पुश्तैनी मकान की दीवार और खपरैल तोड़ने में आठ पर प्राथमिकी
खजुरी गांव में पुश्तैनी मकान की दीवार और खपरैल तोड़ने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। खजुरी निवासी सत्यनारायण यादव ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पड़ोसियों रविंद्र प्रताप, वंशराज, विजय, अरुण, सचिन, अजय, विपिन और शिवम ने उनके पुश्तैनी मकान की दीवार और खपरैल तोड़ दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि मकान पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पीसीएफ प्लाजा स्थित सांख्यिकी कार्यालय से एसी की दो आउटडोर यूनिट चोरी
छावनी स्थित पीसीएफ प्लाजा भवन में राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय को चोरों ने निशाना बनाया। 22 नवंबर की रात चोर कार्यालय में लगे दो एयर कंडीशनर की आउटडोर यूनिट खोलकर उठा ले गए। अगले दिन सुबह कार्यालय खुलने पर चोरी की जानकारी हुई। सहायक निदेशक की शिकायत पर कैंट थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के उप-क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक निदेशक मनु सिंह के मुताबिक, कार्यालय में लगे दो एसी की आउटडोर यूनिट रात में चोरी कर ली गईं। सुबह कार्यालय पहुंचने पर दोनों यूनिट गायब मिलीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत में कार्यालय के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने और चोरी गई यूनिट बरामद करने की मांग की गई है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
दुकानदार ने भाई और साथियों संग युवक को दौड़ाकर पीटा
वाराणसी। बकाया रुपये मांगने पहुंचे युवक को दुकानदार ने अपने भाई और साथियों के साथ मिलकर पीट दिया। आरोप है कि पहले गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई, फिर सड़क पर दौड़ाकर हमला किया गया। मारपीट में युवक के सिर और हाथ में चोट आई है। रसूलगढ़, पंचक्रोशी निवासी शिवचरन के अनुसार, पहड़िया की नई बस्ती स्थित ईगल इलेक्ट्रिक कंपनी से उसे रुपये लेने थे। बकाया रकम मांगने वह दुकान पर पहुंचा तो मालिक आलोक कुमार सोनी से विवाद हो गया। आरोप है कि आलोक ने अपने भाई व मित्रों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर शिवचरन को सड़क पर दौड़ाकर पीटा। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बंद मकान में लगी आग, आधे घंटे में दमकल ने पाया काबू
नंदेसर के रिहायशी इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक बंद मकान में आग लग गई। मकान से धुआं और लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने 20 मिनट में आग पर काबू पाया। मकान लंबे समय से बंद था और उसमें कूड़ा-कबाड़ भरा हुआ था। घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान के ऊपर से बिजली के तार गुजरते हैं। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि तुरंत आग पर काबू पा लिया गया।
बकाया मांगा तो युवक को पीटा, प्राथमिकी दर्ज
पहड़िया नई बस्ती में बकाया पैसे मांगने पर एक युवक को दुकान मालिक और उसके साथियों ने सड़क पर दौड़ाकर पीटा। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दुकान मालिक समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। सारनाथ थाना क्षेत्र के रसूलगढ़ निवासी शिव चरन ने पुलिस को बताया कि उसका पहड़िया नई बस्ती स्थित ईगल इलेक्ट्रॉनिक कंपनी पर कुछ पैसा बकाया था। अपना पैसा लेने दुकान पर गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद दुकान मालिक आलोक कुमार सोनी ने पैसा देने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आलोक ने जान से मारने की धमकी दी और दौड़ाकर पीटा। इस मारपीट में शिव चरन के सिर, हाथ और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आलोक कुमार सोनी, उसके भाई और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कमरे में बंद कर आधे घंटे तक पीटा, रेलिंग से लटकाकर जान से मारने की धमकी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के भक्ति नगर में दो दोस्तों को चार युवकों ने कमरे में बंद कर पीटा। आरोप है कि चारों आरोपियों ने विशाल पांडेय को कमरे में बंद कर करीब आधे घंटे तक पीटा। इसके बाद उसके मित्र राघवेंद्र पांडेय के साथ भी मारपीट की। आरोपियों ने विशाल को रेलिंग से नीचे लटकाकर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। भक्ति नगर में किराए पर रहने वाले राघवेंद्र पांडेय ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर को वह अपने मित्र विशाल पांडेय के कमरे पर खाना खाने गया था। इसी दौरान बगल के कमरे से तीन-चार युवक पहुंचे और विशाल को जबरन अपने कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया। आरोप है कि वहां करीब 30 मिनट तक उसकी पिटाई की गई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई जारी है।
हाईवे पर सवारी लेकर जा रहा ऑटो पलटा, पांच घायल
चौबेपुर क्षेत्र के शाहपुर गांव के समीप शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे सवारियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार पांच लोग घायल हो गए। इनमें बनकट गांव निवासी नूरजहां (32) और लालजी (38) समेत पांच लोग शामिल हैं।स्थानीय लोगों ने घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया। थाना अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में सभी को मामूली चोटें आई थीं। उपचार के बाद सभी अपने घर चले गए।
घर से टहलने निकली 22 वर्षीय युवती लापता
चौबेपुर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती के लापता होने पर उसके पिता ने लंका थाना क्षेत्र निवासी एक युवक पर उनकी पुत्री को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया और प्राथमिकी दर्ज कराई।
पिता के मुताबिक, 24 नवंबर की सुबह करीब चार बजे उनकी बेटी घर से टहलने के लिए निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आरोप है कि लंका थाना क्षेत्र का रहने वाला एक युवक उसे अपने साथ ले गया है।
पिता ने आरोपी पक्ष की ओर से धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस युवती की तलाश कर रही है। मामले की जांच की जा रही है।