वाराणसी के ककरमत्ता स्थित आरओबी के नीचे शराब के ठेके के सामने बुधवार को यूपी 100 की पीआरवी को खड़ा कर दो सिपाहियों ने जमकर हंगामा किया। पीआरवी के बीच सड़क होने के कारण जाम लगा तो दोनों थोड़ा आगे बढ़े और ठेके के सेल्समैन को बुलाया।
मोबाइल पर उसकी बात कराकर अपनी मनचाही ब्रांड की शराब लेने के बाद आगे बढ़ गए। इस दौरान जाम के कारण परेशान हो रहे लोगों और इलाकाई दुकानदारों ने सिपाहियों को जमकर खरीखोटी सुनाई लेकिन उन पर कोई असर नहीं पड़ा।
यूपी 100 की पीआरवी यूपी 32 जीडी 0614 में मौजूद पुलिसकर्मी ककरमत्ता आरओबी के नीचे स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने पहुंचे। ठेके के सामने ही पीआरवी खड़ा कर सिपाहियों ने सेल्समैन से ब्रांडेड शराब मांगी।
सरेराह पीआरवी के खड़े होने के कारण जाम लगा तो कुछ लोग मोबाइल से सिपाहियों और सेल्समैन की फोटो खींचने लगे। सेल्समैन शराब देने से आनाकानी कर रहा था।
वहीं, मोबाइल से फोटो खींचते देख सिपाहियों ने कहा कि पीआरवी खराब हो गई है और धक्का देने लगे। इसके बाद फिर सेल्समैन को बुलाए और शराब की बोतल लेकर ही आगे बढ़े।