फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: हादसे में युवक की मौत, चार घायल, आफ्शा के मामले में इस दिन सुनवाई; पढ़ें खबरें

Tue, 02 Sep 2025 09:49 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में दर्दनाक हादसे में एक युवक ने अपनी जान गंवा दी। चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। वहीं, माफिया मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अंसारी के मामले की सुनवाई अब चार सितंबर को होगी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी पानी टंकी के पास सोमवार शाम दो बाइक की टक्कर में अजीत कुमार बिंद (24) वर्ष की मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठी नानी राजो देवी और दूसरे बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए। पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

विज्ञापन


भेलूपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी अजीत कुमार बिंद शाम को अपनी नानी बिहार की तेत्रहा निवासी राजो देवी को बाइक से करसड़ा दवा दिलाने गया था। लौटते समय अखरी पानी टंकी के पास विपरीत दिशा से आए बाइक सवार तीन युवकों ने टक्कर मार दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अजीत की हालत नाजुक देख बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया।

इस बीच अजीत ने दम तोड़ दिया। घायल राजो देवी का अखरी के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। दूसरे बाइक सवार तीन युवकों में एक की हालत गंभीर है, दो अन्य अचेत हैं। सूचना मिलने पर अजीत के पिता कन्हैयालाल, मां लक्ष्मीना बेसुध हो गए। दो भाइयों में अजीत छोटा और अविवाहित था। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि घायलों की पहचान में टीम जुटी है।

विज्ञापन

आफ्शा अंसारी। - फोटो : अमर उजाला
माफिया मुख्तार की पत्नी आफ्शा अंसारी के मामले में चार सितंबर को सुनवाई
विशेष जज (एमपी/ एमएलए) राजीव कुमार वत्स की अदालत गैंगस्टर एक्ट में आरोपी माफिया मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अंसारी के मामले की सुनवाई अब चार सितंबर को करेगी। अदालत ने आफ्शा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। संपत्ति कुर्क करने का नोटिस दिया था। इसी मामले में सुनवाई होनी थी लेकिन सोमवार को अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने के चलते मामला टल गया।

मामला दक्षिण टोला थाना क्षेत्र का है। अभियोजन के अनुसार तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक दक्षिण टोला पंकज कुमार सिंह की तहरीर पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें माफिया मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अंसारी, अनवर शहजाद, सरजील रजा उर्फ़ आतिफ रजा, रविंद्र नारायण सिंह, जाकिर हुसैन उर्फ विक्की को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने मामले की विवेचना कर मुख्तार की पत्नी आफ्शा अंसारी के विरुद्ध फरारी में आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया। आफ्शा के अलावा अन्य आरोपी पेशी पर आ रहे हैं। आफ्शा के पेश न आने के कारण ही अदालत ने गैरजमानती वारंट जारी किया था।

दर्ज मुकदमे के विरोध में 150 अधिवक्ताओं का जिलाधिकारी पोर्टिको पर प्रदर्शन, नारेबाजी
शिवपुर थाने में तीन अधिवक्ताओं पर मारपीट, लूट समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज करने से नाराज 150 अधिवक्ताओं ने सोमवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक विरोध प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी पोर्टिको के बाहर नारेबाजी की। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी, सेंट्रल व बनारस बार के अध्यक्ष मंगलेश दूबे, सतीश तिवारी, राजेश गुप्त, शशांक श्रीवास्तव ने पुलिस आयुक्त से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक विरोध दर्ज कराया। 

नारेबाजी के बीच पुलिस ने अधिवक्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। अधिवक्ताओं ने सदर तहसील में भी विरोध प्रदर्शन किया। डीएम कार्यालय से लेकर पुलिस आयुक्त कार्यालय तक भारी फोर्स तैनात रही। शुक्रवार शाम तीन अधिवक्ताओं पर दर्ज हुई एफआईआर के बाद कचहरी खुलते ही अधिवक्ता आक्रोशित हो गए। 150 अधिवक्ता डीएम पोर्टिको में पहुंचे। नारेबाजी करते हुए पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंच गए। 

दोबारा डीएम पोर्टिको पर पुलिस और लेखपालों के खिलाफ नारेबाजी की। शिवपुर थाना प्रभारी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्हें हटाने और लेखपाल की सपंत्ति की जांच की मांग की। 27 अगस्त की शाम तहसील सदर परिसर में लेखपाल और अधिवक्ताओं में हाथापाई हुई थी, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने लेखपाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। दो दिन बाद लेखपाल की तरफ से भी तीन अधिवक्ताओं पर केस दर्ज किया गया।

फर्जी दस्तावेज बनाने के मामले में महिला समेत सात पर केस
चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा गांव में फर्जी दस्तावेज तैयार कर अदालत में पेश करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को महिला समेत सात आरोपियों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। चोलापुर थाना क्षेत्र के अल्लोपुर निवासी पीड़ित सुभाष सिंह ने पुलिस को बताया कि चौक की ब्रह्मनाल निवासी स्वाति गुप्ता, राजकुमार यादव, सोमारू यादव, नन्हकू यादव, शिवकुमार यादव, धीरेंद्र यादव व झगड़ू यादव ने फर्जी दस्तावेज तैयार किए। 

यह दस्तावेज नायब तहसीलदार शिवपुर की अदालत में दाखिल किया गया। जबकि उस पर 1923 का पंजीकरण दिखाया गया था। जांच में पाया गया कि दस्तावेज पर 2024 की नोटरी का मुहर लगा हुआ था। स्पष्ट होता है कि इसे धोखाधड़ी व फर्जीवाड़े के इरादे से तैयार किया गया। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया किनामजद आरोपियों पर पहले भी चौबेपुर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है।

मकान से नकदी और आभूषण चोरी
जंसा थाना क्षेत्र के खिल्लुपुर गांव से रविवार रात चोरों ने मकान से नकदी और आभूषण पर हाथ साफ किया। सोमवार को पुलिस ने छानबीन की। खिल्लुपुर के रामसूरत पटेल ने पुलिस को बताया कि परिवार के साथ दर्शन करने विंध्याचल गए थे। रविवार देर रात लौटने पर सभी अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह उठे तो कमरे में आलमारी टूटा हुआ था। पांच हजार की नकदी और आभूषण चोरी हो गए। थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

शिवदासपुर से आनलाइन जुआ में आठ गिरफ्तार
मंडुवाडीह थानाक्षेत्र के शिवदासपुर के एक मकान में एसओजी-2 की टीम ने सोमवार की शाम छापा मारकर आनलाइन जुआ संचालन में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी भाग्य लक्ष्मी एप के जरिए जुआ खेल रहे थे।

डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि 6 मोबाइल और 22960 रुपये नगद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों में वेद प्रकाश, फिरोज खान, जय कुमार, मो. इश्तियाक, राजकुमार, राहुल सोनकर, चंद्रशेखर पटेल व अंसार अहमद है। सभी शिवदासपुर और आसपास के रहने वाले हैं। आसपास के लोगों ने गोपनीय सूचना दी कि मकान में आनलाइन जुआ का संचालन होता है। इस आधार पर एसओजी-2 ने छापा मारा और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

दिल्ली के दो यात्रियों के सामान होटल के कमरे से चोरी
सिगरा थाना क्षेत्र के परेडकोठी में होटल से दो यात्रियों का पांच लाख का सामान चोरी हो गया। पीड़ित ने सोमवार को सिगरा थाने में तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी कैमरे और फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दिल्ली के सुल्तानपुरी इंद्र झील निवासी रितिक और सागर ने पुलिस को बताया कि एक शूट के लिए 30 अगस्त की रात 11 बजे वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचे। परेडकोठी के होटल में कमरा पहले से बुक था। 

कैमरा समेत अन्य सामान रखने के बाद बुकिंग कर्ता ऋषि के बुलावे पर लंका और चौक पहुंचे। जब होटल पहुंचे तो सामान बिखरा हुआ था और बैग से लगभग पांच लाख के सामान गायब थे। रोडवेज चौकी पर गए तो वहां से सिर्फ दौड़ाया गया। सीसी कैमरे और फुटेज के बाद रोडवेज पुलिस चौकी ने कोई सुनवाई नहीं की। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। 

कार की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवतियां घायल, चालक की पिटाई
सिगरा के पेट्रोल पंप के पास सफेद रंग की कार ने सोमवार शाम स्कूटी सवार दो युवतियों को टक्कर मार दी। भारत सरकार लिखी बिहार रजिस्ट्रेशन नंबर की कार विद्यापीठ रोड की ओर भागी, जिसे राहगीरों ने पीछाकर पकड़ा और चालक की पिटाई की। इस बीच पहुंची पुलिस ने किसी तरह उसे छुड़ाया। सिगरा पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया है।

कांग्रेस और राजद के मंच से अभद्र टिप्पणी के खिलाफ महिला मोर्चे का प्रदर्शन
बिहार में कांग्रेस और राजद के संयुक्त मंच से प्रधानमंत्री को गाली देने के मामले में भाजपा महिला मोर्चा महानगर और जिला की ओर से सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन हुआ। महिलाओं ने उनकी अभद्र टिप्पणी की निंदा की। 

महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष कुसुम सिंह पटेल ने कहा कि बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माताजी के लिए कांग्रेस और राजद के मंच से जिस प्रकार गालियों से भरी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की राजनीति अपने निम्न स्तर पर आ पहुंची है। 

महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता सिंह ने कहा कि ये सब दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी अपने उसी चाल चरित्र में वापस लौट आई है, जिसके माध्यम से उसने हमेशा देश की राजनैतिक संस्कृति में जहर घोलने का काम किया। महिलाओं ने हाथ में प्ले कार्ड लेकर प्रदर्शन किया। इस पर राहुल गांधी शर्म करो, राहुल गांधी माफी मांगो, कांग्रेस पार्टी माफी मांगों, मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान लिखा था। इस दौरान महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष कुसुम सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष विनीता सिंह, पूजा दीक्षित, रिचा सिंह, विभव सिंह रहे।

रास्ते का खड़ंजा उखाड़ने को लेकर मारपीट, मुकदमा 
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर गांव स्थित मुस्लिम बस्ती में सार्वजनिक रास्ते पर इंटरलॉकिंग टाइल्स को उखाड़ने को लेकर मारपीट हुई। पीड़ित मेराज खान ने सोमवार को पुलिस को बताया कि गांव में रास्ते पर डमरू टाइल्स से इंटरलॉकिंग लगा था। गांव के ही बेलाल शाह और सफरशाह इन टाइल्स को उखाड़ रहे थे। जब उन्हें रोका और तो गाली-गलौज शुरू कर दी। जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।

घरेलू विवाद में पट्टीदारों के बीच मारपीट
कोतवाली थाना क्षेत्र के कतुआपुरा में पारिवारिक विवाद को लेकर पट्टीदारों के बीच मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में केस दर्ज कराया। कतुआपुरा निवासी अर्चना देवी ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम करीब 5 बजे पट्टीदार सिनिता, अनिता, मिथुन, शिनिल, सनोज ने घर में घुस कर मारपीट की। वहीं दूसरे पक्ष के सचिन कुमार ने पिटाई का आरोप लगाया। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

त्रिमूर्ति हॉस्पिटल को अवैध निर्माण हटाने के लिए 7 दिन का समय
वीडीए की ओर से सोमवार को गिलट बाजार में त्रिमूर्ति हॉस्पिटल को अवैध निर्माण हटाने के लिए अंतिम अवसर दिया गया है। 7 दिन में इसे न हटाने पर वीडीए कार्रवाई करेगा। प्रतिमा सिंह, डॉ. राममूर्ति सिंह की ओर से सिकरौल वार्ड में तीन तल के भवन का शमन मानचित्र प्रस्तुत किया गया।

शमन मानचित्र में तृतीय तल अशनमीय भाग था। जिसे हटाने के लिए शपथ पत्र के माध्यम से 30 दिन का समय मांगा गया था। प्रवर्तन टीम ने निरीक्षण में पाया कि इसे हटाए बिना अस्पताल का संचालन किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी शिवजी मिश्रा और अवर अभियंता रोहित कुमार मौजूद रहे।

लस्सी की दुकान पर काम करने कर्मचारी को पीटा, केस दर्ज
मानस मंदिर के पास लस्सी की दुकान पर काम करने वाले सोमारू जायसवाल की पिटाई में सोमवार को आरोपी सागर के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया है। दशमी सरायनंदन की रहने वाली दया देवी ने पुलिस को बताया कि बेटे सोमारू को सागर ने मारा पीटा है। बगल के दुकानदार सागर व्यापार में प्रतिस्पर्धा रख राजन की दुकान छोड़ने के लिए आए दिन बेटे पर दबाव बनाता है। 22 अगस्त की रात 11 बजे दुकान से घर लौटते समय बेटे को कबीरनगर में मारा पीटा। 

राजातालाब में एक रात में तीन दुकानों में चोरी
राजातालाब थाना क्षेत्र के मातलदेई चौराहे पर रविवार रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। एक दुकान में सेंधमारी और दो का ताला तोड़कर नकदी सहित अन्य सामान समेट ले गए। चोरों ने बीज के दुकान में सेंधमारी कर बीज उठाए और 2500 रुपये नकद भी चोरी की। चूड़ी व रुई की मशीन की दुकान का ताला तोड़कर 1000 नकद सहित दुकान में रखे कुछ अन्य समान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

तीसरी चोरी फास्ट फूड की दुकान में हुई। भदरासी निवासी अजीत कुमार की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने 2500 नकद सहित दो गैस सिलिंडर, एक चूल्हा, बर्तन भी चोरी कर लिया। घटनास्थल पर पुलिस और डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की है। थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे से आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। 

पैतृक संपत्ति में भाइयों के बीच मारपीट, केस दर्ज
सिंधौरा थाना क्षेत्र के भगवतीपुर में पैतृक संपत्ति के विवाद को लेकर दो भाइयों में मारपीट हो गई। पीड़ित रमेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह 11.30 बजे घर के सामने कब्जे वाले मकान के दरवाजे को बड़े भाई कैलाश मिश्रा, पत्नी सविता मिश्रा, भतीजे आशुतोष मिश्रा ने ताला तोड़कर प्रवेश करने की कोशिश की, विरोध करने पर गालीगलौज और लाठी-डंडों से पिटाई की। गला दबाकर जान से मारने का भी प्रयास किया गया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।

युवती के घर पर हमला, जान से मारने की धमकी
चौक थाना क्षेत्र के कर्णघंटा मोहल्ले में रविवार को युवती के घर पर आशीष कसेरा 50 साथियों के साथ पहुंचा और गालीगलौज व धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर आशीष कसेरा समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। कर्णघंटा निवासी शिप्रा श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि आशीष ने घर के बाहर गालीगलौज कर उन्हें बाहर निकलने के लिए ललकारा और जान से मारने की धमकी दी। मां और बहन घर का गेट खोलकर बाहर निकलीं। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने अभद्र इशारे किए और भद्दी गालियां दीं। भाई की हत्या करने की धमकी दी। चौक थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि नामजद समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। 

जहरीले जंतु के काटने से बालक की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के फुलपुर निवासी विजय कुमार के 13 साल के बेटे राज की रविवार रात सोते समय जहरीले जंतु के काटने से मौत हो गई। परिजनों ने सोमवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया। विजय ने बताया कि बेटे को दाहिने पैर के अंगूठे में किसी जंतू ने काट लिया था। सोमवार सुबह मां ने उठाने की कोशिश की तो वह अचेत अवस्था में मिला और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। गांव में झाड़-फूंक के बाद निजी अस्पतालों में ले गए, लेकिन सभी ने भर्ती करने से मना कर दिया। गाजीपुर के अमवा शती माता मंदिर लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक राज की सांसें थम चुकी थीं। 

नाबालिग को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अगवा करने के मामले में वांछित आरोपी कुली को अनौली गांव से सोमवार को गिरफ्तार किया। अनौली गांव निवासी आरोपी कुली के खिलाफ पीड़िता की बड़ी बहन ने 25 फरवरी को मुकदमा दर्ज कराया था। 31 अगस्त को किशोरी को पुलिस ने बरामद किया था।

बाइक सवार युवक की पिटाई में नौ पर केस दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव के ज्ञानपुर नहर के पास बाइक सवार युवक की रविवार रात पिटाई के मामले में सोमवार को छह नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। ठटरा गांव निवासी मिथिलेश कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि रास्ते में संदेश सोनकर, मनीष सोनकर, सोनू पटेल, बादल सोनकर, अभिषेक राजभर, हर्ष सिंह और तीन अन्य युवक ने मारा पीटा। छेदी यादव के मकान में छिपा तो वहां भी घुसकर मनबढ़ों ने पीटा। मिर्जामुराद थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

जैतपुरा थाने की हवालात से भागा चोरी का आरोपी, केस दर्ज
जैतपुरा थाने के हवालात से से रविवार सुबह आठ बजे एक आरोपी भाग निकला। कांस्टेबल की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। सीसी कैमरे की मदद से उसकी तलाश की जा रही है। फुटेज में आरोपी लॉकअप के दरवाजे का ताला तोड़ कर भागते हुए नजर आ रहा है। थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि चोरी के आरोप में भेलूपुर के सुदामापुर निवासी मोहम्मद इरशाद को शनिवार रात हवालात में बंद किया गया था। रविवार सुबह आरोपी ने बार-बार ताले को झटका दिया और अचानक ताला खुलते ही वह निकल गया। उसकी तलाश की जा रही है। 

पैसे के लेनदेन में युवक को कार सवारों ने किया अगवा
चोलापुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में सोमवार शाम कार सवारों ने विक्की को कार में अगवा कर ले गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ घंटे में ही युवक को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि रुपये की लेनदेन में आजमगढ़ के निजामाबाद डोडोपुर निवासी विक्की को वहां के कुछ युवकों ने शाम 5 बजे कार में जबरन बिठा लिया। 

पुलिस की छानबीन में सामने आया कि विक्की ने आजमगढ़ से एक व्यक्ति से मोटी रकम ली थी। विक्की का कहना है कि सब पैसा दे दिया गया है, माली स्थिति खराब होने के बाद गांव छोड़कर हाजीपुर में रहने आया था। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि रुपये के लेनदेन में युवक के साथ कहासुनी के बाद अपहरण की बात की गई थी।

हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
सरायमीर थाने की पुलिस ने रविवार को तस्करी के आरोपी बीरू सोनकर को 17.40 ग्राम हेरोइन और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 17 लाख रुपये है। 5500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

थाना प्रभारी निहार नंदन कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि पूनापोखर गांव में बीरू सोनकर अपने मकान के पास हेरोइन बेच रहा है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी भागने लगा लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।

आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार आरोपी की न्यायिक रिमांड कोर्ट ने की निरस्त
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने आर्म्स एक्ट के मामले में लालपुर-पांडेयपुर निवासी आरोपी इकबाल खान उर्फ चंडल की सिगरा पुलिस की न्यायिक रिमांड की अर्जी निरस्त कर दी। आर्म्स एक्ट के एक मामले में सिगरा पुलिस ने इकबाल को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया था। अदालत में आरोपी को पेश करने के बाद सिगरा पुलिस ने आरोपी की न्यायिक रिमांड का अनुरोध किया था। 

बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने विरोध किया। दलील दी कि सिगरा पुलिस ने फर्जी ढंग से गिरफ्तार कर उसे आरोपित बना दिया है। उसके पास से न ही कोई असलहा और न ही कोई कारतूस मिला। साथ ही पुलिस ने अपने कथानक में कहा है कि आरोपी का नाम सह अभियुक्त के बयान के आधार पर सामने आया है। अदालत ने पत्रावली के अवलोकन के बाद न्यायिक रिमांड की अर्जी निरस्त कर दी।

बिना हेलमेट नो फ्यूल, परेशान हुए बाइक सवार
शहर के पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया गया। हालांकि कुछ ही क्षेत्रों में यह देखने को मिला। कुछ पंपों पर दोपहिया वाहन चालक परेशान हो गए। पेट्रोल पंप पर ही एक दूसरे की हेलमेट की अदला-बदली करके किसी तरह सबने पेट्रोल लिया। एक हेलमेट से सिर्फ एक व्यक्ति को ही पेट्रोल मिला। लंका व भेलूपुर, सिगरा में इसे लेकर ग्राहकों और पेट्रोल पंप पर सेल्समैनों से नोक झोंक भी हुई। पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट वाले ग्राहकों की लंबी कतारे लगी रहीं। 

बीएचयू के रसायन वैज्ञानिक को जेसी बोस अनुदान, मिलेंगे 1.25 करोड़ रुपये
बीएचयू के रसायन वैज्ञानिक और रसायन विभाग के अध्यक्ष प्रो. कृष्णा नंद सिंह को प्रतिष्ठित जेसी बोस अनुदान से सम्मानित किया गया। उन्हें पांच साल में 1.25 करोड़ रुपये यानी कि हर साल 25 लाख रुपये दिए जाएंगे। यह अनुदान देश के सक्रिय वरिष्ठ वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मान्यता देता है। इसके तहत वरिष्ठ शोधकर्ताओं को अग्रणी क्षेत्रों में अनुसंधान को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाने के लिए एक्सटर्नल फंड दिया जाता है।

प्रो. सिंह का प्रमुख शोध क्षेत्र कार्बनिक संश्लेषण में पद्धति विकास है। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई शोध कार्य किए गए हैं। वर्तमान में वह प्रो. सीएन आर राव रोटेटिंग चेयर प्रोफेसर हैं। साथ ही भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (इंसा), नई दिल्ली और नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज, इंडिया (नासी), प्रयागराज के फेलो हैं। उन्हें केमिकल रिसर्च सोसाइटी ऑफ इंडिया (सीआरएसई) का सिल्वर मेडल और प्रो. सीएनआर राव अवार्ड फॉर एक्सीलेंस इन रिसर्च से भी अलंकृत किया गया है।

कांग्रेस ने डॉ. आंबेडकर के साथ किया भेदभाव : भाजपा
भाजपा के रोहनिया कार्यालय में सोमवार को भाजपा अनुसूचित मोर्चा की बैठक हुई। मुख्य अतिथि अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया ने कहा कि हम डॉ. भीमराव आंबेडकर को प्रेरणास्त्रोत मानते हैं। वह संविधान निर्माता हैं और कांग्रेस ने उनके साथ ही भेदभाव किया, उन्हें चुनावी प्रक्रिया में हराने का काम किया।

उनके निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में कराने की बजाए मुंबई में कराने के लिए बाध्य किया। उनके शव को दिल्ली से मुंबई ले जाने वाले वायुयान का किराया भी उनके परिवार से वसूला गया था। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अजीत रावत, अशोक सोनकर, अभिषेक रावत, संजय पासवान, अनिल सागर समेत अन्य मौजूद रहे।

मंत्री ने आयुर्वेद काॅलेज का औचक निरीक्षण, गैरहाजिर मिले कई डॉक्टर
प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने सोमवार को राजकीय आयुर्वेद कॉलेज और अस्पताल चौकाघाट का औचक निरीक्षण कर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। सुबह करीब 10 बजे मंत्री जिस समय अस्पताल में पहुंचे। वहां कई डॉक्टर अपने कमरे में नहीं मिले। इससे नाराज मंत्री ने पहले मौके पर मौजूद अधिकारियों से डॉक्टरों के न आने का कारण पूछा। 

जब संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उपस्थिति पंजिका पर डॉक्टरों के नाम के आगे घेरा बनाकर अनुपस्थित कर दिया। इस दौरान मंत्री ने ओपीडी, वार्ड में भर्ती मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मंत्री दवा काउंटर भी गए और मरीजों से दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। मंत्री ने ओपीडी से अनुपस्थित डॉक्टरों से जवाब मांगने के निर्देश दिए हैं।

राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी का मुख्यालय पर प्रदर्शन
राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार को जिला मुख्यालय पर विरोध किया गया। बिहार चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ टिप्पणी की। उन पर कार्रवाई के लिए चार सूत्री मांगपत्र जिलाधिकारी के जरिये मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजा गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की ओर से संघ पर टिप्पणी की गई। इसकी घोर निंदा की गई। प्रदर्शन करने वालों में मनीष सिंह, हिमांशु सिंह, जितेंद्र निषाद, राजकुमार, बैजनाथ यादव शामिल रहे।

पहड़िया और रामापुरा में मिले डेंगू संक्रमित
डेंगू का खतरा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को दो युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, पिछले सप्ताह शहर में दो युवकों में डेंगू की पुष्टि हुई थी। जिले में इस साल जनवरी से अब तक 75 मरीज मिल चुके हैं।

जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि अकथा पहड़िया में 30 वर्षीय युवक और रामापुरा में 18 वर्षीय युवक डेंगू संक्रमित हुए हैं। जिन लोगों को डेंगू हुआ है, उन्हें तेज बुखार के साथ जोड़ों में दर्द की शिकायत मिली थी। फिलहाल दोनों स्वस्थ है। बताया कि दोनों लोगों के घर के आसपास के घरों में अभियान चलाकर लार्वा का छिड़काव करवाया गया है। परिजनों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

श्रीमद्भागवत के हर श्लोक में हैं भगवान विष्णु का वर्णन
कथावाचक अतुल द्विवेदी ने कहा कि श्रीमद्भागवत पुराण के प्रत्येक श्लोक में भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों में विशेषकर कृष्ण लीला का वर्णन है। जीवन में संतों का दर्शन महत्वपूर्ण है। सभी को संतों के दर्शन अवश्य करने चाहिए एवं इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत पुराण के एक श्लोक का अध्ययन प्रतिदिन जरूर करना चाहिए। 

वह सोमवार को ठटरा गांव स्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र कुमार सिंह के आवास पर सात दिवसीय श्रीमद् भागवत पुराण कथा सुना रहे थे। कथावाचक अतुल द्विवेदी ने कहा कि श्रीमद्भागवत पुराण के श्लोक के अध्ययन करने से भक्ति ज्ञान और वैराग्य की महानता को दर्शाता है। इस दौरान सुरेंद्र कुमार सिंह, अरविंद सिंह, सतीश सिंह, राजेश सिंह, आनंद सिंह, मंटू सिंह मौजूद थे।

बीएचयू ने समर्थ पोर्टल पर जारी किया सेमेस्टर का रिजल्ट
बीएचयू ने दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। कुल चार क्लिक में रिजल्ट देखा जा सकता है। समर्थ पोर्टल पर लॉग इन कर सभी छात्र और छात्रा अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। लॉग इन के बाद परीक्षा टैब पर क्लिक करना होगा। फिर सेमेस्टर वाइज रिजल्ट पर टैप करें और अंत में क्लिक करने पर दूसरे सेमेस्टर का रिजल्ट खुल जाएगा।

इश्वर्या ने प्रादेशिक किक बॉक्सिंग में जीता स्वर्ण
दशाश्वमेध घाट निवासी इश्वर्या पांडेय ने प्रादेशिक किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। पिता जयप्रकाश पांडेय ने बताया कि यह प्रतियोगिता चंदौली के लक्ष्मी पब्लिक स्कूल में 30 और 31 अगस्त को खेली गई। इसके सब जूनियर वर्ग में इश्वर्या ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। 

स्वच्छता और अनुशासन का 15 हजार शिक्षकों ने लिया संकल्प
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से सोमवार को देशभर के 5 लाख से अधिक विद्यालयों में हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के 3000 विद्यालयों के 15 हजार शिक्षकों ने शामिल हो कर स्वच्छता और अनुशासन का संकल्प लिया।

इस कार्यक्रम के तहत, सभी प्रतिभागियों ने मिलकर पांच महत्वपूर्ण संकल्प लिए, जो शिक्षा के पारंपरिक उद्देश्य को विस्तार देते हैं। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रो. उदयन ने बताया कि यह कार्यक्रम सा विद्या या विमुक्तये के भारतीय दर्शन पर आधारित है, जिसका अर्थ है कि विद्या वही है जो अज्ञानता से मुक्ति दिलाए।

स्काउट गाइड जांच शिविर का समापन
सुभाष चंद्र अकादमी में पांच दिवसीय भारत स्काउट गाइड राज्य पुरस्कार जांच शिविर का समापन सोमवार को हुआ। शिविर में स्काउट-गाइड छात्रों के कौशल और योग्यता का मूल्यांकन किया गया। मुख्य परीक्षक सुल्तानपुर के गौरव सिंह, सिद्धार्थ नगर के अमित शुक्ला, सीतापुर की प्रीति मिश्रा और बहराइच के कायमा इस्लाम रहे। इसमें विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास कुमार पांडेय और प्रशासनिक समन्वयक त्रिपुरेश का योगदान रहा। संचालन जयप्रकाश दक्ष (सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त) ने किया। धन्यवाद ज्ञापन जिले के संगठन आयुक्त विष्णु विश्वकर्मा ने किया।

BHU - फोटो : अमर उजाला
बीएचयू ने समर्थ पोर्टल पर जारी किया सेमेस्टर का रिजल्ट
बीएचयू ने दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। कुल चार क्लिक में रिजल्ट देखा जा सकता है। समर्थ पोर्टल पर लॉग इन कर सभी छात्र और छात्रा अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। लॉग इन के बाद परीक्षा टैब पर क्लिक करना होगा। फिर सेमेस्टर वाइज रिजल्ट पर टैप करें और अंत में क्लिक करने पर दूसरे सेमेस्टर का रिजल्ट खुल जाएगा।

बीएचयू के 5 रेजीडेंट्स को मुरादाबाद में बेस्ट रिसर्च पेपर अवाॅर्ड मिला
बीएचयू के पांच जूनियर रेजीडेंट्स को मुरादाबाद में बेस्ट रिसर्च पेपर अवाॅर्ड दिया गया। सोमवार को अखिल भारतीय सामुदायिक नेत्र विज्ञान संगठन (उत्तर प्रदेश चैप्टर) के 7वें वार्षिक सम्मेलन में बीएचयू को यह उपलब्धि मिली। डॉ. प्रेरणा चौधरी को पहला बेस्ट पोस्टर और सर्वश्रेष्ठ वीडियो पुरस्कार के साथ तीसरा बेस्ट फ्री पेपर अवाॅर्ड मिला। डॉ. प्रेरणा को हर श्रेणी में मिलाकर पहला बेस्ट ऑफ द बेस्ट ट्रॉफी मिली। 

डॉ. शिवांगी सिंह को पहला सर्वश्रेष्ठ फ्री पेपर पुरस्कार और दूसरा सर्वश्रेष्ठ फिजिकल पोस्टर अवाॅर्ड मिला। डॉ. शिवांगी सिंह को ही दूसरा बेस्ट ऑफ द बेस्ट ट्रॉफी मिली। डॉ. विशाल सरकार को सर्वश्रेष्ठ रैपिड फायर प्रेजेंटेशन पुरस्कार दिया गया। डॉ. वैशाली कश्यप को तीसरा बेस्ट ऑफ द बेस्ट ट्रॉफी दी गई। डॉ. अनुज यादव को चौथा बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवाॅर्ड मिला। 

विद्यापीठ में 3-4 सितंबर को एमबीए की काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में प्रवेश के लिए एमबीए की काउंसिलिंग तीन और चार सितंबर को वाणिज्य संकाय में होगी। प्रमाण पत्रों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि काउंसिलिंग के बाद अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग स्पॉट पर बने काउंटर पर ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी। यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित समय में फीस जमा नहीं करता है तो उसका प्रवेश निरस्त मानते हुए दोबारा एडमिशन का मौका नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थी को काउंसिलिंग में उपस्थित होने के लिए किसी भी तरह का यात्रा व्यय नहीं दिया जाएगा।

रोटरी क्लब शिविर में 40 मरीजों का हुआ मोतियाबिंद ऑपरेशन
रोटरी क्लब बनारस की ओर से आर.जे. शंकर नेत्रालय हॉस्पिटल के सहयोग से प्राथमिक विद्यालय करौता में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन का शिविर लगाया गया। इसका 297 मरीजों ने लाभ उठाया। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जांच के दौरान 102 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि की, जिनमें से 40 मरीजों को उसी दिन शंकर हॉस्पिटल भेजकर ऑपरेशन की व्यवस्था की गई। 

रोटरी क्लब बनारस के अध्यक्ष विजय जायसवाल के नेतृत्व में लगभग 43 सदस्यों ने शिविर में लोगों की सेवा की। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह मौजूद रहे। उन्होंने शिविर में उपस्थित छोटे बच्चों को फल दिए और मरीजों से मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पीडीजी संजय अग्रवाल, जिला टीम से प्रशांत नगर, असिस्टेंट गवर्नर योगेश रुपानी और अन्य रोटरी क्लबों के अध्यक्ष मौजूद रहे। 

विधायक ने फुटओवर ब्रिज का किया भूमिपूजन
बनारस रेलवे स्टेशन के गेट संख्या तीन अ के पास सोमवार को कैंट विधायक ने फुटओवर ब्रिज के लिए भूमि पूजन किया। यहां की रेलवे क्राॅसिंग आम लोगों के लिए बंद कर दी गई थी। इससे हजारों लोगों को लंबी दूरी तय कर मंडुवाडीह से महमूरगंज जाना पड़ता था। सोमवार की सुबह कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि फुटओवर ब्रिज बन जाने से रेलवे ट्रैक पार करने में लोगों को सहूलियत होगी। इस दौरान राजेश कुमार सिंह, श्रीनाथ कुमार बबलू, राजेश राजभर आदि मौजूद रहे। 

गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री पहुंचे काशी
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री दिगम्बर वी. कामत सोमवार की दोपहर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह सहित भाजपा नेताओं ने माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह के बाद कामत सड़क मार्ग से शहर के लिए रवाना हुए। स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, अभिषेक सिंह राजपूत, अनुज सिंह मौजूद रहे। 

अनुसूचित जाति छात्रावास में दाखिले के लिए 5 सितंबर से साक्षात्कार
कैंट स्थित नरेंद्र कुमार शास्त्री अनुसूचित जाति छात्रावास में दाखिले के लिए पांच सितंबर से साक्षात्कार होंगे। सत्र 2025-26 में छात्रावास में प्रवेश के लिए जिन छात्रों ने निर्धारित प्रपत्र पर आवेदन-पत्र दिया है उनको शुक्रवार को दिन में 11 बजे तक बुलाया गया है। ये साक्षात्कार छात्रावास के नरेंद्र कुमार शास्त्री अतिथि भवन में प्रवेश चयन समिति द्वारा लिया जाएगा। व्यवस्थापक डॉ. राजेश कुमार चौधरी ने कहा कि संबंधित छात्र मूल प्रमाण पत्रों के साथ निर्धारित तिथि को साक्षात्कार में उपस्थित होना होगा। जिन छात्रों का आवेदन पत्र अधूरा है वे कार्यालय से संपर्क करके उसे पूरा करा लें।

कचहरी व तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस विधि विभाग ने सौंपा ज्ञापन
तहसील व कचहरी में व्याप्त भ्रष्टाचार व रिश्वत खोरी के खिलाफ कार्यवाही किए जाने के लिए कांग्रेस पार्टी के विधि विभाग ने सोमवार को एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस विधि विभाग ने कहा कि राजस्व न्यायालयों, कानूनगो व लेखपालों द्वारा रिपोर्ट लगाने व आदेश के नाम पर अधिवक्ताओं व वादकारियों द्वारा जबरन धन वसूली की जा रही है। पैसों को लेकर आए दिन तहसील में झगड़ा फसाद हो रहा है।

कांग्रेस पार्टी के शिवपुर विधानसभा प्रभारी अशोक कुमार सिंह एडवोकेट व जिला अध्यक्ष एडवोकेट लोकेश कुमार सिंह ने कहा कि यदि तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार व रिश्वत खोरी बंद नहीं हुई व अधिवक्ताओं पर शासन द्वारा दर्ज कराया गया फर्जी मुकदमा वापस नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी राजभवन का घेराव करने को बाध्य होगी। इस दौरान वीरेन्द्र कुमार, मनोज कुमार पांडेय, सैय्यद आफाक हुसैन शान, मोहसिन खान, शिवानंद राय, मनोज कन्नौजिया मौजूद रहे।

अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण ज्ञानवापी मामले में सुनवाई टली
अपर जिला जज चौदहवां सुधाकर राय की कोर्ट में सोमवार को ज्ञानवापी प्रकरण में मुख्तार अंसारी ने पक्षकार बनाने के लिए निगरानी अर्जी पर सुनवाई टल गई। कोर्ट में निगरानी कर्ता की ओर से अधिवक्ता नंद लाल की बहस होनी थी। लेकिन अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण सुनवाई नहीं हो पाई। अब दो सितंबर को सुनवाई होगी। पिछले तिथि पर वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी की ओर से बहस पूरी कर ली गई थी। मुख्तार की ओर से प्रति जवाबी बहस होनी थी।

हाई रिस्क श्रेणी में मिलीं 36 गर्भवती
चिरईगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सोमवार को सुरक्षित मातृत्व दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान क्षेत्र की आशा और एएनएम कार्यकर्त्रियों की ओर से कुल 245 गर्भवती महिलाओं और मरीजों को जांच के लिए पीएचसी लाया गया। पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि सभी मरीजों का पंजीकरण कर गर्भवती महिलाओं का वजन, ब्लड प्रेशर, खून, यूरिन और अन्य जरूरी जांच की गई।

जांच में 36 महिलाओं में खून की कमी सहित कई स्वास्थ्य संबंधी कमियां पाई गईं। इन्हें हाईरिस्क प्रेगनेंसी के रूप में चिह्नित कर मुफ्त अल्ट्रासाउंड की सुविधा दी गई। इलाज के लिए जिला महिला चिकित्सालय रेफर किया गया। गर्भवती महिलाओं को आयरन, कैल्शियम की गोलियां दी गईं। कार्यक्रम में डॉ. संतोष कुमार, डॉ. सुजीत कुमार मौर्या सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। 

धूप ने छुड़ाए पसीने, दोपहर में छाए बादल
सोमवार को सुबह 10 बजे की चुभती धूप लोगों को बेहाल कर दिया। वहीं दोपहर दो बजे तक घने बादल छाए और 14 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा बहने लगी। लगा कि बारिश होगी लेकिन कुछ ही देर में फिर से धूप निकल गई। सोमवार को बनारस का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री ऊपर 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 26.6 डिग्री सेल्सियस तक रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बनारस में बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन अगले 4 दिन तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

आंबेडकर शक्ति युवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बने महेंद्र
आंबेडकर शक्ति युवा संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय में सोमवार को बैठक हुई। इसमें महेंद्र कुमार गौतम को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। दीपक कुमार को हरहुआ ब्लॉक अध्यक्ष, रामजन्म भारती को चोलापुर ब्लॉक अध्यक्ष और अन्य सदस्यों को कई पदों पर नियुक्त किया गया। सभी को राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय आर्या ने नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 

अजय आर्या ने इस अवसर पर सदस्य जोड़ो अभियान की शुरुआत की। इसके तहत गांव-गांव में शिविर लगाकर लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा और बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक 150 गांवों में अभियान चलाया गया है और संगठन 165 अनाथ बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान कर रहा है। अजय आर्या ने कहा कि जल्द ही एक भव्य पुस्तकालय का भी उद्घाटन किया जाएगा। 
विज्ञापन

तीनों वर्गों में यूपी कॉलेज की टीम जीती
69वीं माध्यमिक स्कूली मंडलीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता उदय प्रताप इंटर कॉलेज के बास्केटबाॅल कोर्ट पर खेली गई। इसमें वाराणसी मंडल की टीम तीनों वर्ग सब जूनियर अंडर-14, जूनियर अंडर-17 और सीनियर अंडर-19 आयुवर्ग की विजेता बनी। इस प्रतियोगिता में जौनपुर की टीम ने हिस्सा लिया। निर्णायक की भूमिका कार्तिक राम और पूनम लता सिंह ने निभाई। इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन काॅलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर जौनपुर के संजीव सिंह, यूपी कॉलेज के डॉ. राघवेंद्र प्रताप सिंह, अजय सिंह, अंबिका सिंह, जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें