करिया उर्फ गरीब सोनकर को 10 साल की कैद और 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। भदोही के औराई थाना क्षेत्र के भगतापुर करिया है। प्रयागराज की रहने वाली नन्हकाई देवी ने रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि पुत्री सितारा देवी की शादी चार साल पहले करिया से हुई थी। शादी के बाद वह पुत्री को लेकर राजातालाब में रहने लगा और मछली का व्यवसाय करने लगा। शादी के बाद से करिया दहेज में एक लाख नगद, मोटर साइकिल व सोने की चेन की मांग को लेकर आए दिन प्रताड़ित करता था। चार अप्रैल 2015 को दामाद ने पुत्री की हत्या कर शव गायब कर दिया है। जब वह अपनी बेटी के ससुराल पहुंची तो पति का कुछ पता नहीं था। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अदालत में विचारण के दौरान सात गवाह पेश किए गए। गवाहों के बयान व साक्ष्यों के अवलोकन के बाद अभियुक्त को सजा सुनाई गई।
वीडीए ने तीन अवैध निर्माण किए सील
वीडीए की ओर से बुधवार को दशाश्वमेध वार्ड में तीन अवैध निर्माण सील किए गए। रामापुरा में मोवीन अहमद, मोहम्मद हाफिज, मोहम्मद मुर्सलीन की ओर से 100 वर्गमीटर में आवासीय निर्माण बिना स्वीकृति मानचित्र के कराया गया, जिसके बाद उसे सील कर दिया गया। हौज कटोरा में शिव सेठ, नरेश सरीन की ओर से 80 वर्गमीटर में व्यवसायिक निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के कराया गया, जिसे सील किया गया। रामकुंड में विनय कुमार सेठ की ओर से 120 वर्गमीटर में आवासीय निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के कराया गया। जिसे सील किया गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर हुई कार्रवाई जोनल अधिकारी सौरभ प्रजापति ने की।