रक्षाबंधन पर्व पर इस बार भी बहनों के लिए उत्तरप्रदेश परिवहन निगम स्पेशल बसें चलाएगा। हालांकि इस बार कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए एहतियात भी बरती जाएगी। बसों में जितनी सीटें होंगी, उतनी ही सवारियां बैठाई जाएंगी। पिछले साल रोडवेज वाराणसी परिक्षेत्र में 150 से अधिक स्पेशल बसें चलाई गई थीं।
रक्षाबंधन के दिन बहनों को कुछ वर्षों से मुफ्त में सफर कराया जाता है। इस बार भी वाराणसी परिक्षेत्र में स्पेशल बसों को चलाने की तैयारियां की जा रही हैं। हालांकि पिछले साल की तुलना में इस बार बसों की संख्या कम होगी।
वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक एसके राय ने बताया कि रक्षाबंधन पर विभिन्न रूटों पर स्पेशल बसों को चलाने की तैयारियां की जा रही हैं। कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराते हुए ही बसों का संचालन कराया जाएगा। एक सप्ताह पूर्व स्पेशल बसें चलेंगी। रक्षाबंधन के दिन बसों में बहनों के मुफ्त सफर को लेकर अभी तक ऐसी कोई गाइडलाइंस नहीं आई है।
परिक्षेत्र में पिछले साल 50 हजार से अधिक बहनों को मुफ्त यात्रा कराई गई थी। इस साल क्या व्यवस्था रहती है, यह मुख्यालय से आदेश आने के बाद ही मालूम चल सकेगा।