वाराणसी। ओएनजीसी के अधिकारी के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर गुरुधाम कॉलोनी की लेन नंबर दो को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। सोमवार को लोग अपने घरों में कैद नजर आए और सन्नाटा पसरा रहा। इसके साथ ही आसपास की दुकानें भी बंद रहीं। ओएनजीसी के अधिकारी की कोरोना जांच रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई थी। इसके बाद गुरुधाम कॉलोनी की लेन नंबर दो के रास्ते पर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। गुरुधाम कॉलोनी के प्रत्यूश ने कहा कि हमें और ज्यादा सतर्कता बरतनी होगी। खुद को संक्रमण से बचाते हुए अपना काम भी करना है। सीमा सिंह ने कहा कि हमें इसी हाल में आगे बढ़ना है। हमारी सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है। लोग सोशल डिस्टेंसिंग के साथ रहें और घर से बाहर निकलना हो तो मास्क पहन कर ही निकलें। मौके पर तैनात पुलिसकर्मी केदार ने बताया कि कालोनी के लोग सहयोग कर रहे हैं और खुद के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अपने घरों के भीतर ही हैं।