फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की खबरें: नाबालिग से छेड़खानी में दो को 3 साल की सजा, संवाद की अनुमति नहीं देने पर हाईकोर्ट सख्त

Sun, 18 Oct 2026 03:51 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में नाबालिग से छेड़खानी के मामले में दो आरोपियों को तीन साल की सजा सुनाई गई है। विशेष लोक अभियोजक संतोष कुमार सिंह ने मामले की पैरवी की थी। वहीं, प्रस्तावित नई पीढ़ी संवाद कार्यक्रम की अनुमति नहीं देने पर पुलिस आयुक्त से जवाबी हलफनामा तलब किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) नितिन पांडेय की अदालत ने नाबालिग से छेड़खानी, धमकी और एससी/एसटी एक्ट के मामले में दो अभियुक्तों महानंद यादव और श्याम बहादुर पाल को दोषी करार देते हुए तीन-तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। दोनों पर जुर्माना भी लगाया गया है।

विज्ञापन


मामला बड़ागांव थाना क्षेत्र का है। विशेष लोक अभियोजक संतोष कुमार सिंह ने मामले की पैरवी की। अभियोजन के अनुसार, 25 अगस्त 2015 को नाबालिग अपनी छोटी मामी के साथ शौच के लिए जा रही थी, तभी दोनों अभियुक्तों ने उसका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर वे भाग गए। 

31 अगस्त को घर के बाहर खड़ी पीड़िता के साथ फिर ऐसी हरकत की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले में पीड़िता, वादी समेत नौ गवाहों की गवाही कराई गई। अदालत ने दोषियों को तीन-तीन साल की सजा और पांच-पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। अर्थदंड का 50 प्रतिशत पीड़िता को प्रतिकर के रूप में दिया जाएगा। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। 

विज्ञापन
Trending Videos

संवाद की अनुमति नहीं देने पर हाईकोर्ट सख्त, पुलिस आयुक्त से जवाब तलब
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रोजगार अधिकार अभियान के तहत वाराणसी में प्रस्तावित नई पीढ़ी संवाद कार्यक्रम की अनुमति नहीं देने पर पुलिस आयुक्त से जवाबी हलफनामा तलब किया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि अनुमति अस्वीकार करने के कारणों के तार्किक जवाब देने में विफल रहने पर मामले को गंभीरता से लेगा। 27 अक्तूबर को सुनवाई होगी। 

यह आदेश न्यायमूर्ति अजित कुमार और न्यायमूर्ति जय कृष्ण उपाध्याय की खंडपीठ ने रोजगार अधिकार अभियान (रोसा) के नेशनल कोऑर्डिनेटर राजेश सचान की याचिका पर दिया है। अधिवक्ता ने दलील दी कि याची राजनीतिक संगठन का सदस्य है। इसी कड़ी में वाराणसी में 20 सितंबर 2026 को वाराणसी के शास्त्री घाट पर ‘नई पीढ़ी संवाद’ कार्यक्रम प्रस्तावित था। संगठन ने पुलिस आयुक्त से अनुमति मांगी थी, लेकिन बिना कारण मांग अस्वीकार कर दी गई। 

पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई टली, 30 अक्तूबर अगली तारीख
ज्ञानवापी में नए मंदिर के निर्माण और हिंदुओं को पूजा-पाठ का अधिकार देने से संबंधित वर्ष 1991 के मुकदमे में पुनरीक्षण याचिका पर शनिवार को सुनवाई नहीं हो सकी। विशेष न्यायाधीश द्वितीय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) पूनम पाठक के अवकाश पर होने के कारण अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 30 अक्तूबर की तिथि नियत की है। 

मुकदमे के वादी हरिहर पांडेय के निधन के बाद उनकी तीन पुत्रियों मणिकुंतला तिवारी, नीलिमा मिश्रा और रेनू पांडेय ने पिता के स्थान पर पक्षकार बनाने और वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी को हटाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। सिविल जज (सीनियर डिवीजन फास्टट्रैक) की अदालत ने 11 जुलाई 2025 को दोनों मांगों से संबंधित प्रार्थना पत्र पोषणीयता के आधार पर खारिज कर दिया था। इसके खिलाफ पुनरीक्षण याचिका दाखिल की है। वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी इस पर आपत्ति जता रहे हैं। 

काशी तमिल संगमम 5.0  28 नवंबर से 12 दिसंबर तक
काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण की तिथि घोषित कर दी गई है। 28 नवंबर से लेकर 12 दिसंबर तक होगा। आईआईटी मद्रास और बीएचयू पूर्व की तरह से नोडल संस्थान बनाए गए हैं। इस बार थीम है तिरुक्कुरल पयिलवोम यानी कि आइए, तिरुक्कुरल सीखें। तिरुक्कुरल तमिल भाषा का एक महान शास्त्रीय ग्रंथ है। आईआईटी मद्रास सहित पूरे तमिलनाडु से सात बार में डेलीगेशन आएगा। शिक्षा मंत्रालय और जिला प्रशासन के साथ ही संस्कृति, रेलवे, वस्त्रालय और पर्यटन मंत्रालय का भी सहयोग रहेगा। बीएचयू के असिस्टेंट रजिस्ट्रार एके शर्मा ने बताया कि बीएचयू के कुलपति ने नोडल ऑफिसर प्रो. अंचल श्रीवास्तव और डॉ. उमेश कुमार सिंह को बनाया है। 

त्योहारों पर अयोध्या के लिए मेमू, जम्मू के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
त्योहारों पर वाराणसी से डेढ़ महीने के लिए अयोध्या रूट पर ट्रेन चलेगी। 18 और 19 अक्तूबर को जम्मू रूट पर स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को सहूलियत होगी। 04231 वाराणसी–जम्मू तवी आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस 18 अक्तूबर से चलेगी जबकि 04232 का संचालन 19 अक्तूबर से जम्मू से वाराणसी के लिए होगा। वाराणसी से अयोध्या तक मेमू फेस्टिवल ट्रेन चलेगी। 

मौसम खराब, वाराणसी डायवर्ट हुई फ्लाइट
मौसम खराब होने के कारण दिल्ली से काठमांडू जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-211 को वाराणसी एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। शनिवार रात उसमें ईंधन भरवाया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद विमान ने काठमांडू के लिए उड़ान भरी। विमान में कुल 154 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे। एयरपोर्ट पर ईंधन भरवाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मौसम ठीक होने के बाद विमान ने रात 9:44 बजे काठमांडू के लिए उड़ान भरी। अधिकारियों ने बताया किविमान वाराणसी एयरपोर्ट पर करीब 39 मिनट तक रुका रहा।

बेटी के वरक्षा के अगले दिन पिता ने फंदे से लटककर दी जान
रामनगर क्षेत्र के डोमरी में शनिवार को पत्नी से विवाद के बाद कल्लू (35 वर्ष) ने फांसी लगाकर जान दे दी। एक दिन पहले शुक्रवार को ही उसकी बेटी का वरक्षा हुआ था। घर में चल रही खुशियां अगले ही दिन मातम में बदल गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। 

मृतक की पत्नी जमुना देवी के अनुसार, शनिवार को कल्लू शराब के नशे में घर पहुंचा और उससे विवाद करने लगा। विवाद के बाद वह घर से बाहर चली गई। कुछ देर बाद वापस लौटी तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने का प्रयास विफल होने पर उसने मोहल्ले के लोगों को सूचना दी और डायल 112 पर पुलिस को बुलाया। 

पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो कल्लू अंदर रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। कल्लू मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। पिता की मौत से दोनों बच्चों के सिर से साया उठ गया।

ठेला हटाने पर पुलिस चौकी पर पथराव
आदमपुर थाना क्षेत्र के कज्जाकपुरा तिराहे पर शनिवार को अतिक्रमण करने वालों ने पुलिस चौकी पर हमला कर दिया। सड़क से फल के ठेले हटाने को लेकर विवाद में लाट भैरव पुलिस चौकी पर ईंट-पत्थर फेंके गए और तोड़फोड़ भी की गई। इस मामले में चौकी प्रभारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 

चौकी प्रभारी बलिराम यादव की तहरीर के अनुसार, वह हमराह पुलिसकर्मियों और फैंटम दस्ते के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सड़क पर ठेला खड़ा करने से मना किया गया। कज्जाकपुरा निवासी रवि सोनकर, संदीप सोनकर, संजय सोनकर, सपना सोनकर, किरन देवी समेत चार अज्ञात लोगों ने कहासुनी शुरू कर दी। अतिक्रमण हटाने को कहने पर वे हिंसक हो गए। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि पुलिस चौकी पर हमला करने के आरोप में रवि और संदीप को गिरफ्तार किया गया। 

महिला कोच में यात्रा करते 65 पकड़े गए
कैंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को रेलवे की ओर से विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे की टीम ने महिला और दिव्यांग कोच में यात्रा करने वाले 65 लोगों को पकड़ा। इसमें 5 लोग बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। जांच टीम की ओर से रेलवे एक्ट के तहत जुर्माना लगाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि जांच अभियान के दौरान लगभग 9 यात्रियों को रेलवे सुरक्षा बल को सौंपा गया। 

पत्नी की मौत, परिजनों को 75 हजार सौंपे
चौबेपुर के चंद्रावती-मोलनापुर के पास बृहस्पतिवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलट गई। हादसे में कार सवार पन्ना देवी (43) की मौत हो गई, जबकि उनके पति मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतका के पास मिले 75 हजार रुपये शनिवार को विधिक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिए। मृतका गाजीपुर जिले के तिरछी दुल्लहपुर निवासी थी। वह दुबई से लौट रहे अपने पति रामजग चौहान लेने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर गई थीं। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तलाशी के दौरान मृतका के पास से 75 हजार रुपये मिले थे। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद रकम उनके परिजनों को सौंप दी गई।

चांदपुर चौराहे पर अनियंत्रित वाहन की टक्कर
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर चौराहे पर अनियंत्रित वाहन ने पूजा पंडाल के पास लगी दुकान और ठेले में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी ने बताया की मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 

पिता-पुत्र पर कुल्हाड़ी और फरसे से हमला
बड़ागांव थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर गांव में शुक्रवार को घर के बाहर साफ-सफाई कर रहे पिता-पुत्र पर उनके पट्टीदारों ने कुल्हाड़ी और फरसे से हमला कर घायल कर दिया। दोनों का उपचार निजी चिकित्सालय में कराया गया। घायल पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। ईश्वरपुर गांव निवासी अलकेंद्र बहादुर सिंह और उनके पुत्र अभिषेक कुमार सिंह शुक्रवार को अपने घर के सामने साफ-सफाई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उनके पट्टीदार महेंद्र सिंह और सूरज सिंह कुल्हाड़ी व फावड़ा लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने पिता-पुत्र के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

बंधक बनाकर लूटने के दो आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। युवक को बंधक बनाकर लूटपाट करने के दो आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार की रात भेलूपुर से गिरफ्तार किया गया। युवक को बंधक बनाकर पीटा और उससे 5 लाख 25 हजार रुपये की मांग की थी। वहीं, युवक और उसके पिता की सोने की चेन, अंगूठी और झुमकी भी छीन ली थी। मकान की मूल रजिस्ट्री और वादी के बेटे का मोबाइल फोन दो सिम सहित अपने पास रख लिया था। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रविशंकर कुमार और सुधीर कुमार यादव है, दोनों चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही निवासी है। 

अवैध तमंचे के साथ बाल अपचारी पकड़ा गया
फूलपुर पुलिस ने शनिवार को कठिरांव स्थित लोली पांडेय की बगिया से अवैध तमंचा और कारतूस के साथ एक नाबालिग को पकड़ा और एक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बाल अपचारी के कब्जे से .315 बोर का देसी तमंचा और अंकित कुमार माली के पास से .315 बोर का एक कारतूस बरामद किया। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों को पकड़ा गया। पूछताछ में अंकित ने बताया कि उसे तमंचा जौनपुर में रास्ते पर पड़ा मिला था। 

बिना ओटीपी बताए खाते से निकले 81 हजार 
राजातालाब क्षेत्र के दीपापुर गांव निवासी सौरव उपाध्याय के बैंक खाते से बिना ओटीपी साझा किए 81 हजार रुपये निकाल लिए गए। खाते से पूरी रकम निकलने की जानकारी उन्हें शुक्रवार को बैलेंस चेक करने पर हुई। इसके बाद उन्होंने शनिवार को राजातालाब के एसीपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। सौरव उपाध्याय ने लिखित शिकायत में अपने साथ साइबर ठगी होने की बात कही है। उनका कहना है कि उन्होंने न तो किसी को ओटीपी बताया और न ही किसी से अपने बैंक खाते से संबंधित जानकारी साझा की। इसके बावजूद उनके खाते से 81 हजार रुपये निकल गए। पीड़ित ने मामले की जांच कर रकम वापस दिलाने की मांग की है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने को कहा। 

फर्जी बैनामा मामले में प्राथमिकी दर्ज
जमीन हड़पने और फर्जी बैनामा मामले में आरोपी रीता देवी के खिलाफ चितईपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज से 25 लाख रुपये की जमीन बेच दी। पीड़ित धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पिता ने पोगलपुर स्थित संपत्ति खरीदी थी। इस जमीन पर उनका परिवार काबिज था और उन्होंने बाउंड्री भी करा रखी थी। यह संपत्ति मूल रूप से रामेश्वर प्रसाद सिंह की थी, जिसे 2000 में मीना देवी को बेचा गया था। मीना देवी ने 2019 में सुनील मिश्रा और संगीता देवी को यह जमीन बेची। अंततः 2021 में सुनील मिश्रा और संगीता देवी ने इसे पिता के नाम पंजीकृत किया था। रीता देवी ने इसी जमीन के रकबे और चौहद्दी का इस्तेमाल कर जालसाजी की। 

पिकअप में ले जाए जा रहे 7 पशु मुक्त कराए
चौबेपुर क्षेत्र के शंकरपुर रिंग रोड पर शुक्रवार देर रात पुलिस ने टाटा इंट्रा पिकअप से सात पशु बरामद किए। पशुओं को वाहन में ठूंसकर बांधा गया था। पुलिस को पीछा करते देख चालक पिकअप को खेत में छोड़कर भाग निकला। पुलिस के मुताबिक, पिकअप की तलाशी में सातों पशु बेहद तंग हालत में बंधे मिले। उनकी हालत खराब थी और मुंह से झाग निकल रहा था। तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद सभी गोवंशों को रामगांव पुरवा स्थित सरकारी गोशाला भेज दिया गया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि वाहन के कागजात के आधार पर वाहन स्वामी विवेक कुमार निवासी मेहर अलीपुर, गाजीपुर और अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। 

कल्लीपुर में पारिवारिक विवाद में मारपीट
मिर्जामुराद क्षेत्र के कल्लीपुर गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों की महिलाओं ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक पक्ष की कीर्ति मिश्रा ने आरोप लगाया कि 14 अक्तूबर की शाम ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें और उनकी बहन प्रकृति मिश्रा को लोहे की रॉड से पीटा।

आरोप है कि दोनों को घसीटकर घर से बाहर निकालने का प्रयास किया गया और उनका मोबाइल भी छीन लिया गया। वहीं, दूसरे पक्ष की सारिका उपाध्याय ने कीर्ति मिश्रा और उनकी बहन प्रकृति मिश्रा पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

10596 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद
गोला दीनानाथ मंडी स्थित दो मकानों में 10596 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री का भंडारण था। तीन पेटी डेटोनेटर, 98 बोरियों में चारकोल पाउडर, चमकीला पाउडर, एल्युमिनियम बुरादा और बोरेक्स पाउडर, साल्टपीटर, सेलखड़ी रोल, अम्लसार और मैग्नीशियम पाउडर, 77 बोरियों में लाल और सफेद सुरमा के साथ-साथ एल्युमिनियम पाउडर भी बरामद हुआ है। कोतवाली पुलिस ने माल को सीज किया। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी चेतगंज हबीबपुरा निवासी राजेश कुमार गुप्ता उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उसने दशहरा और दिवाली के लिए सामग्री का भंडारण किया था। 

वेंडिंग जोन के लिए तलाशी जा रही जमीन
वाराणसी शहर के भीतर रेहड़ी-पटरी वालों के लिए नए वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। इसके लिए सभी जोन में जमीन तलाशी जा रही है। इसकी जिम्मेदारी जोनल अधिकारियों को दी गई है। फिलहाल भेलूपुर जोन में सामने घाट से जजेज आवास के बीच, वरुणापार जोन में वीडीए संगीत पथ के पास, दशाश्वमेध जोन में भारत सेवाश्रम संघ से सुलभ शौचालय तक अस्थायी जोन बनाए जाएंगे।

राष्ट्रीय फेरी-पटरी ठेला व्यवसायी संगठन के महासचिव अभिषेक निगम ने दुर्गा पूजा, दिवाली, देव दिवाली, छठ पूजा तक किसी फेरी-पटरी ठेला व्यवसायी पर अतिक्रमण हटाओ अभियान व पुलिस अभियान पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। जोनवार 5 वेंडिंग जोन बनाए जाने हैं। दशाश्वमेध जोन में 2 वेंडिंग जोन, कोतवाली जोन में 3 वेंडिंग जोन, रामनगर जोन में 2 वेंडिंग जोन, ऋषि मांडवी जोन में 1 वेंडिंग जोन, सारनाथ जोन में 8 वेंडिंग जोन, वरुणापार जोन में 6 वेंडिंग जोन हैं। 4 नॉन वेंडिंग जोन क्षेत्र घोषित किए गए। 

इसमें भेलूपुर जोन में 1, कोतवाली जोन में 3 वेंडिंग जोन हैं। इन घोषित नॉन वेंडिंग जोन के स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था के लिए भूमि तलाशी जा रही है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की ओर से सभी जोनों में नए वेंडिंग जोन की संभावना तलाशने के लिए संबंधित जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। चौराहों, पार्कों, फ्लाई ओवरों और पानी की टंकियों के पास स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट मांगी गई है। 

भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ किया संवाद
शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के चिरईगांव मंडल में शनिवार को जनसंपर्क एवं योजना विस्तार बैठक में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा कर संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने और पार्टी की रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया। बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, कमलेश मौर्य, अवनीश पाठक, प्रवीण सिंह मौजूद रहे। 

रालोद के जिलाध्यक्ष बने कृष्ण कुमार विश्वकर्मा
राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) वाराणसी का जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार विश्वकर्मा को नियुक्त किया गया। रालोद के वाराणसी प्रभारी सुरेश गुप्ता एवं काशी क्षेत्र के अध्यक्ष रामाश्रय विश्वकर्मा की अनुशंसा पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री (कौशल विकास) जयंत चौधरी के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने उनकी नियुक्ति की घोषणा की।  

बीएचयू आई बैंक को दान में मिलीं दो आंखें
बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान स्थित आई बैंक को शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय, रामनगर से दो कॉर्निया दान में मिलीं। बिहार के रोहतास निवासी ददन तिवारी की उपचार के दौरान मृत्यु के बाद उनके पुत्र राजीव कुमार तिवारी ने नेत्रदान की इच्छा जताई। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मिश्रा के प्रयास से बीएचयू आई बैंक की टीम ने नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई। परिवार को नेत्रदाता सम्मान पत्र दिया गया। 

ओडिशा की बालिका को पुलिस ने मिलवाया
श्री काशी विश्वनाथ धाम में परिवार से बिछड़ी आठ वर्षीय बालिका को मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने परिजनों से मिलवाया। ओडिशा से दर्शन करने आए लोकनाथ भुई की बेटी राखी भुई दर्शन के बाद कहीं खो गई। तैनात एसआईएस के सुरक्षा कर्मियों ने बालिका से पूछताछ की तो उसने अपने पिता का फोन नंबर बताया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उसके पिता से संपर्क कराया। 

घाटों पर मलबे के बीच पुराने स्थान पर रोज हो रहे 100 शवदाह
गंगा के जलस्तर में कमी आने के बाद घाटों की तस्वीर बदल गई है। पानी पीछे हटने से कई स्थानों पर कीचड़ के साथ ऊबड़-खाबड़ मलबे का अंबार लगा है। इसका असर मणिकर्णिका घाट पर होने वाले अंतिम संस्कार पर भी पड़ रहा है।

परेशानियों के बीच प्रतिदिन करीब 100 शवों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है।  रेत और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के बीच शव लेकर पहुंचने में दिक्कत हो रही है। मलबे के कारण मणिकर्णिका घाट स्थित बाबा महाश्मशान नाथ शिवलिंग भी मलबे के बीच दबा है।  गंगा का जलस्तर शनिवार को 63.14 मीटर दर्ज किया गया। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार पानी लगातार घट रहा है। इन परेशानियों को देखते हुए नगर निगम के कर्मचारी घाटों की सफाई में जुटे हुए हैं। नगर निगम कर्मचारियों ने बताया कि अगले 7 दिनों में घाट पूरी तरह साफ हों जाएंगे। 
 

बीएचयू अस्पताल में निकला कोबरा
बीएचयू अस्पताल कैंपस में शनिवार दोपहर एक कोबरा निकलने से हड़कंप मच गया। सीसीआई लैब रिपोर्ट काउंटर के सामने वाली खाली जगह जहां मरीज और तीमारदार बैठे थे, वहां जैसे ही सांप ने फन निकाला लोग उठकर तेजी से भागे। इसी बीच वहां मौजूद लोगों ने सांप को देखा तो वह करीब पांच फीट लंबा था। लोगों के अनुसार यह कोबरा है। सूचना पाकर मौके पर चार सुरक्षा कर्मी आए। करीब 15 मिनट तक सांप एक जगह रहा। इसके बाद आवाज सुनकर आयुर्वेद ओपीडी ब्लॉक में घुस गया। 

जीबीएसएल-3 और स्पीड ब्रीडिंग का हुआ उद्घाटन
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट ने शनिवार को भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) का दौरा किया। उन्होंने जीनोम एडिटिंग प्रयोगशाला का भूमि पूजन किया। साथ ही बायोसेफ्टी लेवल-3 (बीएसएल-3) और स्पीड ब्रीडिंग सुविधाओं का उद्घाटन भी किया। यह जलवायु-अनुकूल किस्मों के विकास में भी सहायक होगी। बीएसएल-3 प्रयोगशाला उन्नत अनुसंधान के लिए सुरक्षित वातावरण प्रदान करेगी। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने विचार रखे। 

28 नवंबर को होगा वाराणसी सराफा एसोसिएशन का चुनाव
सराफ एसोसिएशन के चुनाव के लिए 28 नवंबर को मतदान होगा। संगठन के महामंत्री रवि सर्राफ ने बताया कि यह मतदान अग्रवाल भवन में संपन्न कराया जाएगा। चुनाव अधिकारी संजय अग्रवाल और सहायक चुनाव अधिकारी शैलेंद्र कुमार की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी। इन अधिकारियों की नियुक्ति 9 जनवरी 2026 को हुई साधारण सभा की बैठक में की गई थी। बैठक सुड़िया स्थित अग्रवाल भवन में आहुति की गई थी। चुनाव अधिकारियों ने 28 नवंबर, शनिवार को मतदान की तिथि घोषित की है।

शिक्षकों के सम्मान की रक्षा के लिए सपा ने किया संघर्ष : नरेश उत्तम पटेल
शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव पर शनिवार को सपा के जिला कार्यालय अर्दली बाजार में बैठक हुई। इसमें चुनाव प्रभारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा शिक्षकों के सम्मान, उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। समाजवादी पार्टी की सरकार में सहायता प्राप्त शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष से बढ़ाकर 62 वर्ष करने सहित शिक्षा मित्रों के हित में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। 

उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतरना होगा। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही चुनावी सफलता का आधार है। संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने किया। बैठक में महेंद्र सिंह पटेल, अब्दुल समद अंसारी, राजदेव सिंह, रितेश केसरी, आत्माराम यादव, प्रदीप कुमार मौर्य, रीबू श्रीवास्तव आदि शामिल रहे। 

सप्तमी पर एसआईआर की प्रक्रिया में जल्दबाजी क्यों : कांग्रेस
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने शनिवार को बयान जारी किया। उन्होंने प्रदेश में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, छूटे हुए नामों को दर्ज कराने, अन्य संबंधित कार्यों पर प्रदेश सरकार और निर्वाचन व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज 17 अक्तूबर को सप्तमी है। काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में इस दिन का विशेष महत्व है। 

बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखते हैं और माता रानी की आराधना में लीन रहते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान मतदाता सूची से जुड़े कार्यों पर जल्दबाजी उचित नहीं है। उन्होंने एसआईआर की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की मांग की। त्योहारों के बाद व्यवस्थित ढंग से मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य आगे बढ़ाया जाए। लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब प्रत्येक पात्र मतदाता को अपना नाम दर्ज कराने का उचित अवसर मिले और उसके मताधिकार की पूरी सुरक्षा हो। 

11 वरिष्ठ हमराहियों को सम्मानित किया गया
भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर हथुआ बंगला स्थित कार्यालय में अखबार वितरक दिवस उत्साह से मनाया गया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. कलाम ने भी अखबार वितरण का काम किया था। उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए कार्यक्रम में अखबार वितरकों के योगदान और उनके सम्मान को प्रमुखता दी गई। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सतीश प्रसाद ने अखबार वितरण के क्षेत्र में लंबे समय से सेवाएं दे रहे 11 वरिष्ठ हमराहियों को अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया। 

सम्मान पाकर वितरकों के चेहरे पर खिल उठे। इसमें सैकड़ों अखबार वितरक शामिल हुए। सुनील मिश्रा, चंद्रभान, त्रिभुवन पाल, दीपक गुप्ता, राजेश पांडेय, सूरज गुप्ता, सुभाष गुप्ता, विजय जायसवाल और भागवत चौरसिया सहित अन्य लोगों ने अखबार वितरण की महत्ता और उनके सम्मान पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि वितरक सुबह ही लोगों तक समाचार पत्र पहुंचाकर सूचनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उपस्थित वितरकों ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाने का संकल्प लिया। 

आप कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों पर शनिवार को शास्त्री घाट पर आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल रद्द करने और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। 

प्रदर्शन के दौरान आप नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इससे चुनावी निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका है। पार्टी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए।  मौके पर जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल, जिला महासचिव घनश्याम पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह, मनीष कुमार गुप्ता, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष अब्दुल्ला खान, अभिषेक सिंह आदि मौजूद रहे। 

बीएचयू में 10 राज्यों से आए 40 छात्रों ने किया ऑफलाइन रिफ्रेशर कोर्स
बीएचयू के यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से ‘रिफ्रेशर कोर्स इन कंपेरेटिव लिटरेचर’ का समापन हो गया। पांच से 17 अक्तूबर तक ऑफलाइन माध्यम कोर्स में देश के 10 राज्यों से आए 40 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। 

मुख्य अतिथि प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि बीएचयू एक राष्ट्रीय विश्वविद्यालय है, जिससे देश के कई हिस्सों के लोगों की अपेक्षाएं जुड़ी हैं। विश्वविद्यालय में बिताए गए दो सप्ताह उनके अनुभवों और व्यक्तित्व का हिस्सा बनेंगे। विशिष्ट अतिथि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि काशी की महानता यहां के साहित्यकारों, विद्वानों और कई भाषाओं, कलाओं और परंपराओं के योगदान से जुड़ी है। 

सात स्कूलों के बच्चे जनपद स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के तहत शनिवार को काशी विद्यापीठ ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय, केसरीपुर में ब्लॉक स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता हुई। इसमें 10 से 14 साल के विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता दिखाई। सात विद्यालयों के विद्यार्थियों का चयन जनपद स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया। निर्णायक मंडल में रवींद्र कुमार सिंह, बिंदिया, मनोज कुमार, कामेश्वर दुबे और नीलम राय शामिल रहे।

13 विद्यार्थियों को मिला पहला अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार
बीएचयू के पहले अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में राजीव गांधी दक्षिणी परिसर स्थित दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र के 13 टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के एक सेमेस्टर में सबसे ज्यादा अंक पाने वाले यूजी-पीजी के विद्यार्थियों को अवाॅर्ड मिला। विवि के स्वतंत्रता भवन में समारोह में कुल 332 मेधावी शामिल थे। इसमें साउथ कैंपस के भी 13 विद्यार्थियों का सम्मान हुआ। ये सभी एमवोक कोर्स के छात्र हैं। 

इनमें मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी से लवली रानी, फूड प्रोसेसिंग एंड मैनेजमेंट से आराध्या बरुआ, रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट से आकृति जायसवाल और फैशन टेक्नोलॉजी एंड अपैरल डिजाइन से अंशिका गुलरिया शामिल हैं। वहीं, बीवोक में नौ विद्यार्थियों मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी से दूसरे सेमेस्टर की सपना और चौथे सेमेस्टर की रिया, फूड प्रोसेसिंग एंड मैनेजमेंट से दूसरे सेमेस्टर की मनीषा नौटियाल, हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट से दूसरे सेमेस्टर की रिया सिंह, राज को सम्मानित किया गया। 

बीएलडब्ल्यू कर्मियों को भी जीडीसीई भर्ती में मौका
रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने सामान्य विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (जीडीसीई) 2026 में बदलाव किया है। अब बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बीएलडब्ल्यू), वाराणसी के नियमित और सेवारत कर्मचारियों को भी 694 पदों की भर्ती में शामिल होने की अनुमति मिली है। पहले इसमें सिर्फ एनसीआर के कर्मचारी ही पात्र थे। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन बीएलडब्ल्यू कर्मियों ने पूर्व में आवेदन किया है, उन्हें दोबारा फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं है। इच्छुक अभ्यर्थी 30 अक्तूबर तक आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 694 पदों पर नियुक्तियां होंगी। इनमें सर्वाधिक 428 पद विद्युत विभाग में असिस्टेंट लोको पायलट (एएलपी) के हैं। तकनीशियन के 89 पद और विभिन्न विभागों में जूनियर इंजीनियर (जेई) के 70 पद शामिल हैं। गैर-तकनीकी संवर्ग के तहत 104 कमर्शियल कम टिकट क्लर्क और तीन जूनियर क्लर्क के पद हैं। इस भर्ती के लिए किसी न्यूनतम सेवा अवधि की बाध्यता नहीं रखी गई है। 

एसआरवीएस स्कूल में धूमधाम से मना नवरात्र उत्सव
भेलखा, शिवपुर में एसआरवीएस स्कूल में शनिवार को नवरात्र उत्सव मनाया गया। विद्यार्थियों की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक एकता की अनुपम छटा देखने को मिली। मुख्य अतिथि संगीता मिश्रा ने कहा कि नवरात्र का पर्व नारी शक्ति की आराधना, अच्छाई पर बुराई की विजय और समाज में सकारात्मकता का संदेश देता है। विद्यालय परिवार के सामूहिक सहयोग, कुशल मार्गदर्शन और शिक्षकों के सार्थक प्रयासों से नवरात्रि उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ट्रस्टी बलिराम कन्नौजिया, श्याम सिंह, प्रधानाचार्या जया सिंह, मयंक सिंह उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। 

यूपी ग्रामीण बैंक ने स्वच्छता अभियान चलाया
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी ने शनिवार को पीएम श्री क्वींस कॉलेज में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण पर जोर दिया गया। क्षेत्रीय कार्यालय के कार्मिकों ने इस पहल में उत्साह से भाग लिया।कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार, मुख्य प्रबंधक अजित कुमार और क्वींस कॉलेज के प्रधानाचार्य बी सिंह उपस्थित रहे। 

इनके साथ ही कॉलेज के अध्यापक और पुरातन छात्र परिषद के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। कॉलेज परिसर की गहन सफाई की गई। इसके बाद क्षेत्रीय प्रबंधक और अन्य विशिष्ट आगंतुकों ने मिलकर पौधे लगाए। क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार ने अपने संबोधन में वृक्षारोपण की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी सलाह दी कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है। रोपित पौधों की देखभाल भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। वरिष्ठ प्रबंधक राहुल सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी आगंतुकों का धन्यवाद किया।

सांस्कृतिक संध्या में हुआ भजन-गायन
श्री काशी विश्वनाथ धाम की सांस्कृतिक संध्या में भजन, गायन और नृत्य जुगलबंदी की हुई। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन मंदिर चौक में कलाकारों ने भारतीय कला और आध्यात्मिक परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की। छठी संध्या में प्रथम प्रस्तुति डॉ. शिवानी शुक्ला के गायन की रही। तबले पर अंकित कुमार सिंह ने संगत की। डॉ. शिवानी ने गायन का आरम्भ देवी स्तुति से किया। इसके बाद आपने गुरु प्रभाव रंग जी द्वारा रचित शिवमहिमा पर आधारित रचना सुना कर विभोर किया। दूसरी प्रस्तुति डॉ. दिव्या की रही। 

बसंत ताल पर कथक से दिखाई लयकारी
नेहरू पार्क में आयोजित वरुणा संध्या में शनिवार को भारतीय शास्त्रीय कला और आध्यात्मिक अनुभूति से भर उठी। गाजियाबाद की कथक नृत्यांगना प्रेरणा चौधरी ने भगवान शिव के तांडव स्वरूप को कथक की मुद्राओं में साकार किया। उन्होंने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को कथक की लयात्मक सुंदरता और आध्यात्मिक गहराई से परिचित कराया। छावनी परिषद और दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित संगीत संध्या में प्रेरणा चौधरी की पहली प्रस्तुति बसंत ताल थी। ताल की पारंपरिक संरचना और लयकारी का प्रभावशाली प्रदर्शन हुआ। 

251 कन्याओं का किया पूजन
आर्य महिला हितकारिणी महापरिषद की ओर से शनिवार को सप्तमी पर आर्य महिला पीजी कॉलेज परिसर के श्री ज्ञानानंद महाराज सभागार में 251 कन्याओं का पूजन हुआ। भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, भाजपा महानगर महामंत्री पूजा दीक्षित, डॉ. शशिकांत दीक्षित ने कन्याओं का पूजन किया। कन्याओं को तिलक लगाकर चुनरी ओढ़ाई। इसके बाद सभी कन्याओं को भोजन कराया। साथ ही उन्हें उपहार भी दिया गया। इस कार्यक्रम में प्रमील पांडेय, अंजना दीक्षित, राजीव रमन राय, राजेश राज, शंभूनाथ उपाध्याय, दीपा अग्रवाल, यशोधरा दीक्षित शामिल रहीं। 

डांडिया रास व गरबा से देवी की आराधना
नवरात्र में भक्त पूजन अर्चन के साथ डांडिया रास और बरबा से आराधना की। शहर के विभिन्न इलाकों में डांडिया उत्सव की धूम रही। विमेंस स्पिरिट क्रिएशन सोसाइटी और डब्ल्यूएससी ऑसम क्लब ने शिवपुर एक लॉन में डांडिया उत्सव से मां की आराधना की। सोसाइटी की अध्यक्ष सोनी जायसवाल ने बताया कि डांडिया स्टिक डेकोरेशन, डांडिया डांस और बेस्ट जोड़ी जैसी कई प्रतियोगिताएं हुईं। नेत्रा और शशि डांडिया डांस की विजेता रहीं, जबकि खुशबू, रेखा और ममता को डांडिया क्वीन का खिताब मिला। गणेश लॉन और माहेश्वरी भवन में डांडिया रास की धूम रही। उधर, गोवर्धन धाम नमो घाट पर डांडिया व गरबा महोत्सव में लोगों ने मां की भाव अर्पण किया। 

आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग सर्वोपरि : शंकराचार्य
जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने साधना के मार्ग पर अग्रसर साधकों के लिए आध्यात्मिक मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक उन्नति और ऊर्जा के जागरण के लिए जीवन में यम और नियम का पालन सबसे जरूरी है। साधक को सबसे पहले अपने जीवन में यम-नियम को साधना को अपनाना चाहिए। आचरण की शुद्धता, संयम और अनुशासन के बिना उच्च आध्यात्मिक अनुभूतियों को प्राप्त करना संभव नहीं है। 

महिलाओं ने हथेलियों पर उकेरी कला
हथेली पर मेंहदी का रंग और चेहरों पर आत्मविश्वास की चमक... शनिवार को कुछ ऐसा ही विहंगम दृश्य देखने को मिला नगर निगम मुख्यालय में। जहां मिशन शक्ति विशेष अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण और रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के लिए विशेष मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन में मुख्य रूप से डॉक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह और आईसी एक्सपर्ट सरिता तिवारी सहित कई महिला कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। 

मां विशालाक्षी को भेजी गई शृंगार सामग्री
शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शनिवार को काशी विश्वनाथ धाम की ओर से मां विशालाक्षी को शृंगार सामग्री भेजी गई। इससे पहले सभी सामग्रियां बाबा को चढ़ाई गईं। शक्ति की आराधना और भगवान शिव के प्रति समर्पण की यह परंपरा काशी की विशिष्ट धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अंग है। इन अनुष्ठानों के माध्यम से मां भगवती से सुख-शांति, सद्भाव और समृद्धि की प्रार्थना की गई। 

मां मुरकटी देवी का शृंगार, सजी राधा-कृष्ण की झांकी
चांदपुर इंडस्टि्रयल इस्टेट स्थित मां मुरकटी देवी मंदिर का शृंगार हुआ। मां को फूलों, चुनरी आदि से शृंगार कर फल व पकवानों का भोग लगा। दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। दोपहर बाद भंडारे में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। जागरण में कलाकारों ने भजनों से माता की महिमा गान किया। म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई। शृंगार में संयोजक विपिनचंद्र पाल, पार्षद राजेश कन्नौजिया, रोहित यादव, राहुल सिंह, पटेल, गौतम, राकेश आदि ने सहयोग किया। 

जीएमआर काशी स्मार्ट मीटर ने 19 लोगों का रक्तदान कराया
जीएमआर काशी स्मार्ट मीटर ने पॉपुलर मेडिकेयर ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में 50 लोगों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 19 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर  जिम्मेदारी निभाई। कंपनी के परियोजना प्रमुख प्रशांत उपाध्याय इस अवसर पर उपस्थित रहे। मानव संसाधन विभाग से पंकज कुमार सिंह, जंग बहादुर और श्रीकांत दुबे भी मौजूद थे।

उन्होंने शिविर में भाग लिया और स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर जोर दिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इसका लक्ष्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना भी था। पॉपुलर मेडिकेयर ब्लड बैंक ने इस पहल में योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं और आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

नारी शक्ति ही सृष्टि की शक्ति : डॉ. दयालु
नवरात्र पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के जवाहर नगर सेवा केंद्र पर आध्यात्मिक कार्यक्रम हुआ। वक्ताओं ने शिव शक्ति दुर्गा की अष्ट शक्तियों के आध्यात्मिक रहस्य और रावण दहन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि नारी शक्ति ही सृष्टि की शक्ति है। 

नवरात्र केवल पूजा का पर्व नहीं बल्कि नारी के सम्मान, गरिमा और शक्ति को नमन करने का अवसर है। रावण दहन का वास्तविक अर्थ अपने भीतर के काम, क्रोध, अहंकार और विकारों का दहन करना है। उन्होंने आध्यात्मिकता के माध्यम से समाज को नई दिशा देने में ब्रह्माकुमारी बहनों के प्रयासों की सराहना की और सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। 

कार्यक्रम में बीके दुर्गा दीदी, बीके ममता दीदी और बीके डॉ. आरके सिंह ने विचार रखे। समाजसेवी रीना तुलस्यान ने संचालन किया। इस दौरान संतोष अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, डॉ. राम प्यारे, इंद्रेश मिश्रा बबलू, सौरभ पाठक और मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी माैजूद रहे। 
विज्ञापन

51 माहेश्वरी सखियों ने नौ गौरी-विश्वनाथ दर्शन
शारदीय नवरात्र पर काशी में माहेश्वरी कला संस्कृति की युवा महिला शाखा की 51 माहेश्वरी सखियों ने नौ गौरी और बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन यात्रा निकाली गई। भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह से भरी नजर आईं। संस्था की अध्यक्ष पूजा चांडक, मंत्री राधिका डागा और कोषाध्यक्ष पूजा पटवारी के मार्गदर्शन में संयोजिका श्रुति जाजू ने नेतृत्व किया।

मां दुर्गा की आराधना के बाद झूमे लोग
भू देवश्री चैरिटेबल ट्रस्ट एवं जायसवाल क्लब के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को फैंटेसिया वॉटर पार्क, चांदमारी में गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। दुर्गा पूजन के बाद गरबा नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। भू देवश्री चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष देवश्री गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना था।मजबूत करना है। इस मौके पर अजय गुप्ता, स्वाति जायसवाल रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें