बीएचयू से लापता छात्र के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर ज्ञापन देने जा रहे छात्रों को पुलिस ने रोका। इस दौरान उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई। उधर कुछ देर बाद पहुंचे एसडीएम ने किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया और ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर छात्र माने।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सेंट्रल आफिस में कमेटी कक्ष में अधिकारियों के साथ कोविड कन्ट्रोल की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उधर गेट के बाहर पांच-छह छात्र ज्ञापन देने पहुंचे। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में बताया कि बीएचयू में बीएससी सेकंड ईयर के छात्र शिव कुमार द्विवेदी को 13 फरवरी 2020 से एमफी थिएटर ग्राउंड के पास से यूपी पुलिस की डायल 112 की गाड़ी में बैठाकर लंका ले जाया गया और उसके बाद से छात्र पुलिस अभिरक्षा से ही लापता है।
उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। छात्रो ने मुख्यमंत्री से यथाशीघ्र परिजनों को छात्र की सुपुर्दगी कराने के साथ ही दोषियों पर कार्यवाही की गई मांग की है। उधर छात्रों से ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम ने भी ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक पहुँचवाकर कार्यवाही का आश्वासन दिया।