उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन की ओर से चल रहे 15 दिवसीय समर कैंप के अंतिम दिन वाराणसी और बांदा टीम के बीच मैत्री मैच हुआ। बांदा के राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, पर टीम को जीत नहीं दिला सके। वाराणसी की टीम ने बांदा को सात अंकों से पराजित कर ट्राफी पर कब्जा किया।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को आठ जून से चल रहे समर कैंप का समापन हुआ। अंतिम दिन मैत्री मैच में वाराणी व बांदा के खिलाड़ियों के बीच कबड्डी प्रतियोगिता हुई। बांदा टीम से राष्ट्रीय खिलाड़ी अलसिफा और जिया खान ने शानदार प्रदर्शन किया और छह अंक बटोरे।
वहीं वाराणसी की राष्ट्रीय खिलाड़ी मौसम रोशन व सिमरन भी अपनी टीम की जीत के लिए पूरी ताकत झोंकी। मौसम ने सुपर दस लगाकर अपनी टीम को जीत के मुहाने पर पहुंचा दिया। बांदा टीम से खुशबू तथा अलशिफा का खेल सराहनीय रहा, फिर भी टीम को जीत नहीं दिला सकीं। बांदा की टीम को सात अंकों से पराजय का सामना करना पड़ा। विजेता व उप विजेता टीम को ट्राफी व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिला कबड्डी संघ की ओर से राष्ट्रीय खिलाड़ियों को उपहार दिया गया। इसके अलावा समर कैंप शामिल सभी 70 खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया। जिला सचवि कमल सिंह यादव ने कहा कि समर कैंप में खिलाडियों ने जमकर मेहनत की। इस मौके पर चंद्रमौलि भारद्वाज, धनंजय सिंह, टीटू अमित सिंह, बउवा, शिवकुमार गुप्ता, गजराज सिंह, अंकित कुशवाहा, शिव भजन निषाद, नितिन द्विवेदी आदि ने खिलाड़ियों को ट्राफी सौंपी।