फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की खबरें: बिजली के लिए धरने पर बैठे ग्रामीणों को पीटा, वाहन तोड़े; हादसों में तीन लोगों की मौत

Mon, 28 Sep 2026 08:55 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में बिजली की मांग को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीणों के साथ मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ का मामला सामने आया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। उधर, जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। घटनाओं के बाद संबंधित थानों की पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मोहनसराय से लहरतारा की ओर जा रही तेज रफ्तार मैजिक ने साइकिल सवार सिक्योरिटी गार्ड बृजेश शुक्ला को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक मैजिक लेकर भाग निकला। लक्षीरामपुर जमुआ, मिर्जापुर निवासी बृजेश शुक्ला जगतपुर में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। रविवार को वह साइकिल से घर से ड्यूटी के लिए जगतपुर जा रहे थे।

विज्ञापन


मोहनसराय के पास पीछे से आए मैजिक ने उन्हें रौंद दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक के भाई प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि बृजेश तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मैजिक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

बौलिया तिराहे के पास मिला शव
मंडुवाडीह क्षेत्र में बौलिया तिराहे से गेट नंबर-4 की ओर जाने वाले मार्ग पर रविवार सुबह एक मार्ट के बाहर बिहार निवासी नूर हसन का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब सात बजे मार्ट के बाहर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसके पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान नूर हसन अंसारी पुत्र सलामत अंसारी, निवासी भलुहार दरबार, औरंगाबाद, बिहार के रूप में हुई। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि शव को मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। 

विज्ञापन

ट्रेन की चपेट में आने से जान गई
बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 पर रविवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक ने काली टी-शर्ट और नीले रंग की लुंगी पहन रखी थी। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और शिनाख्त कराने के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि जांच की जा रही है।

बाइक आपस में टकराईं, युवक गंभीर
चौबेपुर के छितमपुर-धौरहरा मार्ग स्थित परानापुर चौराहे पर रविवार रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में गरथौली निवासी मोहित गिरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य लोगों को भी चोटें आईं। गंभीर हालत में मोहित को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे नाली निर्माण का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। निर्माण के बाद मिट्टी और गिट्टी सड़क पर ही छोड़ दी गई, जिससे मार्ग संकरा हो गया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी ली गई। 

कोर्ट की सख्ती का असर, 15 दिन में 30 वारंटी गिरफ्तार
न्यायालय की सख्ती के बाद पुलिस ने लंबे समय से लंबित वारंटों पर कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले 15 दिनों में पुलिस ने छह महीने से फरार चल रहे 30 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कई ऐसे वारंटी भी हैं, जो पुलिस से बचने के लिए दूसरे शहरों में ठिकाना बनाकर रह रहे थे। 

पुलिस ने दबिश देकर उन्हें वहां से गिरफ्तार किया। न्यायालयों में लंबित वारंटों के निस्तारण को लेकर पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पुलिस ने पुराने वारंटों की सूची तैयार कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। सबसे ज्यादा बड़ागांव, मिर्जामुराद, सिंधौरा और लालपुर के वारंटी गिरफ्तार किए गए। 

मेघना हॉस्पिटल के पीछे रवि फैन में लगी भीषण आग, मची अफरातफरी
वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में मड़ौली तिराहा के पास मेघना हॉस्पिटल के पीछे स्थित रवि फैन में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठने से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

प्राथमिकी वापस लेने की धमकी, 30 लाख रुपये मांगे
हुकुलगंज निवासी महिला चिकित्सक ने एक युवती पर अपने चिकित्सक पति को फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देने और प्राथमिकी वापस लेने के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगाया है। महिला चिकित्सक की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।

शिकायत के अनुसार, महिला चिकित्सक मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में कार्यरत हैं, जबकि उनके पति हुकुलगंज स्थित निजी अस्पताल में चिकित्सक हैं। आरोप है कि करीब तीन वर्ष पहले अस्पताल में स्टाफ नर्स के तौर पर काम करने वाली चांदनी का स्टाफ से विवाद हुआ था। महिला चिकित्सक के पति ने स्टाफकर्मी सुमित की मौजूदगी में चांदनी से पूछताछ की थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई हुई। घटना की सीसीटीवी फुटेज होने का भी दावा किया गया है।

महिला का आरोप है कि घटना के बाद चांदनी ने उनके पति को फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दी और 112 पर सूचना दी। इसके बाद 26 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराई गई। आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद चांदनी उसे वापस लेने के बदले रुपये मांगने लगी। 31 जुलाई को चांदनी ने फोन कर महिला को कचहरी बुलाया और 20 लाख रुपये मांगे। 

महिला ने बातचीत की वीडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराने का दावा किया है। आरोप है कि 22 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे महिला अर्दली बाजार में केक लेने गई थीं। वहां चांदनी पहुंची और 20 लाख के बजाय 30 लाख रुपये की मांग की। कैंट थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

तीन दिन से बिजली ठप, धरने पर बैठे ग्रामीणों को पीटा, वाहन तोड़े
तीन दिन से विद्युतापूर्ति ठप होने से नाराज ग्रामीण रविवार रात गजोखर विद्युत उपकेंद्र पर धरना देने पहुंचे। करीब आधे घंटे तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों ने अन्य फीडरों की बिजली भी बंद करा दी। इससे नाराज गजोखर गांव के ग्रामीणों ने धरना दे रहे लोगों के साथ मारपीट की और उनके वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। घटना से उपकेंद्र परिसर में तनाव फैल गया। सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने स्थिति को शांत कराया।

तीन दिन से बारिश और आंधी के कारण हिरामनपुर फीडर से जुड़े गांवों में बिजली  बाधित है। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे ग्रामीण उपकेंद्र पहुंचकर धरने पर बैठ गए। करीब आधे घंटे तक कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो अन्य फीडरों की आपूर्ति भी बंद करा दी। आरोप है कि इसके बाद करीब एक दर्जन लोग लाठी-डंडे लेकर उपकेंद्र पहुंचे और धरने पर बैठे ग्रामीणों से मारपीट शुरू कर दी। 

घटना में नाथपुर निवासी तरुण त्रिपाठी और रवि मौर्य तथा शाहपुर निवासी राजकुमार और सुरेंद्र वनवासी को सिर, हाथ-पैर में चोटें आईं। तरुण त्रिपाठी की स्कॉर्पियो और करीब आधा दर्जन बाइक क्षतिग्रस्त होने की बात कही गई है। एसडीओ गजोखर अमित सिंह ने बताया कि टूटे खंभे की जगह नया खंभा शाम को लगा दिया गया था। सुबह तक विद्युतापूर्ति बहाल होने की बात कही। वहीं, फूलपुर इंस्पेक्टर अजयराज वर्मा ने बताया कि स्थिति अब शांत है।

फर्जी जीएसटी फर्म से टैक्स चोरी मामले में पंजाब से दो आरोपी गिरफ्तार
फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर टैक्स चोरी और धोखाधड़ी करने के आरोपी प्रवीन पाल और उमाशंकर दास को सारनाथ पुलिस ने शनिवार की रात पंजाब से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर गलत पहचान का उपयोग कर फर्जी एंट्री के जरिये इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने का भी आरोप है। सारनाथ पुलिस टीम ने लुधियाना से गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाई है।

सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पंजाब के लुधियाना डाबा थाना क्षेत्र के लोहारा प्रेमनगर निवासी हैं। जीएसटी विभाग के उप-आयुक्त अरुणेंद्र प्रसाद ने 8 अप्रैल को सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। यह प्राथमिकी फर्जी जीएसटी फर्म और नकली दस्तावेज के इस्तेमाल के संबंध में थी। उप-निरीक्षक अजय कुमार की जांच में प्रवीन पाल और उमाशंकर दास की संलिप्तता सामने आई। वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के बाद सारनाथ पुलिस टीम लुधियाना पहुंची। स्थानीय डाबा पुलिस की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को 25 सितंबर को लुधियाना के न्यायालय में पेश किया गया। 

24 घंटे में 1.2 मीटर बढ़ा गंगा का जलस्तर
गंगा के जलस्तर में एक बार फिर तेजी से बढ़ोतरी शुरू हो गई है। पिछले 24 घंटे में जलस्तर करीब 1.2 मीटर बढ़ने से घाटों पर पानी तेजी से ऊपर की ओर पहुंच रहा है। केंद्रीय जल आयोग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक सप्ताह तक गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी होगी।

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार शनिवार से गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी शुरू हुई। 24 घंटे के भीतर जलस्तर में 1.2 मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार को जलस्तर 65.32 मीटर था, जो रविवार को बढ़कर 66.52 मीटर पहुंच गया। बढ़ोतरी की रफ्तार बढ़ने से घाटों की सीढ़ियां लगातार डूब रही हैं। आयोग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले सात दिनों में गंगा का जलस्तर करीब 3.96 मीटर तक बढ़ सकता है। ऐसे में जलस्तर बढ़ने की रफ्तार आने वाले दिनों में भी प्रशासन और तटवर्ती क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण रहेगी।

बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल फोन छीना
मिर्जामुराद के खजुरी ओवरब्रिज के आगे इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप रविवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से आकर बाइक सवार युवक की जेब से मोबाइल छीन लिया। नयापुर निवासी पारसनाथ विश्वकर्मा अपने पिता को बाइक पर बैठाकर वाराणसी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की स्पोर्ट बाइक से पहुंचे बदमाश मोबाइल छीनकर मिर्जामुराद की ओर भाग निकले। पारसनाथ ने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन उन्हें पकड़ नहीं सके। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

युवती से लूट के मामले में आरोपी गिरफ्तार
युवती से हुई लूट मामले में आरोपी आशुतोष कुमार विश्वकर्मा को जंसा पुलिस ने रविवार को चौखंडी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से लूटे गए दो हजार रुपये नकद, आधार कार्ड और घटना में उपयोग बाइक बरामद की गई है। जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कपसेठी थाना क्षेत्र कुरु कालिकाधाम का निवासी है। शनिवार को जनसेवा केंद्र से तीन हजार रुपये निकालकर साइकिल से घर जा रही युवती से बाइक सवार दो युवकों ने मोबाइल फोन और नकद रुपये लूट लिए थे। युवती की प्राथमिकी पर जंसा पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संभावित स्थानों पर दबिश दी। आशुतोष कुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया। 

अपहरण मामले में आरोपी छह साल बाद गिरफ्तार
राजातालाब पुलिस ने अपहरण मामले में वांछित काजू राजभर को देऊरा गांव से रविवार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी राजातालाब के नई बस्ती देऊरा गांव का निवासी है। राजातालाब थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि 2020 में आरोपी के खिलाफ पीड़िता को शादी का झांसा देकर अगवा करने मामले में प्राथमिकी दर्ज किया गया था। 

दो लोगों को रौंदने वाला ट्रक चालक पकड़ा गया
लोहता के स्टेशन रोड के पास शनिवार को दो लोगों को रौंदने वाले ट्रक और उसके चालक अंकित पाल को पुलिस ने रविवार को केराकतपुर गांव से पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार चालक अंकित पाल हरदोई जिले के एकहरा गांव का निवासी है। ट्रक कुरियर की पार्सल गाड़ी थी। हादसे में फल विक्रेता छेदी बारी (65) निवासी भट्ठी और लोहता की बड़ी मस्जिद निवासी राशिद जमाल (20) की मौत हो गई थी। थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने बताया कि आरोपी चालक अंकित पाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

साइबर अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने पर जोर
साइबर अपराधों के खिलाफ कार्रवाई और तुरंत निस्तारण को लेकर डीसीपी वरुणा राजेश कुमार पांडेय ने बैठक की। इसमें साइबर अपराधियों के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साइबर अपराध के बदलते स्वरूप को देखते हुए तकनीकी संसाधनों, साइबर इंटेलिजेंस और कार्रवाई पर जोर दिया गया। अधिकारियों को साइबर अपराध संबंधी शिकायतों और लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने को कहा। सभी जोन साइबर प्रभारियों को प्रत्येक 15 दिन में प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वालों, साइबर ठगी की धनराशि निकालने वालों, फर्जी सिम और कॉल सेंटर संचालकों को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। 

एडीसीपी ने व्यापारियों को दिया सुरक्षा का भरोसा
गोमती जोन के अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र ने रविवार को थाना राजातालाब परिसर में व्यापारियों के संग बैठक की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना। त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बाजार में जाम की स्थिति, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने और रात्रि गश्त बढ़ाने पर जोर दिया। अपर पुलिस उपायुक्त ने व्यापारियों को उनकी सुरक्षा का आश्वासन दिया। 

एसीपी कैंट ने लालपुर-पांडेयपुर थाने का किया निरीक्षण
सहायक पुलिस आयुक्त कैंट प्रज्ञा पाठक ने रविवार को लालपुर-पांडेयपुर थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के विभिन्न कार्यों और अभिलेखों को देखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान साइबर अपराध, आईजीआरएस, सीसीटीएनएस और जनसुनवाई से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। प्रज्ञा पाठक ने थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और रिक्रूट आरक्षियों के साथ बैठक की। उन्होंने उनकी समस्याओं को सुना और नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए। 

नामजद आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की
लंका थाना क्षेत्र के नैपूरा निवासी बिनीत यादव उर्फ धीरू की हत्या के मामले में रविवार देर शाम परिजन अधिवक्ता के साथ लंका थाने पहुंचे। उन्होंने इंस्पेक्टर लंका राजकुमार शर्मा से घटना में नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि 23 सितंबर की रात घटना के समय नामजद आरोपी करीब दो बजे पैदल सीसीटीवी कैमरों में जाते दिखाई दिए थे। आरोप है कि मुख्य आरोपी गोलू यादव ने फोन कर बिनीत को अपनी कार का पेट्रोल खत्म होने की बात कहकर बुलाया था। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

बच्चों में हड्डी संबंधी समस्या का समय से उपचार जरूरी : कुलपति
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर सभागार में आयोजित पीडियाट्रिक ऑर्थोपेडिक सोसाइटी ऑफ उत्तर प्रदेश के वार्षिक सम्मेलन में बच्चों में हड्डी संबंधी समस्या पर विशेषज्ञों ने चर्चा की। बतौर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि बच्चों में हड्डी संबंधी समस्या का समय से उपचार कराना बहुत जरूरी होता है। यदि समय से बेहतर उपचार नहीं हुआ तो उनके विकास को प्रभावित कर सकती हैं। जन्मजात विकृतियां यदि वयस्क होने तक अनुपचारित रह जाएं तो उनका उपचार कठिन या कभी-कभी असंभव भी हो सकता है। 

कुलपति ने कहा कि शैक्षणिक आयोजनों, फेलोशिप, विशेष प्रभागों, विभागों और पदों के माध्यम से पीडियाट्रिक ऑर्थोपेडिक्स को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की जरूरत है। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय सिंह ने कहा कि बच्चे छोटे वयस्क नहीं होते और उनकी शारीरिक संरचना तथा शरीर क्रिया विज्ञान की अपनी विशिष्ट विशेषताएं होती हैं। इस दौरान आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो.एसएन संखवार, ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. अजीत सिंह, डॉ. शुभम श्रीवास्तव, प्रो. अमित रस्तोगी आदि मौजूद रहे। 

एक ही जगह लगे 18 विभागों के स्टॉल
सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को लहरतारा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में जनकल्याण शिविर लगाया गया। इसमें 18 विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों के मौके पर ही आवेदन कराए। शिविर का शुभारंभ प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और आधार कार्ड समेत विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पात्र और वंचित लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए मौके पर ही आवेदन फाॅर्म भरवाए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों की जांच की गई और जरूरत के अनुसार दवाएं वितरित की गईं। 

भर्ती में जाति प्रमाण पत्र की तिथि पर आपत्ति से नाराजगी
बीएचयू सिंह द्वार पर छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। केवीएस, एनवीएस और ईएमआरएस भर्ती परीक्षा के अंतिम चरण में जाति प्रमाण पत्र की तिथि पर आपत्ति जताने से नाराज छात्र रविवार को नारेबाजी करते हुए मेन गेट पर पहुंच गए। कुछ देर में वहां जाम जैसी स्थिति भी बनी। अभ्यर्थियों ने बताया कि पहले और दूसरे चरण की परीक्षा उत्तीर्ण कर वे साक्षात्कार चरण तक पहुंच गए। जब दस्तावेज सत्यापन में ओबीसी-एनसीएल प्रमाण-पत्र लगाया तो खारिज कर दिया गया। बताया गया कि ये 2025 का होना चाहिए, जबकि छात्रों ने 2024 का दिया था। इसके बाद 2026 का भी प्रमाण पत्र दिया गया लेकिन माना नहीं गया। इन्होंने मांग की है कि साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन से वंचित न किया जाए। केवल प्रमाण-पत्र की जारी होने की तिथि के आधार पर अंतिम निर्णय न लिया जाए। 

एबीवीपी के हस्ताक्षर अभियान के बीच सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की
अनिश्चितकालीन धरने के पांचवें दिन बीएचयू के छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में चीफ प्रॉक्टर के खिलाफ एबीवीपी के हस्ताक्षर अभियान के दौरान सुरक्षागार्डों ने बोर्ड ही हटा दिया। इस बीच दोनों ओर तनाव बढ़ने लगा हालांकि बहसबाजी और धक्का-मुक्की हो गई। नारेबाजी करते हुए छात्रों की आवाज में चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग गूंजी। अध्यक्ष पल्लव सुमन ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड पर अराजक होने का आरोप लगाया। इकाई मंत्री अनुराग तिवारी ने कहा कि अभाविप का आंदोलन जारी रहेगा।

स्नातक मतदाताओं से करें संपर्क : सपा
समाजवादी पार्टी उत्तरी विधानसभा की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को विधानसभा अध्यक्ष अजय चौधरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र के स्नातक मतदाताओं से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर पार्टी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के समर्थन में मतदान की अपील करने को कहा। उन्होंने चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया। बैठक में दीप चंद गुप्ता, हारुन अंसारी मौजूद रहे। 

सपा नेता को पितृ शोक
समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ और चांदपुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ओपी सिंह पटेल के पिता बच्चन लाल पटेल 85 वर्ष का रविवार की सुबह चांदपुर स्थित आवास पर निधन हो गया। शाम को उनका दाह संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर किया गया। मुखाग्नि बड़े पुत्र अधिवक्ता विजय पटेल ने दी है। शव यात्रा में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल रहे। समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा आरडी ने शोक जताया। 

अविजित सोनी बने अध्यक्ष
रोटरैक्ट क्लब वाराणसी रुद्र का प्रथम चार्टर समारोह रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल के प्रायोजन में हुआ। समारोह में अविजित सोनी को क्लब का चार्टर अध्यक्ष बनाया गया और नई टीम ने जिम्मेदारी संभाली। रोटरी और रोटरैक्ट परिवार के सदस्यों ने नवगठित क्लब को बधाई दी।मुख्य अतिथि दिनेश गर्ग ने रोटरी के फोर-वे टेस्ट के महत्व पर प्रकाश डाला। गरिमा सिंह ने सदस्य सहभागिता के महत्व पर विचार व्यक्त किए। रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की अध्यक्ष रितु गर्ग ने नवगठित टीम को बधाई दी। अविजित सोनी ने कहा कि यह नई यात्रा की शुरुआत है। 

विपरीत मौसम में सुरक्षित रेल संचालन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत : डीआरएम
वाराणसी। बरसात के मौसम में तीन दिन तक आए तूफान का असर रेल संचालन पर भी देखने को मिला। तेज बारिश और 70 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवा के बीच ट्रेनों की गति पर नियंत्रण रखकर उसको चलाया गया। हालांकि रविवार को मौसम सामान्य रहा लेकिन अभी आने वाले दिनों में बारिश की संभावनाओं को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आशीष जैन ने अधिकारियों से विपरीत मौसम में सुरक्षित रेल संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा। 

डीआरएम ने बताया कि भारी वर्षा एवं तेज हवाओं के बीच ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारु परिचालन को सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों को सतर्क किया गया। इसमें सभी प्रमुख रेलखंडों पर रेल पथ, पुलों, ओएचई, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था की विशेष निगरानी के लिए अधिकारियों को लगाया गया। मौसम के विपरीत परिस्थितियों में सभी विभागों के बीच समन्वय से सुरक्षित रेल यातायात का संचालन कराया जाता है। डीआरएम ने यात्रियों से अपील की है कि प्रतिकूल मौसम एवं भारी वर्षा को देखते हुए अनावश्यक रूप से रेल पटरियों, रेलवे पुलों, ट्रैक के आसपास अथवा अन्य संवेदनशील रेलवे क्षेत्रों में न जाएं। 

यूपी डायलॉग : चैप्टर 4 में 200 युवाओं ने विकास पर चर्चा
फ्रेंड्स ऑफ यूपी की ओर से रविवार को महमूरगंज स्थित एक होटल में ‘यूपी डायलॉग - चैप्टर 4’ आयोजन किया गया। इसमें लगभग 200 युवा स्वयंसेवक और प्रतिभागी शामिल हुए। ‘यूपी डिकेड’ थीम पर आधारित इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य राज्य में पिछले एक दशक में हुए बुनियादी विकास, नीतिगत बदलावों और युवाओं के लिए सृजित नए अवसरों पर संवाद स्थापित करना था। बीएचयू के राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. तेज प्रताप सिंह और अर्थशास्त्र विभाग की प्रो. मनीषा महरोत्रा ने बतौर मुख्य वक्ता अपने विचार साझा किए। 

प्रो. मनीषा महरोत्रा ने कहा कि प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर किए गए प्रयास मात्र प्रशासनिक कदम नहीं हैं, बल्कि यह एक सुदृढ़ सामाजिक बदलाव की नींव रख रहे हैं जिसमें युवा अहम भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन के पहले सत्र में आमंत्रित वक्ताओं ने राज्य के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य पर व्याख्यान दिया, जिसके बाद दूसरे सत्र में युवाओं के साथ सीधा प्रश्नोत्तर और खुला संवाद हुआ। 

अध्यक्ष पद पर रविंद्र और मंत्री पद पर प्रभात निर्विरोध निर्वाचित
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई काशी विद्यापीठ का त्रैवार्षिक चुनाव व अधिवेशन क्षेत्र के कंपोजिट स्कूल माधोपुर कोट में रविवार को हुआ। इसमें रविंद्र को अध्यक्ष और प्रभात को मंत्री चुना गया। चुनाव संघ के जनपदीय महामंत्री रविंद्र कुमार यादव के निर्देशन में हुआ। इसमें ब्लॉक अध्यक्ष पद पर रविंद्र कुमार सिंह, मंत्री पद पर प्रभात रंजन सिन्हा, कोषाध्यक्ष पद के लिए संजय कुमार सोनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर महेंद्र प्रसाद, उपाध्यक्ष पद पर वीरेंद्र कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह व मीरा सिंह नियुक्त हुए। संयुक्त मंत्री पद पर मीरा देवी, जागृति भारद्वाज व अर्चना त्रिपाठी, ऑडिटर पद पर हर्षित कुमार श्रीवास्तव और आय-व्यय निरीक्षक पद पर अजय प्रकाश निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाचन सकल नारायण सिंह, शशिकांत दूबे, मीरा देवी आदि की देखरेख में संपन्न हुआ। 

शिक्षक संघ ने चेत नारायण सिंह की जीत का लिया संकल्प
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अधिकृत प्रत्याशी चेतनारायण सिंह के चुनाव की तैयारी के लिए रविवार को महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक उदय प्रताप इंटर कॉलेज के सभागार में हुई। इसमें वाराणसी के बूथ अध्यक्ष, संयोजक और सक्रिय सदस्य शामिल हुए। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दिनेश सिंह और जिला संयोजक राजीव कुमार ने की। सह-संयोजक डॉ. मुसर्रत इस्लाम और महेंद्र कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

चेतनारायण सिंह ने कहा कि शिक्षकों को जो भी उपलब्धियां मिली हैं, वह संघर्ष के दम पर ही मिली हैं और आगे भी यह उपलब्धियां संघर्ष के दम पर ही बचाकर रखनी हैं। सभी शिक्षकों ने एक साथ संगठन के प्रत्याशी चेत नारायण सिंह को विजय दिलाने का संकल्प लिया। बैठक में नवनियुक्त बीरापट्टी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ राघवेंद्र सिंह का स्वागत भी किया गया। मौके पर वीरेंद्र प्रताप सिंह, सत्येंद्र सिंह, अवधेश कुमार और रमेश सिंह ने विचार रखे।

नगर निगम की सफाई पर फिरा गंगा का पानी
बीते 13 सितंबर के बाद से बीते शुक्रवार तक गंगा के जलस्तर में लगातार गिरावट आई। इसे देखते हुए नगर निगम ने घाटों पर सफाई शुरू कर दी थी लेकिन शनिवार से बढ़ रहे जलस्तर ने सभी काम पर फिर से पानी फेर दिया। अक्तूबर में एयरशो होगा। इसके बाद देव दीपावली और छठ जैसे बड़े आयोजन हैं जो गंगा किनारे घाटों पर होंगे। जलस्तर बढ़ने से नगर निगम के सामने एक बार फिर चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।

कई इलाकों में चार घंटे कटेगी बिजली
बिजली लाइनों पर मरम्मत और गार्डिंग कार्य के चलते सोमवार को शहर के कई इलाकों में चार घंटे बिजली कटेगी। बड़ा लालपुर उपकेंद्र से पोषित क्राइस्ट नगर, चांदमारी और बसहीं फीडर से सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी। इसी तरह नगर निगम उपकेंद्र से निर्गत 11 केवी माधोपुर और जयप्रकाश नगर फीडर से सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक जयप्रकाश नगर, माधोपुर, हैप्पी मॉडल, बीएसएनएल कार्यालय और आसपास के इलाकों में बिजली बंद रहेगी। 

बड़े कचरा उत्पादकों का होगा पंजीकरण
बड़ी मात्रा में कचरा पैदा करने वाले होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल, स्कूल-कॉलेज, सोसाइटी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन जरूरी होगा। नगर निगम ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के तहत सभी बल्क वेस्ट जेनरेटर्स के अनिवार्य पंजीकरण और कचरे को स्रोत पर ही गीला-सूखा अलग करने की व्यवस्था लागू कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में 29 सितंबर को सिगरा स्टेडियम में विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला होगी। 

52 घंटे बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति
चक्रवाती तूफान के कारण बीते दो दिनों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्रों में पूरी तरह ध्वस्त हो गई थी। चोलापुर और दानगंज क्षेत्र में कई पेड़ों के गिर जाने से तार टूटे थे। इस कारण बीते शुक्रवार से लेकर रविवार की दोपहर तक बिजली बाधित रही। इन क्षेत्रों में रविवार की शाम को 52 घंटे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। तूफान के कारण दो दिनों से ग्रामीण इलाकों में कई जगह पेड़ और खंभे गिरे थे। 

चौक थाना बना कमिश्नरेट का पहला आईएसओ प्रमाणित थाना
कमिश्नरेट वाराणसी की पुलिसिंग में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। गुणवत्ता आधारित सेवाओं और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली के बल पर थाना चौक कमिश्नरेट का पहला आईएसओ प्रमाणित थाना बन गया है। 

वाराणसी में किसी थाने को पहली बार यह उपलब्धि हासिल हुई है। तीन महीने के कड़े ऑडिट के बाद चौक थाने को इंटरनेशनल आईएसओ सर्टिफिकेट मिला है। रविवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने चौक थाने का निरीक्षण किया और थाने के इंस्पेक्टर समेत पुलिसकर्मियों को उत्साह वर्धन किया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि चौक थाने की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन कई मानकों पर किया गया। इनमें जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण और अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव शामिल है। 

आगंतुक सुविधाओं, महिला सहायता केंद्र और प्रभावी जनसंवाद को भी परखा गया। पुलिसकर्मियों के नियमित प्रशिक्षण, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण भी मूल्यांकन के बिंदु थे। त्वरित कार्रवाई व तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग भी जांचा गया। लगातार तीन माह तक थर्ड पार्टी द्वारा निरीक्षण किया गया। सेवाओं की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली पाए जाने के बाद यह प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। 

300 करोड़ से होगा 84 घाटों का सुंदरीकरण और संरक्षण
काशी की पहचान कहे जाने वाले 84 घाटों का 300 करोड़ से सुंदरीकरण और संरक्षण किया जाएगा। कमजोर हिस्सों को मजबूत किया जाएगा। मूल स्वरूप और विरासत से कोई छेड़छाड़ नहीं किया जाएगा। ऐतिहासिक पहचान बरकरार रहेगी। इस परियोजना को शासन से मंजूरी मिल गई है।

गंगा में बाढ़, नमी और मौसम की मार झेल रहे घाटों के कई हिस्से कमजोर हो चुके हैं। घाट किनारे दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। पुरानी संरचनाओं को मजबूत किया जाएगा। ऐसे हिस्सों की पहचान की जाएगी ताकि  संरक्षण और सुदृढ़ीकरण का काम कराया जा सके। पुराने निर्माण को बचाने और मजबूत करने की नीति अपनाई जाएगी। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि सारा ध्यान सुंदरीकरण से सस्टेनेबल हेरिटेज और कंजर्वेशन पर है। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करने पर लगातार काम हो रहा है। काशी के घाट उसकी पहचान हैं। इनका संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। - जयवीर सिंह, पर्यटन मंत्री

बीएचयू में सेमेस्टर एग्जाम के लिए कोर्स सेलेक्शन परीक्षा फॉर्म तीन अक्तूबर तक जमा करना जरूरी
बीएचयू में तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने और कोर्स सेलेक्शन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब तीन अक्तूबर तक आवेदन किया जा सकेगा। यदि आवेदन जमा नहीं किए गए तो छात्रों को एंड सेमेस्टर में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

परीक्षा नियंता कार्यालय की ओर से सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी के पहले सेमेस्टर को छोड़कर) और स्नातकोत्तर (पीजी) कोर्स वालों के लिए ये सूचना जारी की गई है। विद्यार्थियों को ये निर्देश दिया गया है कि तीन अक्तूबर को रात 11:59 बजे तक ही फॉर्म भर और जमा कर सकते हैं। 

जमा किए गए फॉर्म का संबंधित संकाय, विभाग, स्कूल, केंद्र या महाविद्यालय स्तर पर सत्यापन होना अनिवार्य है। इसके बाद सत्यापित नॉमिनेटेड रोल को अंतिम तिथि समाप्त होने के पांच दिनों के अंदर ही परीक्षा नियंता कार्यालय में जमा करना होगा। 

बीएचयू में हॉस्टल के लिए गूगल फॉर्म से आवेदन
बीएचयू के विज्ञान संस्थान में बैचलर ऑफ साइंस (ऑनर्स) तीसरे सेमेस्टर के छात्रों के लिए छात्रावास आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह सुविधा उन छात्रों के लिए है जिन्हें पिछले शैक्षणिक सत्र में छात्रावास नहीं मिला था। इच्छुक छात्र 30 सितंबर तक गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। छात्रों के लिए ब्रोचा छात्रावास और लड़कियों के लिए गार्गी छात्रावास में आवंटन होगा। आवंटन मेरिट इंडेक्स (सेमेस्टर एक एसजीपीए), विश्वविद्यालय की आरक्षण नीति और कमरों की उपलब्धता के आधार पर होगा। दोबारा प्रवेश लेने वाले छात्रों को अपने आवेदन की हार्ड कॉपी सहायक कुलसचिव को जमा करनी होगी। 

शोध के लिए डॉ. धीरज को मिली फेलोशिप
काशी की काष्ठ कला पर शोध करने के लिए बीएचयू काश्मीरीगंज निवासी डॉ. धीरज कुमार गुप्ता को पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप मिली। भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद की ओर से ये फेलोशिप दी गई। प्रो. उर्वशी गहलौत के निर्देशन में भोजपुरी अध्ययन केंद्र से काष्ठ कला पर शोध होगा। हिंदी विभाग की प्रो. उर्वशी गहलौत (एडजंक्ट फैकल्टी- भोजपुरी अध्ययन केंद्र) के निर्देशन में शोध कर चुकी हैं। समन्वयक प्रो. प्रभाकर सिंह ने डॉ. धीरज को पोस्ट डॉक्टोरल फेलो के तौर पर जॉइन कराया। 

देश के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों के बीच सनबीम लहरतारा लगातार चौथी बार चैंपियन
मेयो कॉलेज, अजमेर की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सनबीम लहरतारा ने एक बार फिर अपनी क्विजिंग प्रतिभा का लोहा मनवाया। देश के चुनिंदा और सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों के बीच हुए कड़े मुकाबले में सूर्यांश मिश्रा और श्रेयांशु महापात्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इसी उपलब्धि के साथ सनबीम लहरतारा लगातार चौथे वर्ष इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का चैंपियन बना है। सनबीम शिक्षण समूह की निदेशिका अमृता बर्मन ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि लगन एवं मेहनत और बौद्धिक उत्कृष्टता का उत्सव है। 

अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक ने इस उपलब्धि पर कहा कि सनबीम लहरतारा की यह अद्भुत, गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक उपलब्धि संस्थान की उत्कृष्ट परंपरा और छात्रों की असाधारण प्रतिभा का सशक्त प्रमाण है। उपाध्यक्ष भारती मधोक का कहना है कि हमारे विद्यार्थियों ने जिस उत्कृष्टता, अनुशासन और समर्पण के साथ इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर विजय प्राप्त की है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है।

बरेका में सामान्य ज्ञान लिखित प्रतियोगिता में शामिल हुए 538 विद्यार्थी
बनारस रेल इंजन कारखाना(बरेका) परिसर में रविवार को आयोजित सामान्य ज्ञान लिखित प्रतियोगिता में बरेका के साथ ही जिले के अन्य विद्यालयों के 538 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सवालों का जवाब देकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।  बरेका जीवित्पुत्रिका पूजा समिति की ओर से आयोजित प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में कक्षा 3 से कक्षा 9 तक के विद्यार्थियों ने चार समूहों में प्रतिभाग किया। इस साल प्रतियोगिता के लिए आधुनिक तकनीकी माध्यम का प्रयोग करते हुए गूगल फॉर्म्स के माध्यम से विद्यार्थियों ने आवेदन किया। 

बरेका स्थित सूर्य सरोवर परिसर में होने वाले लोक उत्सव जीवित्पुत्रिका पूजन को लेकर हर साल इस तरह की प्रतियोगिता कराई जाती है। समिति के अध्यक्ष आरएन सिंह, उपाध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास का विकास करना है। इस दौरान महामंत्री ऋतुराज सिंह यादव, दिनेश भारती, मनोज कुमार भारती, कोषाध्यक्ष कुमार प्रिंस मौजूद रहे। 

छात्रों ने नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश
काशी विद्यापीठ के अंग्रेज़ी विभाग की ओर से हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से नशामुक्त भारत अभियान को बढ़ावा देने का संदेश दिया। नाटक में समाज में नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों को दिखाते हुए विद्यार्थियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। नशा मुक्त भारत और नशे की लत जैसे महत्वपूर्ण और समसामयिक विषयों पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियों में नशे की शुरुआत, धीरे-धीरे विकसित होने वाली नशे की आदत, व्यक्ति एवं परिवार पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव तथा उससे बाहर निकलने की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। 

कार्यक्रम में रजत चौरसिया, विनीत सिंह, आनंद कुमार पटेल, शुभम कुमार, फातिमा खानम, प्रियंका महापात्रा, रागिनी सिंह समीक्षा चौधरी, काजल यादव सहित अन्य छात्रों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान डॉ. नीरज धनकड़, प्रो. नलिनी श्याम कामिल, डॉ. नवरत्न सिंह, डॉ. नीरज कुमार सोनकर, डॉ. रीना चटर्जी, डॉ. कविता आर्या, डॉ. किरन सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे। 

कक्षा एक-दो से संस्कृत की नींव मजबूत करेंगे परिषदीय स्कूल
परिषदीय विद्यालयों में अब कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों को भी संस्कृत से परिचित कराया जाएगा। बच्चों को अभी से संस्कृत के सामान्य शब्दों और बोलचाल की जानकारी दी जाएगी, ताकि कक्षा तीन में विषय के रूप में संस्कृत शुरू होने पर उन्हें भाषा समझने में परेशानी न हो। इसके लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) स्तर से मॉड्यूल तैयार किया जा रहा है। सत्र 2027-28 से इसे लागू किया जाएगा। बेसिक शिक्षाधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि कई बच्चों को संस्कृत के शब्द, वाक्य और पाठ समझने में कठिनाई होती है। इसे देखते हुए सत्र 2027-28 से कक्षा एक और दो में संस्कृत का आधार तैयार करने की योजना पर काम हो रहा है।

सत्यता को प्रस्तुत कर मोह को करता है नष्ट
बीएचयू के रविवासरीय गीता प्रवचन में रविवार को शशिकांत द्विवेदी ने बताया कि तामसिक गुण के कारण विवाद होता है। तामसिक व्यक्ति सत्व को नहीं समझता। सत-असत का विवेक ही ज्ञान का कारण है। गीता का दूसरा अध्याय हमें आत्म तत्व के स्वरूप का ज्ञान कराता है। शरीर के अंदर जो आत्मा है उसको समझना और फिर वैसा ही आचरण करना अध्यात्म हैं। गीता जीवन की सत्यता के व्यावहारिक पक्षों को प्रस्तुत करके मोह को नष्ट कर देता हैं। जीव का आत्म तत्व सर्वदा नवीन रहता है, वह विकार रहित हैं। 

आनंदम धाम पीठ की जिम्मेदारी संभालेंगे पंकज
श्री आनंदम धाम पीठ, वृंदावन की ओर से भाजपा नेता पंकज चौबे को पूर्वांचल क्षेत्र के भूमि, भवन एवं संपत्ति विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह दायित्व पीठ के पीठाधीश्वर सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज के आशीर्वाद से सौंपा गया है। पंकज पूर्वांचल में भूमि, भवन और संपत्ति से जुड़े कार्यों की योजना, व्यवस्था और नियमित समन्वय सुनिश्चित करेंगे। उन्हें सनातन कार्य के लिए समाज के लोगों से समन्वय स्थापित करना होगा। सेवकों और सहयोगियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपकर कार्यों को समयबद्ध पूरा कराना भी उनका दायित्व है। पंकज चौबे ने कहा कि सद्गुरुदेव ने जिस विश्वास और आशीर्वाद के साथ यह जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाना मेरा दायित्व है। 

अजय गुप्ता बने प्रदेश अध्यक्ष
फर्नीचर ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश ने वाराणसी के तीन प्रमुख व्यापारियों को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण पदों पर मनोनीत किया है। वाराणसी फर्नीचर एवं फर्निशिंग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। महामंत्री रमेश कुमार यादव को प्रदेश मंत्री और कोषाध्यक्ष दिलीप गुप्ता (गुड्डू जी) को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया है। फर्नीचर ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश राज्य की प्रमुख संस्था है। यह संस्था फर्नीचर व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए कार्यरत है। यह व्यापारिक समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान देती है। मंडल के संरक्षक राजेश अग्रवाल, अरुण रुस्तगी, अजय जायसवाल, नरेंद्र गर्ग और डॉ. यादवेंद्र सिंह बब्बन ने इन नियुक्तियों पर हर्ष व्यक्त किया है। व्यापार मंडल के संजय अरोड़ा, अश्वनी जायसवाल, प्रकाश सुनेजा समेत कई पदाधिकारियों ने बधाई दी। 

साहित्य को जीने से ही आता है निखार : डॉ. शुभदा
बरेका संस्थान की ओर से और काशी काव्य संगम के सहयोग से वरिष्ठ साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ. शुभदा पांडेय के सम्मान में काव्य गोष्ठी हुई। डॉ. शुभदा पांडेय ने कहा कि साहित्य को जीना पड़ता है न कि केवल कह देने से साहित्य चलता है। तभी साहित्य में निखार भी आता है। संस्थान एवं काशी काव्य संगम ने जो साहित्य के लिए अलख जगाई है वह अनुकरणीय है। अखलाक भारती, आलोक सिंह बेताब, टीकाराम शर्मा आचार्य, गिरीश पांडेय काशीकेय, गणेश सिंह प्रहरी आदि कवियों ने काव्य पाठ किया। धन्यवाद ज्ञापन संस्थान के आलोक कुमार सिंह ने किया। 

अगली पीढ़ी को दें संस्कार और नैतिकता का ज्ञान
शाहंशाहपुर स्थित मौलश्री सदन में आयोजित भागवत कथा में प्रवचन करते हुए पंडित बृजेश मिश्रा ने कहा कि क्रोध कई समस्याओं की जड़ है। योग साधना, धैर्य और संयम के जरिए क्रोध पर विजय पाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि भारतीय ऋषि-मुनियों ने इसी उद्देश्य से अष्टांग योग की शिक्षा दी थी। उन्होंने अभिभावकों से अगली पीढ़ी को संस्कार और नैतिकता का ज्ञान देने का आह्वान किया। कहा कि अच्छी आदतों का हस्तांतरण बच्चों के व्यक्तित्व को बेहतर बनाता है। कथा में उन्होंने भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं और बाल गोपाल से मित्रता के प्रसंग सुनाए। कहा कि नंदलाल गायों के संरक्षक और पोषक थे और उनकी बांसुरी की धुन से गोप-गोपियों के साथ पशु-पक्षी भी मोहित हो जाते थे।

दंडी स्वामियों ने किया लक्ष्मी नारायण का पूजन
लक्ष्मी नारायण का सामूहिक पूजा रविवार को अस्सी स्थित मारवाड़ी सेवा संघ में हुई। पांच दिवसीय शिव महापुराण कथा के समापन के बाद लोक कल्याण के लिए दंडी स्वामियों और बटुक ब्राह्मणों ने विधिवत पूजन व वंदना की। भक्तों में प्रसाद वितरित हुआ। दंडी स्वामियों व बटुकों को उपहार भी दिए गए। कथा आयोजक आरती विनोद सुनेजा ने कहा कि काशी एक पवित्र नगरी है। भगवान लक्ष्मी नारायण भोलेनाथ को अत्यंत प्रिय हैं। काशी में कोई भी कार्य बाबा विश्वनाथ की अनुमति के बिना संभव नहीं है। पूजन में कौशल्या देवी, वंश कुमार सतपाल, राकेश कालरा, राजीव कटारिया आदि रहे। 

क्षमावाणी पर्व पर जैन मंदिरों में तीर्थंकरों की पूजा
जैन धर्म का क्षमावाणी पर्व रविवार को श्रद्धा व उल्लास से मनाया गया। जैन मंदिरों में तीर्थंकरों के पूजन-अर्चन के साथ ही लोगों ने एक-दूसरे से मिलकर क्षमा मांगी। भेलूपुर श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन तीर्थ में भीड़ रही। लोगों ने जैन मुनि सागर महाराज और भाव सागर महाराज ने आशीष लिए।

दशलक्षण महापर्व के समापन के बाद मांगलिक क्रियाएं और तीर्थ क्षेत्र की स्मारिका का विमोचन हुआ। कमेटी ने दोनों मुनिराजों से क्षमा याचना की। भाव सागर महाराज ने क्षमा को आत्म-नियंत्रण की उच्चतम अवस्था बताया। कहा कि क्षमा से व्यक्ति हल्का हो जाता है। लोग संकल्प लें किसी एक व्यक्ति को, जिससे मन में मलिन भाव है, हृदय से क्षमा करें। यह केवल धार्मिक कर्तव्य नहीं, आपके अपने मानसिक शांति का द्वार है। उन्होंने कहा कि क्षमा धारण करने से 66 करोड़ उपवास का फल मिलता है।

आदिम अनंत कथा नाटक में दिखीं मानवीय संवेदनाएं और जीवन का संघर्ष
अश्विन नाट्य महोत्सव का आगाज रविवार को नागरी नाटक मंडली न्यास के प्रेक्षागृह में आदिम अनंत कथा नाटक के प्रभावी मंचन से हुआ। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से मानवीय संवेदनाओं, जीवन के विभिन्न पक्षों और आंतरिक संघर्षों को दर्शाया।

तीन दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन न्यास के अध्यक्ष डॉ. संजय मेहता, सचिव डॉ. अजीत सैगल, भाजपा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनिल कुमार श्रीवास्तव तथा संस्कार भारती के संगठन मंत्री दीपक शर्मा और रंगकर्मियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डॉ. अजीत सैगल ने कहा कि रंगमंच केवल मनोरंजन का नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। 

ऐसे आयोजन काशी की रंगपरंपरा को आगे बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय कला एवं संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बाद अर्पित शिधोरे द्वारा निर्देशित ‘आदिम अनंत कथा’ नाटक का प्रभावशाली मंचन हुआ। कलाकारों के सशक्त अभिनय, निर्देशन और मंचीय अभिव्यक्ति ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। दर्शकों ने उनके सशक्त अभिनय को सराहा। सोमवार को चंडालिका नाटक का मंचन होगा। संचालन आशुतोष चतुर्वेदी ने किया। 

लाट भैरव ने माता भैरवी संग खिचड़ी का चखा स्वाद
बाबा लाट भैरव के विवाह के बाद रविवार को खिचड़ी का भोग लगा। कज्जाकपुरा स्थित अनादिकालेश्वर बाबा श्री कपाल भैरव, प्रसिद्ध लाट भैरव ने माता भैरवी संग खिचड़ी का स्वाद चखा। श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति की ओर से बाबा के विग्रह का अद्भुत शृंगार कर पूड़ी-सब्जी, खिचड़ी, खीर, चटनी आदि का भोग लगाया गया।

रजत मुखौटे की शोभा देखते ही बन रही थी। बाबा के सम्मुख स्थित भैरवी कूप का शृंगार किया गया था। माता को लाल वस्त्रों से सुसज्जित किया गया था। समिति के प्रधानमंत्री मुन्नालाल यादव ने मां अन्नपूर्णेश्वरी का स्मरण कर भंडारे का प्रारंभ कराया। हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूजन में आलोक श्रीवास्तव, विनोद गुप्ता, योगेश सिंह बबलू, रोहित जायसवाल, बसंत सिंह राठौर, विक्रम सिंह राठौर, छोट्टन केशरी, शिवम अग्रहरि, आशीष कुशवाहा आदि रहे। 
विज्ञापन

पूजा पंडालों के पास नहीं रहेगा अंधेरा
आगामी दुर्गा पूजा के पावन पर्व पर शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने त्योहार शुरू होने से पहले ही शहर की सफाई, मार्ग प्रकाश, पेयजल, जल निकासी और सड़कों की मरम्मत जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। 

अधिकारियों व कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए नगर आयुक्त ने कहा है कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त ने समस्त जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बनने वाले दुर्गा पूजा पंडालों की सूची तैयार कर स्थलीय निरीक्षण करें और संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को प्रतिदिन पंडालों के आसपास निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था बनाए रखने और कचरा इकट्ठा न होने देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें