कराटे का अभ्यास करते खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
गर्मी में बढ़ा इंडोर खेलों का क्रेज, मार्शल आर्ट में सर्वाधिक खिलाड़ी
ग्रीष्मकालीन छुट्टियों में बच्चों के बीच इंडोर मार्शल आर्ट्स (कराटे, ताइक्वांडो, जूडो) का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। छुट्टियों में सर्वाधिक खिलाड़ी मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण ले रहे हैं। चिलचिलाती धूप और गर्मी से बचने के लिए इंडोर प्रशिक्षण केंद्र सबसे सुरक्षित विकल्प बनकर उभरे हैं। बच्चे कराटे, जूडो और ताइक्वांडो को आत्मरक्षा के तौर पर सीख रहे हैं। इसमें सर्वाधिक खिलाड़ी बालिका वर्ग की हैं।
जिला कराटे संघ के महासचिव दिलीप सैनी ने बताया कि आज के दौर में कराटे खेल के साथ आत्मरक्षा के लिए भी कारगर है। अभिभावक भी बच्चों को इसमें भेज रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीएचयू से लेकर चौबेपुर तक करीब 20 से अधिक एकेडमियां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रही हैं।ताइक्वांडो कोच उमेश केशरी ने बताया कि मार्शल आर्ट्स आत्मरक्षा के साथ पदक भी दिलाते हैं। इसलिए समर कैंप में खिलाड़ी अच्छी संख्या में आ रहे हैं। मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स, लहरतारा; खिलाड़ीयन केंद्र, सारनाथ; वॉरियर्स एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स, भेलूपुर; स्पैरो एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स, वरुणा; आरटी मार्शल आर्ट्स एकेडमी, दुर्गाकुंड; और आरंभ स्पोर्ट्स एंड फिटनेस एकेडमी, सिगरा में मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण दिया जाता है।
वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने बताया कि कुश्ती के प्रशिक्षण केंद्र शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक संचालित हो रहे हैं। वैसे तो इस खेल का अभ्यास वर्षभर होता है, लेकिन गर्मियों की छुट्टियों में युवा शौकिया तौर पर अखाड़ों और स्टेडियम में अभ्यास करने पहुंच रहे हैं।
खेल — खिलाड़ी
कराटे — 5000
कुश्ती — 3500
ताइक्वांडो — 3050
बैडमिंटन — 2700
कबड्डी — 2050
जूडो — 1050
रिंग टेनिस — 300
टेबल टेनिस — 184
जिमनास्टिक्स — 130
वूशु — 120
प्रादेशिक तैराकी के लिए 14 सदस्यीय टीम घोषित
प्रादेशिक सीनियर ओपन तैराकी प्रतियोगिता 30 और 31 मई को लखनऊ में खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता में खेलने के लिए वाराणसी की टीम बृहस्पतिवार को घोषित कर दी गई। वाराणसी तैराकी संघ के सचिव शंभु प्रसाद के मुताबिक बालक और बालिका वर्ग में सात सात खिलाड़ियों का चयन हुआ है। आरएसओ विमला सिंह ने बताया कि चयनित टीम 29 मई को लखनऊ रवाना होगी। जीत के लिए खिलाड़ी लगातार अभ्यास कर रहे हैं।
स्कूली खेलों में जीते लगातार दो स्वर्ण, हॉगकॉग के एथलेटिक्स ट्रैक पर दौड़ेंगे विकास
वाराणसी के राजातलाब, भीमचंडी निवासी विकास कुमार 22वीं एशियन यू-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेेंगे। वह हॉगकॉग में ओपन वर्ग की 1500 मीटर और 3000 मीटर की रेसवॉक स्पर्धा में प्रतिभाग करेंगे। विकास ने 2024 और 2025 लगातार दो साल तक स्कूल गेम्स फेडरेशन की ओर से आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर अपनी बादशहत एथलेटिक्स ट्रैक पर कायम रखी।
जगतपुर इंटर कॉलेज के खेल शिक्षक डॉ. जगतीज सिंह ने बताया कि विकास स्कूली खेलों में हिस्सा लेते थे। वह एथलेटिक्स के अलावा कबड्डी की टीम में भी शामिल थे। स्टेट प्रतियोगिता में फटे जूते के साथ दौड़ने के बाद भी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस पर स्कूल प्रबंधन ने उनका खेल शुल्क भी माफ कर दिया। स्कूल की ओर से उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। उनके पिता ने कर्ज लेकर 11 हजार के स्पाइक्स दिलाए। उन्होंने बताया कि उसने लगातार दो साल तक प्रादेशिक और राष्ट्रीय एथलेटिक की स्पर्धाओं में लगातार पदक जीत अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
स्कूली खेलों की दो स्पर्धाओं में जीता था पदक
साल 2024 स्कूल नेशनल लखनऊ में खेली गई। अंडर-17 के 1500 में स्वर्ण पदक जबकि 3000 मीटर की स्पर्धा में रजत पदक जीता। 2025 में स्कूली खेल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता हरियाणा के भिमानी में खेली गई। इसके 1500 मीटर की स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद अंडर-20 आयुवर्ग एशियाई एथलेटिक्स की क्वालिफाइंग मुकाबले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और अंतर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया। जगतपुर पीजी कॉलेज के प्रबंधक अजय कुमार शर्मा और प्रधानाचार्य विपिन चंद्र राय ने खिलाड़ी को शुभकामना दी।
संत अतुलानंद के 143 रन के सामने 127 पर ऑलआउट हुए इन्फ्लुएंसर
संत अतुलानंद काॅन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर में एक दिवसीय मैत्री क्रिकेट काशी इंफ्लुएंसर और संत अतुलानंद स्पोर्ट्स एकेडमी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में संत अतुलानंद स्पोर्ट्स एकेडमी की टीम ने 16 रन से जीत हासिल की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी संत अतुलानंद स्पोर्ट्स अकादमी की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 143 रन बनाए। जवाब में काशी इन्फ्लुएंसर्स की टीम 127 रन पर ऑलआउट हो गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संत अतुलानंद रचना परिषद के सचिव राहुल सिंह ने फीता काटकर किया। संत अतुलानंद स्पोर्ट्स एकेडमी के अमन सिंह को बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार मिला। मैन ऑफ द सीरीज विजेता टीम के धीरज रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक कुंवर पूर्णेंदु सिंह, हिमांशु मिश्रा, प्रिंस सिंह, अनुज सिंह, विराट सिंह, यथार्थ सिंह, सूर्यांशु शुक्ला, आकर्ष मिश्रा, निखिल सिंह मौजूद रहे।
हैंडबॉल : यूथ क्लब ने वाराणसी क्लब को 32-31 से हराया
राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रीति यादव और सुरम्या पाठक के 10-10 गोल की बदौलत यूथ क्लब ने बुधवार को रानी लक्ष्मीबाई बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी क्लब को 32-31 गोल से हरा दिया। परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों ने शुरू से तेज खेल दिखाया।
हाफटाइम तक दोनों टीमों का स्कोर 20-20 रहा। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने अपनी अपनी रणनीति में बदलाव किया। वाराणसी क्लब की तरफ से रितिका पटेल और वांशिक प्रजापति ने आक्रमण किया तो यूथ क्लब की तरफ से स्नेहा चौहान और पायल यादव ने शानदार काउंटर अटैक किया। मैच समाप्त होने से एक मिनट पहले सुरम्या पाठक ने जंप शॉट के जरिये गोल कर अपनी टीम को एक गोल से जीत दिला दी। यूथ क्लब की ओर से प्रीति यादव और सुरम्या पाठक ने 10-10, प्रीति पटेल और स्नेहा चौहान ने छह-छह गोल किए। वाराणसी क्लब की तरफ से रितिका पटेल ने 10, अनीशा सिंह ने आठ, वंशिका प्रजापति ने सात और पायल यादव ने छह गोल किए।
जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ने खेल मंत्री और श्रम मंत्री से की मुलाकात
जनपद में खिलाड़ियों को कई और सुविधाएं मिलेंगी। जिस खेल के कोच नहीं हैं उनकी नियुक्तियां होंगी ताकि खेल प्रभावित न हो। उक्त बातें उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष की डॉ. एके सिंह मांग पर कही। बृहस्पतिवार को लखनऊ में प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर के निवास पर जिला ओलंपिक संघ वाराणसी के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने खेल मंत्री से मुलाकात की। उन्होंने खेल मंत्री से वाराणसी में खेल सुविधाओं को बढ़ाने की मांग की। इस पर खेल मंत्री ने वाराणसी को पूर्वांचल का खेल हब बनाने की बात कही। शिवपुर विधान सभा क्षेत्र के लालपुर स्टेडियम में हॉकी, फुटबॉल और एथलेटिक्स बालक के छात्रावास भी है। यहां काफी दिनों से बालिका हॉकी और एथलेटिक्स छात्रावास की मांग की जा रही है। यहां पर हॉकी का आधुनिक एस्ट्रो टर्फ मैदान और एथलेटिक्स का सिंथेटिक ट्रैक है। खेल सुविधाएं बढ़ाने पर जल्द से जल्द काम किया जाएगा।