उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में अंडर-17 सब जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता पांच से सात जुलाई तक खेली जाएगी। इस दौरान यूपी कुश्ती टीम के कोच कृष्णकांत यादव और रामसजन यादव रहेंगे। कृष्णकांत यादव शहर के नाथूपुर में परिवार के साथ रहते हैं।
यूपी टीम के कोच नियुक्त होने पर जिला कुश्ती संघ ने खुशी का इजहार किया। संघ के संयुक्त सचिव गोरख यादव ने बताया कि कृष्णकांत ने वाराणसी के गया सेठ अखाड़े से कुश्ती की शुरुआत की। वे अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीत चुके हैं। फिलहाल बरेली आर्मी में कुश्ती कोच के पद पर तैनात हैं। कृष्णकांत यूपी के बालक वर्ग कुश्ती टीम जबकि चौबेपुर निवासी रामसजन यादव बालिका टीम के कोच नियुक्त किए गए हैं। रामसजन कानपुर की एक एकेडमी में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देते हैं। गोरख यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के फ्रीस्टाइल में 10, ग्रीको रोमन में 10 और बालिका वर्ग के फ्रीस्टाइल में 10 खिलाड़ी और छह कोच-एक मैनेजर टीम के साथ रवाना होंगे।