चौबेपुर क्षेत्र के संदहा गांव में संचालित अवैध गिट्टी और बालू मंडी के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई के बाद चौबेपुर पुलिस ने 17 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें संतोष कुमार, शीतला कुमार, रविश सिंह, मनीष सिंह, बंटी सिंह, कपिलदेव सिंह, प्रशांत सिंह, बिजेंद्र सिंह समेत अन्य शामिल हैं।
खान अधिकारी अनुज कुमार द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मंडी संचालकों और उनके सहयोगियों द्वारा अवैध ओवरलोड वाहनों को संरक्षण दिया जाता था। वाहन चेकिंग एवं चालान की कार्रवाई में बाधा पहुंचाने के साथ-साथ अधिकारियों की गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी जुटाकर ओवरलोड वाहनों को सुरक्षित निकालने में मदद की जाती थी।
27 मई 2026 को जिलास्तरीय टास्क फोर्स ने जॉइंट मजिस्ट्रेट (सदर), एसीपी सारनाथ, खान अधिकारी एवं खान निरीक्षक की टीम के साथ ग्राम संदहा स्थित अवैध गिट्टी-बालू मंडी पर छापेमारी की थी। इस दौरान कई ट्रक और ट्रैक्टर सीज कर चौबेपुर थाने की सुपुर्दगी में दिए गए थे। छापेमारी के बाद क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया कि अवैध मंडी गांव की विभिन्न गाटा संख्याओं की भूमि पर संचालित की जा रही थी। आरोप है कि संबंधित भू-स्वामियों एवं उनके सहयोगियों द्वारा बिना वैधानिक अनुमति के गिट्टी और बालू का भंडारण तथा कारोबार किया जा रहा था।
इसे भी पढ़ें; भीषण आग से बाजार में हड़कंप: कपड़े की दुकान उठीं लपटें, कई दुकानें चपेट में आईं; मौके पर फायर ब्रिगेड
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि सरकारी कार्य में हस्तक्षेप किया जाता था तथा अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी जैसी घटनाएं भी हुईं। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि खान अधिकारी की तहरीर के आधार पर 17 लोगों के खिलाफ विभिन्न सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना की जा रही है।