धर्म ध्वजा धारक की उपाधि से सम्मानित
संस्कृति संसद में श्रीकाशी विद्वत परिषद ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को धर्म ध्वजा धारक की उपाधि से सम्मानित किया। शिंदे ने इसे पूरे महाराष्ट्र की जनता का सम्मान बताया। दक्षिण भारत के संतों ने उन्हें सेंगोल भेंट किया। उन्होंने संतों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के बाद बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन-पूजन भी किया।
युवाओं को सही दिशा मिले तो 2047 से पहले विकसित भारत का लक्ष्य : सुनील बंसल
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्हें सही दिशा और संस्कार देने की जरूरत है। युवाओं को सनातन संस्कृति और संस्कारों से जोड़कर विकसित भारत का लक्ष्य 2047 से पहले भी हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी में देशभक्ति और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव है। बदलते पारिवारिक परिवेश में बच्चों को संस्कार देने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। युवाओं की सोच और दिशा ही देश का भविष्य तय करेगी।
बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि युवाओं को संस्कृति और अध्यात्म से जोड़ना जरूरी है। इसके लिए उन्हें संगीत, कला और साहित्य के माध्यम से देश की प्राचीन शिक्षा परंपरा से परिचित कराना होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं से संवाद कम हुआ है। इसे बढ़ाकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित किया जा सकता है।
दो हजार वर्षों में करोड़ों हिंदुओं का नरसंहार हुआ : चंपत राय
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि पिछले दो हजार वर्षों में करोड़ों की संख्या में हिंदुओं का नरसंहार हुआ, लेकिन समाज ने उसका प्रतिकार भी किया। उन्होंने कहा कि भारत पहले विश्वगुरु हुआ करता था और पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करता था। आज विदेशी शक्तियां भारतीय युवाओं को अपने हिसाब से चलाने का प्रयास कर रही हैं। ऐसे समय में समाज का मनोबल बनाए रखने की जिम्मेदारी संत समाज की है। संतों को युवाओं का मनोबल बढ़ाना चाहिए।
विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक पहचान पर सवाल उठाने वाली सोच समाज को बांटने का काम करती है। भारत की एकता केवल राजनीतिक सीमाओं से नहीं, बल्कि नदियों, तीर्थस्थलों, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से बनी है।
उन्होंने राम-रावण और महिषासुर-दुर्गा से जुड़ी कथाओं को जातीय और सामाजिक विभाजन के नजरिए से पेश करने वाली व्याख्याओं पर भी सवाल उठाए। चेन्नई की एक अनुसूचित जाति बस्ती का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि संतों के वहां पहुंचने और स्थानीय लोगों के घरों में भोजन करने से सामाजिक दूरी कम करने में मदद मिली।
दंगाइयों को दंडित करने की बात पर याद आते हैं योगी : एनके सूद
रॉ के पूर्व निदेशक एनके सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान और चीन के षड्यंत्रों का मुकाबला किया और भारत को दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा किया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सुरक्षा चक्र बनाने की जरूरत है।
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को जवाब दिया गया। देश के खिलाफ गतिविधियों में शामिल लोगों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग देश की स्थिति खराब करने और उसे तोड़ने की बात कर रहे हैं।
एनके सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान को जवाब दे रहे हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी दंगाइयों को दंडित करने की बात आती है तो योगी आदित्यनाथ का नाम याद आता है।