वाराणसी। किसानों की आय दुगनी करने के लिए उनकी मौसमी सब्जियों को लगातार निर्यात किया जा रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को बनारस सहित मिर्जापुर के तीन किसानों ने एपीडा के सहयोग से बाबतपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 11 क्विंटल हरी मटर की दूसरी खेप यूएई के शारजाह भेजा।
एपीडा के सहायक महाप्रबंधक डॉ. सीबी सिंह ने बताया कि बीते 19 जनवरी को तीन किसान उत्पादक संगठनों के कई किसानों की एक टन हरी मटर और सफेद बैगन का निर्यात किया गया था। जिसके बाद से मटर की मांग खाड़ी देशों में बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को जया सीड्स एफपीओ के तीन किसान शिवम, उमेश और भोनू यादव ने संयुक्त रूप से 11 क्विंटल हरी मटर की दूसरी खेप यूएई के शारजाह को निर्यात किया। जहां किसानों को स्थानीय बाजार के मुकाबले अच्छे भाव मिल तो ही रहा है दूसरा किसान एक निर्यातक तौर पर खुद को तैयार भी कर रहे हैं। जया सीड्स एफपीओ के निदेशक शार्दूल चौधरी ने बताया कि अभी हम प्रायोगिक तौर पर अन्य निर्यातकों के सहयोग से निर्यात कर रहे हैं। हवाई जहाज में कम जगह मिलने से अभी फिलहाल एक से डेढ़ टन ही निर्यात कर पा रहे हैं। अगली खेप 31 जनवरी को भेजने की तैयारी है।