आठ दिवसीय राज्यस्तरीय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब वाराणसी मंडल की टीम ने जीता। बुधवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खिताबी मुकाबला हुआ। इसमें वाराणसी ने आजमगढ़ मंडल की टीम को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से हराकर ट्राॅफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले के पहले हाफ में आजमगढ़ की टीम ने छोटे-छोेटे पास बनाकर खेलना शुरू किया। वहीं, वाराणसी मंडल के खिलाड़ी अपनी रक्षापंक्ति मजबूत करते हुए गोल रोकने के प्रयास में जुटे रहे। मैच के 13वें मिनट में वाराणसी मंडल को सफलता भी मिली जब निर्णायक द्वारा डी बॉक्स में हैंड हो जाने के कारण पेनाल्टी किक दी गई। जिसे खुशी राय ने गोल में तब्दील कर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में आजमगढ़ की टीम ने गोल करने के कई प्रयास किए लेकिन वह वाराणसी टीम की रक्षापंक्ति भेदने में सफल नहीं हो सकी। इस तरह वाराणसी मंडल की टीम ने यह मुकाबला 1-0 से जीतकर ट्राॅफी पर कब्जा जमा लिया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के महासचिव शाहिद और विशिष्ट अतिथि खेल निदेशालय के उपनिदेशक एसएस मिश्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ अयोध्या के अध्यक्ष अमित पाठक, जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष मंजीत सिंह धामी, संरक्षक राजीव श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।