रेलवे की ग्रुप डी भर्ती परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने बनारस आए सात मुन्ना भाई गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेजे गए। आरोपियों की शिनाख्त बिहार के औरंगाबाद के संयोग कुमार, नेवादा के निरंजन कुमार यादव व अमरकांत यादव, पटना के राजेश कुमार व रोहित राज और नालंदा के पप्पू कुमार व रितिक राज के तौर पर हुई।
पुलिस के अनुसार पप्पू कुमार कोलकाता में एक्साइज विभाग में इंस्पेक्टर है। पप्पू के पास से कोलकाता से वाराणसी का एयर टिकट बरामद हुआ है। मंडुवाडीह थाना अंतर्गत चितईपुर स्थित श्री सिद्धेश्वर शिव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन सेंटर में रेलवे की ग्रुप डी भर्ती परीक्षा आयोजित थी।
मंगलवार को सेंटर संचालक ओम नारायण दुबे और नवनीत सिंह कौशिक ने अभ्यर्थियों के फोटो और हस्ताक्षर मिलान के दौरान सात ऐसे आरोपियों को चिह्नित किया जो दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे।
संचालक की सूचना पर थानाध्यक्ष मंडुवाडीह संजय त्रिपाठी सेंटर पर पहुंचे और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिए। सातों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।