मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर में शनिवार रात करीब दस बजे नेशनल हाईवे-19 पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार अनिल कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी अनिल कुमार अपाचे बाइक से अपने दोस्त बारोष गांव निवासी रंगनाथ के साथ वाराणसी से घर लौट रहा था। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। रूपापुर के पास वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी कछवां, मिर्जापुर पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान अनिल कुमार की मौत हो गई, जबकि रंगनाथ का इलाज जारी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनिल भदोही में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत भाग निकला। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ट्रक और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
खिड़की पेंट करते समय करंट लगने से छात्र की मौत
मिर्जामुराद क्षेत्र के अरका कंसरायपुर गांव में रविवार शाम घर की खिड़की पेंट करते समय बिजली के करंट की चपेट में आने से 17 वर्षीय छात्र राहुल कुमार की मौत हो गई। वह कक्षा 11 में पढ़ता था।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी योगेंद्र कुमार का बेटा राहुल नवरात्र की साफ-सफाई के बाद घर की खिड़की पर रंग लगा रहा था। इसी दौरान पास से गुजर रहे बिजली के खुले तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। राहुल दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर उसे परिजनों को सौंप दिया।
डूबे किशोर की तलाश एनडीआरएफ की टीम देरी से पहुंचने पर नाराजगी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव निवासी 14 वर्षीय शिवम शनिवार को वरुणा नदी में नहाते समय डूब गया। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने देर शाम तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
रविवार सुबह एनडीआरएफ की टीम के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बाबतपुर-कपसेठी मार्ग पर बलुआ तिराहे के पास सुबह करीब 10 बजे चक्काजाम कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया और आवागमन शुरू कराया। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश में दोबारा अभियान चलाया।
जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार
जानलेवा हमले के आरोपी राज राजभर उर्फ हरिश्चंद्र को चितईपुर पुलिस ने रविवार को सुंदरपुर चौराहे के पास गिरफ्तार किया। दो दिन पूर्व चितईपुर थाना क्षेत्र के इंजीनियर चाय की दुकान के पास हर्ष गोड़ पर रंजिश में जानलेवा हमला किया था। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि पीड़ित भाई विराज गोड़ ने प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें राज राजभर भी आरोपी था। गिरफ्तार आरोपी बटुआपुरा भेलूपुर का निवासी है। 9 अक्तूबर की रात आरोपियों ने हर्ष पर जानलेवा हमला किया था। आरोपियों में शिवा गोड़, विशाल पटेल, सुमित पाल, आदित्य पाल, मल्लू पटेल उर्फ डाई है।
युवक पर जानलेवा हमला, दो गिरफ्तार
जानलेवा हमला करने के दो अरोपियों मोहम्मद बेलाल और मोहम्मद स्वालेह को भेलूपुर पुलिस ने रविवार को कमच्छा से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को सीजेएम कोर्ट ने जेल भेज दिया। फावड़े से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल करने और लूटपाट का आरोप है। भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी अशफाक नगर कमच्छा के रहने वाले है। पीड़ित युवक को जान से मारने की नीयत से फावड़े से हमला किया था। इस हमले में युवक के बाएं हाथ की कलाई टूट गई और उसे गंभीर चोटें आईं। चेन और जेब से 500 रुपये भी लूट लिए थे।
जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, 8 गिरफ्तार
सारनाथ थाना क्षेत्र के टड़िया चकबीही स्थित एक खाली प्लॉट पर चल रहे जुआ के फड़ पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। फड़ से 19400 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए गए। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों में पंचक्रोशी पैगंबरपुर निवासी अजय सोनकर, नाटे सोनकर, गाड़ी घाट सारनाथ निवासी राजा राय, जानकी नगर कॉलोनी निवासी रितेश कुमार गुप्ता, सारंगतालाब निवासी दिनेश कुमार मौर्या, टड़िया चकबीही निवासी मुकेश कुमार, विकास राजभर, पहड़िया अशोक विहार कॉलोनी निवासी अनिल कुमार है। गिरफ्तार आरोपियों में से दो का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अजय सोनकर के खिलाफ मंडुवाडीह, नोनरहा और केराकत में चोरी व आर्म्स के कई मामले दर्ज हैं। राजा राय के खिलाफ सारनाथ थाने में मारपीट और धमकी की धाराओं में पहले भी मामला दर्ज है।
दो शिक्षकों से 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी
फ्लैट बेचने के नाम पर दो शिक्षकों से 14 लाख रुपये लेने और निर्धारित समय पर न तो फ्लैट देने और न ही रकम लौटाने के आरोप में चितईपुर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, सीएचएस स्कूल, कमच्छा में पढ़ाने वाले शिक्षक शैलेश कुमार पटेल निवासी बट्ट मधुपुर, रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र और आशीष कुमार गुप्ता निवासी चक्क शाह मोहम्मदाबाद, गाजीपुर ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि नेवादा सुंदरपुर निवासी कालिंदी उपाध्याय, अविनाश उपाध्याय, ऋषिकेश उपाध्याय, संतोष दुबे और राजेश राय ने बड़ी पटिया इलाके में फ्लैट बेचने के नाम पर दोनों से सात-सात लाख रुपये लिए थे। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
खाते से 75 हजार रुपये की धोखाधड़ी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायसुर्जन, बजरडीहा निवासी मोहम्मद सुहैल के बैंक खाते से 75 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर भेलूपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि उनके खाते से 75 हजार रुपये निकल गए। खाते से रकम कटने के बाद उन्हें इसकी जानकारी हुई। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजगरा में हुई दलित चेतना महापंचायत
समाजवादी आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों पर चलकर ही समाज में समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय की स्थापना की जा सकती है। रविवार को अजगरा विधानसभा के बर्थरा खुर्द चोलापुर में दलित चेतना महापंचायत में उन्होंने ये बातें कहीं। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में दलितों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान से जुड़े सवाल आज भी गंभीर बने हुए हैं। विशिष्ट अतिथि एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा रहे।
संपूर्ण क्रांति का विचार अन्याय मुक्त समाज की स्थापना
सपा जिला कार्यालय अर्दली बाजार में जयप्रकाश नारायण की जयंती मनाई। अध्यक्षता कर रहे जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने कहा कि जेपी ने देश को संपूर्ण क्रांति का ऐतिहासिक नारा दिया था। संपूर्ण क्रांति का मूल उद्देश्य समाज के सबसे अधिक दबे-कुचले और वंचित व्यक्ति को सत्ता एवं व्यवस्था के केंद्र में स्थापित करना था। संचालन कर रहे शिक्षक एमएलसी चुनाव वाराणसी के प्रभारी प्रदीप कुमार मौर्य ने कहा कि जेपी का संपूर्ण क्रांति का विचार अन्याय, शोषण और असमानता से मुक्त समाज की स्थापना की प्रेरणा देता है।
आभूषण शोरूम से 89 लाख के गबन में तीन कर्मचारी गिरफ्तार
सिगरा स्थित आभूषण शोरूम से 89 लाख रुपये के सोने के सिक्के और नकदी के गबन के मामले में तीन कर्मचारियों को सिगरा पुलिस ने रविवार को सिगरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक लाख नकदी भी बरामद हुई है। गिरफ्तार कर्मचारियों में लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के सोयेपुर वैष्णो विहार कॉलोनी निवासी मिथिलेश चौबे, रमरेपुर स्थित इंद्रपुरी कॉलोनी निवासी आशुतोष सिंह और चांदमारी बड़ालालपुर निवासी रविशंकर चौबे है।
सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि इन तीनों पर शोरूम से 500 ग्राम सोने के सिक्के गबन करने का आरोप है। इन सिक्कों की अनुमानित कीमत करीब 82 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त, 7 लाख 65 हजार रुपये का भी गबन किया था। पीड़ित नीचीबाग निवासी रितेश कुमार बूबना ने पिछले माह प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आरोप लगाया कि काशी मधुरम आभूषण नाम से सोने-चांदी की आभूषणों की दुकान है। सिगरा चौराहे पर एशप्रा की फ्रेंचाइजी के रूप में संचालित होती है। 18 अगस्त को ऐशप्रा का ऑडिट हुआ था। इसमें 500 ग्राम सोने के सिक्के, 7 लाख 65 हजार रुपये गायब पाए गए थे। पांच कर्मियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विशाल तिवारी और राजकुमार के बारे में भी जानकारियां जुटाई जा रही है।
दीवानी परिसर में न हो राजनीतिक दलों का धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी
दीवानी न्यायालय परिसर की सुरक्षा, गरिमा और न्यायिक कार्यों की सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर में राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है। सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने कहा कि न्यायालय परिसर में किसी भी राजनीतिक दल या संगठन की ओर से धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी और जुलूस का आयोजन नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दीवानी परिसर न्याय पाने के लिए आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण स्थान है। यहां प्रतिदिन हजारों लोग आते हैं। ऐसे में राजनीतिक गतिविधियों और भीड़ के कारण न्यायिक कार्य प्रभावित होने के साथ ही सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
न्यायालय परिसर में शांति, अनुशासन और सुरक्षा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। यदि किसी दल या संगठन को विरोध-प्रदर्शन करना है तो वह इसके लिए निर्धारित उचित स्थान का चयन करे और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपे। न्यायालय परिसर की गरिमा और आम जनता की सुविधा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
नमो घाट पर सुरक्षाकर्मी से विवाद, असलहे की अफवाह झूठी
नमो घाट पर रविवार को दो युवकों ने एक महिला सुरक्षाकर्मी से विवाद किया। यह विवाद मोबाइल फोन से फोटो खींचने से मना करने पर शुरू हुआ। इस घटना के दौरान असलहा होने की अफवाह भी फैली। हंगामा बढ़ता देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच, एक अन्य युवक ने शोर मचाया कि विवाद कर रहे युवकों के बैग में असलहा है। इस हंगामे के बीच दोनों युवक घाट से बाहर चले गए। आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि नमो घाट पर असलहा लेकर युवकों के पहुंचने की बात झूठी है।
विंध्याचल स्टेशन पर होगा ट्रेनों का ठहराव
नवरात्र में पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से मैहर और विंध्याचल स्टेशन पर कई ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव दिया गया है। नवरात्र भर लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस विंध्याचल स्टेशन पर दो मिनट रुकेगी। इसके अलावा मैहर रूट पर स्पेशल ट्रेन पांच मिनट के लिए रुकेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 12167/12168 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस को विंध्याचल स्टेशन पर 2 मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है।
11 से 26 अक्तूबर तक लोकमान्य तिलक से आने वाली ट्रेन रात 10.15 बजे से 10.17 बजे तक रुकेगी। उधर, बनारस से चलने वाली लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस का ठहराव दोपहर 12.10 बजे से 12.12 बजे तक विंध्याचल स्टेशन पर होगा। इसी तरह 11055-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस, 11059-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-छपरा एक्सप्रेस, 18201/18202 दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस, 11037/11038 पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस, 11056 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस मैहर स्टेशन पर पांच मिनट के लिए रुकेगी।
गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 5 मीटर नीचे 15 से ज्यादा पंप लगाकर हो रही घाटों की सफाई
गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो गया है। जलस्तर चेतावनी बिंदु से पांच मीटर से भी कम है। हालांकि जलस्तर कम होने के बावजूद घाटों की चहल-पहल अभी पूरी तरह से नहीं लौटी है। सिल्ट और गंदगी अब भी लोगों की परेशानी का सबब बने हुए हैं। आने वाले 10 दिनों बाद से ही काशी में एयरशो, छठ और देव दीपावली जैसे बड़े आयोजन होंगे। इनके लिए घाटों को तैयार करने में नगर निगम जुटा है।
नमो घाट पर होने वाले एयर शो को ध्यान में रखकर नगर निगम की ओर से सफाई शुरू कराई गई है। 15 से ज्यादा पंप के अलावा मजदूर लगाकर घाटों की सफाई कराई जा रही है। अहिल्याबाई, राजघाट, राणामहल, जैन घाट, अस्सी, महानिर्वाणी, मणिकर्णिका, दरभंगा समेत कई घाटों के संपर्क मार्गों पर सिल्ट जमा है।
यहां पूजा पाठ कराने वाले राकेश गुरू ने बताया कि सिल्ट जमा होने से दिक्कत आ रही है। पर्यटकों को स्नान करने के लिए पानी तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। कीचड़ और गंदगी के कारण घाटों पर आवाजाही भी मुश्किल हो गई है। मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र ने बताया कि नमो घाट के पास जेसीबी से सफाई कराई जा रही है जबकि बाकी घाटों पर पानी के पंप से सिल्ट हटाई जा रही है।
पार्किंग नियमावली से दूर होगी जाम की समस्या
शहर की प्रमुख सड़कों पर जाम की समस्या का समाधान करने के लिए जल्द ही नई पार्किंग नियमावली बनाई जाएगी। इसके तहत जल्द यातायात पुलिस/ विकास प्राधिकरण/परिवहन और नगर निगम की ओर से संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर नए पार्किंग स्थल का चयन किया जाएगा। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि शहर में लगने वाले जाम का समाधान करने की दिशा में काम हो रहा है। पार्किंग नियमावली से समस्या का समाधान कराया जाएगा।
निजी पार्किंग संचालकों के लिए वाहनों की संख्या और खर्च के ब्योरे के आधार पर वाहनों का उचित शुल्क तय किया जाएगा। ऑटो और ई-रिक्शा के लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा दी जाएगी। बताया कि अस्सी घाट के पास 9.84 करोड़ की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। चार मंजिला मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग में 200 से अधिक चार पहिया वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी।
32 साल पुराने मुकदमे का एक साल में निस्तारण करें : कोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 32 साल से लंबित दीवानी मुकदमे का एक साल के भीतर निस्तारण करने का आदेश दिया है। न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल की एकल पीठ ने इंदु देवी की याचिका पर वाराणसी की निचली अदालत को रोजाना सुनवाई कर फैसला करने के लिए कहा है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी भी पक्ष को स्थगन नहीं दिया जाए। याची ने वाराणसी के अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन), द्वितीय की अदालत में लंबित मूल वाद संख्या 1258/1994 के शीघ्र निस्तारण की मांग की थी। यह मुकदमा 1994 से लंबित है। हाईकोर्ट ने कहा कि हालांकि पूर्व में खंडपीठ ने दीवानी मुकदमों के शीघ्र निस्तारण के लिए अलग श्रेणी बनाने के संबंध में सिद्धांत निर्धारित किया था, लेकिन इस मामले में मुकदमे की लंबी अवधि को देखते हुए शीघ्र सुनवाई जरूरी है।
काशी रेलवे स्टेशन पर 127 दिनों का मेगा ब्लॉक खत्म
काशी रेलवे स्टेशन पर ट्रैक मेंटेनेंस सहित अन्य काम के लिए लिया गया 127 दिन का मेगा ब्लॉक खत्म हो गया। रविवार को काशी स्टेशन, मालवीय पुल होते हुए ट्रेनें अपने सामान्य रफ्तार से रवाना हुईं। स्टेशन पर बिछाई गई तीसरी लाइन का काम पूरा होने के बाद अब बिहार, कोलकाता, पश्चिम बंगाल, पटना रूट पर चलने वाली यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी सहूलियत होगी। काशी रेलवे स्टेशन से वर्तमान समय में दो रेलवे लाइन से ट्रेनों का संचालन चल रहा था। 3-4 नंबर की लाइन की नए सिरे से मरम्मत कराने के लिए ही 127 दिन से मेगा ब्लॉक लिया गया था। उत्तर रेलवे के डीआरएम बीके यादव काशी रेलवे स्टेशन पर मेगा ब्लॉक अब पूरी तरह खत्म हो गया है। ट्रेनों का संचालन भी सामान्य तौर पर शुरू हो गया है।
निगम कार्यकारिणी की आज होगी बैठक
नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की बैठक सोमवार को 12 बजे निगम सभागार में होगी। बैठक की अध्यक्षता मेयर अशोक कुमार तिवारी करेंगे। बैठक में शहर के विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाएंगे। इसके अलावा बंटवारे के समय पाकिस्तान से लाकर काशी में स्थापित किए गए शिवलिंग के नामकरण पर कार्यकारिणी में चर्चा के बाद मुहर लगेगी।
हवा में नमी बढ़ी और तापमान में कमी दर्ज
पिछले सप्ताह के शुरूआत से ही मौसम का मिजाज जिस तरह से बदला है, उसका असर तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। हवा में नमी भी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। सिहरन भी लोग महसूस करने लगे हैं। हवा में नमी बढ़ने का असर है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई है। रविवार को अधिकतम तापमान 31.8 रिकाॅर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी 20.6 पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि इस सप्ताह तक मौसम ऐसे ही बने रहने के आसार हैं।
काशी विद्यापीठ में छह दिन तक 27 विभागों में पीएचडी की प्रस्तुति
वाराणसी। काशी विद्यापीठ के विभागों में शोध करने वाले विद्यार्थियों को शोध प्रस्ताव का प्रेजेंटेशन विभागीय समिति के सामने देना होगा। सत्र 2024-25 में शोध प्रवेश परीक्षा पास करने के बाद समर्थ पोर्टल पर दूसरे चरण के लिए शुल्क जमा करने, शोध प्रस्ताव जमा करने वालों का प्रेजेंटेशन 12 से 17 अक्तूबर तक चलेगी। विश्वविद्यालय की ओर से विषयवार पूरी जानकारी भी वेबसाइट पर अपलोड करवा दी गई है।
विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर में प्रवेश की प्रक्रिया अंतिम दौर में चल रही है। इस बीच पीएचडी प्रवेश संबंधी तैयारी भी चल रही है। जो प्रेजेंटेशन विद्यार्थियों को देना है, उसमें अब तक किए गए कार्यों के बारे में भी जानकारी देनी होगी।
विवि की कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय का कहना है कि शोध प्रस्ताव जमा करने वाले विद्यार्थियों को शोध प्रस्ताव का प्रस्तुतिकरण, साक्षात्कार के लिए विभागवार संबंधित समिति की बैठक भी होगी। 12 से 17 तक जारी समय-सारिणी में अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, इतिहास, प्राचीन इतिहास, दर्शनशास्त्र, अर्थशास्त्र सहित 27 विभाग हैं।
अब प्रार्थना सभा में बच्चे सीखेंगे ई कचरा प्रबंधन
परिषदीय विद्यालयों में सुबह की प्रार्थना सभा में बच्चों को ई-वेस्ट के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसमें ई-वेस्ट के प्रकार, इनके सुरक्षित संग्रहण, दुष्प्रभाव के लिए प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। बेसिक-माध्यमिक विद्यालयों में छात्रों को ई-कचरा के प्रति जागरूक करने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। सभी विद्यालयों में 28 अक्तूबर को सुबह की प्रार्थना सभा में ई-कचरे के उचित प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी।
एडी बेसिक हेमंत राव ने बताया कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सभी बीएसए व डीआईओएस को इस संबंध में निर्देश जारी किया है। विद्यालयों में ई कचरा संग्रहण केंद्र भी बनाने को कहा गया है। साथ ही ई-वेस्ट पर प्रश्नोत्तरी भी कराई जाएगी। इसमें ई-वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़ी समझ छात्रों में विकसित की जाएगी। प्रश्नोत्तरी में कक्षा व आयु के अनुरूप सवालों का चयन किया जाएगा। बैनर, स्टैंडी, नोटिस बोर्ड व स्मार्ट क्लासरूम में सामग्री से छात्रों, शिक्षकों व अभिभावकों को जागरूक करें।
साहित्य जगत से जुड़े लोगों के साथ शोध छात्रों ने की चर्चा
बीएचयू कैंपस में मुक्ताकाशी मंच पुलिया प्रसंग का पांचवां वार्षिकोत्सव रविवार को मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में साहित्य जगत से जुड़े लोगों के साथ ही शोध छात्रों ने चर्चा की। मुख्य अतिथि मूर्तिकार प्रो. मदन लाल गुप्त ने कहा कि पुलिया प्रसंग जैसी संस्था का छात्रों के जीवन के रचनात्मकता विस्तार के लिए निर्णायक भूमिका रही है। युवाओं में ज्ञान और संस्कार का विकास करना सभी की जिम्मेदारी है।
आचार्य प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल ने कहा कि पुलिया प्रसंग केवल एक स्थान नहीं है, बल्कि लोक संवाद का रचनात्मक मंच है। आईआईटी बीएचयू के वरिष्ठ आचार्य प्रो. राकेश कुमार मिश्र, पंकज श्रीवास्तव, डॉ. महेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने विचार रखे। संचालन डॉ. विंध्याचल यादव, प्रो. देवेंद्र मिश्र ने किया। इस दौरान शोधार्थी पंकज यादव द्वारा लिखित आलेख का पाठ किया गया।
प्रो.बी राम बने नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज के सदस्य
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय के द्रव्यगुण विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. बीराम को चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और उल्लेखनीय योगदान के लिए नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (इंडिया) नई दिल्ली की ओर से एकेडमी का सदस्य चुना गया है। एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी चेन्नई में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान उन्हें ये जिम्मेदारी दी गई। यह सम्मान एकेडमी के अध्यक्ष डॉ. दिगंबर बेहेरा ने प्रदान किया।
बीएचयू में 504 एनसीसी कैडेट ले रहे प्रशिक्षण
बीएचयू कैंपस में 89 यूपी बटालियन में चल रहे संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में तीन जिलों के 504 कैडेटों को फायरिंग, परेड का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही आपदा प्रबंधन, फायर फाइटिंग और हार्ट अटैक में बचाव के लिए सीपीआर देने का प्रशिक्षण कैडेट ले रहे हैं। इससे कि किसी तरह की समस्या पर तुरंत राहत मिल सके। विवि कैंपस में 5 अक्तूबर से चल रहा कैंप 14 अक्तूबर तक चलेगा। कैंप में वाराणसी के बीएचयू डीएवी कॉलेज, सीएचएस कमच्छा सहित अन्य कॉलेजों के साथ ही बलिया, गाजीपुर के कैडेट शामिल है।
खुद कूड़ा उठाने उतरे आयुष मंत्री
सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने अपने कैंप कार्यालय और आसपास स्वच्छता अभियान चलाया। जनसुनवाई से पहले मंत्री खुद सफाई में जुटे और खरपतवार व कूड़ा उठाकर कूड़ा गाड़ी में डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन आंदोलन है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। डॉ. दयालु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को सेवा का महत्वपूर्ण मंत्र बनाया है।
सात विभूतियों को किया सम्मानित
रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल ने रविवार को सिगरा स्थित एक होटल में रोटरी वोकेशनल एक्सीलेंस एंड लेगेसी अवाॅर्ड्स समारोह आयोजित किया। इसमें समाज और राष्ट्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सात विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने पद्मश्री रजनीकांत, प्रो. एसएन उपाध्याय, प्रो. प्रदीप कुमार मिश्रा, शबाना खातून, प्रो. सुधाकर मिश्रा, मोहम्मद अबू तालिब अंसारी और पंडित गणेश प्रसाद मिश्रा को सम्मानित किया।
300 से ज्यादा घरों की जलापूर्ति ठप
नवरात्र के पहले दिन आदमपुर जोन के भारद्वाज टोला और दीवानगंज इलाके में पानी की आपूर्ति ठप होने से 300 से ज्यादा घरों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार दोपहर से बाधित जलापूर्ति रात 9 बजे तक बहाल नहीं हो सकी थी। इससे घरेलू कामकाज प्रभावित होने के साथ ही महिलाओं को पूजा-पाठ करने में भी परेशानी हुई। क्षेत्रवासी रुद्रेश पांडेय, प्रिया चौबे, रश्मि और आशुतोष पांडेय ने बताया कि पानी नहीं आने से घरों के जरूरी काम प्रभावित हुए। जलकल के सचिव सुधीर कुमार वर्मा ने बताया कि जलापूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष बने सुरेंद्र प्रताप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने रविवार को प्रदेश के सभी जिलों के अनुसूचित मोर्चा के जिला प्रभारी घोषित कर दिए। बड़ागांव के खरावन निवासी सुरेंद्र प्रताप को अनुसूचित मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, महानगर अध्यक्ष के पद पर मनोज सोनकर की ताजपोशी हुई है। पार्टी के पदाधिकारियों ने दोनों के मनोनयन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इमरजेंसी सर्जरी से जुड़ी बारीकियां जानीं
आईएमएस बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में इंडियन सोसाइटी फॉर ट्रॉमा एंड एक्यूट केयर के 16वें वार्षिक सम्मेलन के तहत हुई प्री-कॉन्फ्रेंस रविवार को समाप्त हो गई। इस दौरान रेजिडेंट डॉक्टर के साथ ही पैरामेडिकल स्टाफ को इमरजेंसी सर्जरी से जुड़ी बारीकियां बताई। प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशाला में प्रतिभागियों को आवश्यक एवं उन्नत ट्रॉमा-केयर कौशल का, व्यावहारिक और सिमुलेशन-आधारित प्रशिक्षण दिया गया। संचालन प्रो. मंजरी मिश्रा ने किया। इस दौरान डॉ. शिवी जैन, डॉ. अरुण राज पांडेय, डॉ. यशपाल, डॉ. बिक्रम गुप्ता, डॉ. ऋचा अग्रवाल, डॉ. सुमित शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जेपी ने अपने विचारों और व्यक्तित्व से बदल दी थी देश की दिशा
लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती रविवार को भेलूपुर ललिता स्थित सपा महानगर कार्यालय में धूमधाम से मनाई गई। इसके बाद उनके जीवन पर एक गोष्ठी हुई। इसकी अध्यक्षता कर रहे महानगर महासचिव योगेंद्र यादव ने कहा कि आजादी की लड़ाई से लेकर 1977 तक तमाम आंदोलन की अगुवाई जेपी ने किया था। वे अपने विचारों, व्यक्तित्व से देश की दिशाएं बदल दी थीं।
संचालन कर रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेश यादव ने कहा कि सन 1974 में जेपी ने तत्कालीन सरकार के भ्रष्टाचार, बढ़ते हुए जुल्म,ज्यादती, जन विरोधी नीतियों के खिलाफ बिहार से बिगुल फूंका था। जिससे पूरे देश की जनता आंदोलित हो गई। उसका परिणाम यह हुआ कि चुनाव में पूरे देश से कांग्रेस का सफाया हो गया था। डॉ. बहादुर सिंह यादव ने इमरजेंसी को याद करते हुए कहा कि जब-जब सत्तारूढ़ दल जुल्म और ज्यादती की पराकाष्ठा पार किया है, उसे मुंह की खानी पड़ी है। धन्यवाद मीडिया प्रभारी रामजी यादव ने किया। गोष्ठी में जाहिद नासिर, प्रदीप मौर्य, आकाश बर्मन,अमन यादव, अनिल साहू मौजूद रहे।
मंदिरों से निकलने वाले निर्माल्य की बनेगी खाद
नवरात्र में देवी मंदिरों से निकलने वाले निर्माल्य की खाद बनाई जाएगी और उसका इस्तेमाल शहर के पार्कों में किया जाएगा। इसके लिए मंदिरों के आसपास अलग गाड़ियां लगाई जा रही हैं। इसमें ही निर्माल्य एकत्र किए जाएंगे और प्रोसेसिंग प्लांट तक ले जाया जाएगा। नगर निगम की कार्ययोजना के अनुसार देवी मंदिरों के आसपास सफाई के लिए कर्मचारियों की अलग से ड्यूटी लगाई गई है। उन्हें हिदायत दी गई है कि मंदिरों से निकलने वाले निर्माल्य को उचित स्थान पर पहुंचाएं।
जोनल अधिकारियों को भी नियमित भ्रमण कर ये सुनिश्चित करने को कहा गया है कि मंदिरों से निकलने वाले निर्माल्य का इस्तेमाल खाद बनाने के लिए ही हो। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि मंदिरों से निकलने वाले निर्माल्य से खाद बनाई जाएगी। खाद का इस्तेमाल शहर के पार्कों में किया जाएगा। इसके अलावा जरूरतमंद किसानों को भी दिया जाएगा।
बिगड़ती जीवनशैली से कम उम्र के लोगों में भी बढ़ रहा गठिया का दर्द
आर्थराइटिस यानी गठिया 60 साल के बाद होने वाली बीमारी मानी जाती हैं लेकिन जैसे-जैसे लोगों की जीवनशैली में बदलाव हो रहा है इससे अब कम उम्र के लोगों को भी गठिया का दर्द होने लगा है। राजकीय आयुर्वेद कॉलेज चौकाघाट से लेकर बीएचयू अस्पताल में चलने वाली स्पेशल क्लीनिक में हर दिन मरीजों की भीड़ देखने को मिल रही है।
डॉक्टर भी लोगों से सेहत के प्रति सतर्कता बरतने, नियमित व्यायाम की सलाह दे रहे हैं।आर्थराइटिस के प्रति जागरूकता को लेकर हर साल 12 अक्तूबर को विश्व आर्थराइटिस दिवस मनाया जाता है। जागरूकता के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से समय-समय पर इसके लिए कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। बीएचयू अस्पताल में भी वाराणसी के साथ ही आसपास के जिलों से गठिया की समस्या वाले मरीज मेडिसिन विभाग में चलने वाली ओपीडी में दिखाने आते हैं। इसके अलावा जीरियाट्रिक विभाग में हर मंगलवार को गठिया के लिए ओपीडी चलती है।
जीरियाट्रिक विभाग के प्रोफेसर और राष्ट्रीय वरिष्ठ जन स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. अनूप सिंह का कहना है कि बुजुर्गों में गठिया की समस्या के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। हर मंगलवार को ओपीडी भी चलती है। इसमें 50 से ज्यादा लोग ये समस्या लेकर आते हैं।
गोवर्धन पूजा को सफल बनाने के लिए आम जनता से मांगेंगे सुझाव
गोवर्धन पूजा समिति के ओर से रविवार को जैतपुरा स्थित ज्वरहेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बैठक की गई। जिसका मुख्य उद्देश्य आगामी 10 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य गोवर्धन पूजनोत्सव की तैयारियों की रूपरेखा तैयार करना और क्षेत्रीय नागरिकों से सुझाव आमंत्रित करना था। कार्यक्रम के आरंभ में ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष गोपाल जी यादव एवं समिति अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू ने उपस्थित क्षेत्रीय जनों को केसरिया पगड़ी पहनाकर उनका पारंपरिक स्वागत किया। बैठक में उत्सव को भव्य और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से विमर्श हुआ। इस दौरान लालू यादव, अजय यादव, मदन यादव, कैलाश यादव, अभय स्वाभिमानी, जितेंद्र यादव एवं अशोक यादव मौजूद रहे।
मारवाड़ी समाज ने 33 युवा प्रतिभाओं को किया सम्मानित
मारवाड़ी समाज ने रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती पर युवा प्रतिभाओं का सम्मान किया। प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 10 और 12वीं की परीक्षा में 90 फीसदी से ज्यादा अंक प्राप्त करने वाले छात्रों, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल और प्रोफेशनल डिग्री धारक 22 युवाओं को सम्मान मिला। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने कहा कि युवा पीढ़ी में असीम ऊर्जा और संभावनाएं हैं। देश और समाज के बेहतर भविष्य के लिए योग्य युवाओं का आगे आना अत्यंत आवश्यक है। संस्था के अध्यक्ष अनूप सराफ ने समाज के लोगों से सहयोग करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री पवन कुमार अग्रवाल ने शिक्षा छात्रवृत्ति योजना और रोजगार दिलाने के प्रयासों की जानकारी दी।
बुजुर्गों की सेवा दायित्व नहीं संस्कार है : अशोक चौरसिया
नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया दुर्गाकुंड स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे। उन्होंने वहां रह रहीं बुजुर्ग माताओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और फल, मिठाई व साड़ी भेंट की। उन्होंने बुजुर्ग माताओं का आशीर्वाद भी लिया। अशोक चौरसिया ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा केवल दायित्व नहीं, बल्कि संस्कार है। बुजुर्गों की सेवा और उनका आशीर्वाद जीवन की बड़ी पूंजी है।
सनातन के आंगन में सजेगी जेनजी की चौपाल परंपरा और आधुनिकता का होगा महामंथन
काशी में तीन से पांच नवंबर तक संस्कृति संसद 2026 का आयोजन होने जा रहा है। सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाले तीन दिवसीय आयोजन का छठवां संस्करण विशेष रूप से जेनजी यानी आज की युवा पीढ़ी को केंद्र में रखकर किया जाएगा। गंगा महासभा द्वारा अखिल भारतीय संत समिति, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और श्री काशी विद्वत परिषद के मार्गदर्शन में आयोजित इस महामंथन में देशभर से लगभग 3,000 संतों के साथ भारी संख्या में युवा, वैज्ञानिक, शोधार्थी और कलाकार जुटेंगे।
रविवार को बड़ी गैबी स्थित कार्यालय पर संत समिति के महामंत्री जितेंद्रानंद सरस्वती, पातालपुरी पीठाधीश्वर बालक दास, काशी विद्वत परिषद के महामंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। संतों ने संयुक्त रूप से बताया कि इस बार संस्कृति संसद की सबसे बड़ी विशेषता इसका समानांतर चलने वाला जेनजी कॉन्क्लेव है। इस मंच की संरचना विशेष रूप से युवा दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जिसमें 90 प्रतिशत युवा वक्ता और केवल 10 प्रतिशत विशेषज्ञ शामिल होंगे।
जितेंद्रानंद सरस्वती ने बताया कि कार्यक्रम की रूपरेखा को छह प्रमुख आयामों में विभाजित किया गया है। जहां मुख्य सभागार में सुबह से शाम छह घंटे तक वरिष्ठ संत, वैज्ञानिक और विद्वान संस्कृति के आध्यात्मिक व बौद्धिक पहलुओं पर मंथन करेंगे, वहीं समानांतर सत्रों में जेनजी कॉन्क्लेव युवा ऊर्जा का केंद्र बनेगा।