ई-रिक्शा हड़पने के आरोप में वांछित गिरफ्तार
लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने अमानत में खयानत के मामले में वांछित हरी सिंह उर्फ हरि (45) निवासी गौड़हां को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय ने गैर जमानती वारंट जारी किया था। पुलिस के अनुसार, छोटा लालपुर निवासी गोपी पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने मेहनत-मजदूरी कर खरीदा अपना ई-रिक्शा चलाने के लिए हरी सिंह को दिया था। आरोप है कि हरी सिंह ई-रिक्शा लेकर भाग निकला। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वादी का ई-रिक्शा चलाता था और जरूरत पड़ने पर कई बार रुपये उधार लेता था, जिन्हें वह खर्च कर देता था।
चकरोड विवाद में दो पक्ष भिड़े, जमकर मारपीट
चौबेपुर थाना क्षेत्र के रामपुर (भट्ठी) गांव में चकरोड और जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच कर दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पहले पक्ष की ओर से रामपुर (भट्ठी) निवासी रामराज ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि वह अपने परिवार के लोगों के साथ अस्पताल में भर्ती एक परिजन को टिफिन देने जा रहे थे। गांव के समीप पहले से मौजूद अजय उर्फ रिंकू चौहान, राज चौहान, धर्मसिंह चौहान, विवेक चौहान, जुनून चौहान, जड़ई और जयहिंद समेत अन्य लोगों ने रॉड से हमला कर दिया। हमले में नंदलाल, धनमनी, आशा देवी समेत अन्य लोग घायल हो गए। दूसरे पक्ष की ओर से रामपुर भटौली निवासी धर्मेंद्र चौहान की तहरीर पर नंदलाल उर्फ नंदू चौहान, अजय चौहान, रामनरेश चौहान समेत अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी और बलवा की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
किशोरी को साथ लेकर जाने वाला गिरफ्तार
आदमपुर थाना पुलिस ने नाबालिग को बहलाकर ले जाने का आरोपी सोनू राम उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया। किशोरी को बरामद किया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी तीन मई को अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। जांच के दौरान सोनू राम उर्फ कल्लू उसे अपने साथ ले जाते दिखा। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया।
450 ग्राम गांजे के साथ युवक गिरफ्तार
आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार को शिवपुर में विक्की यादव उर्फ बाबू को 450 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी को गांजा बेचते रंगे हाथों पकड़ा गया। आबकारी विभाग को दादूपुर रिंग सड़क के पास लोढ़ान गांव में गांजे की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिली थी। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा गया।
तालाब पट्टा कराकर अवैध कब्जे का आरोप
करखियाव गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन कर तालाब के प्रस्तावित मत्स्य पालन पट्टे का विरोध किया। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि तालाब खाते की आराजी संख्या 521 को कुछ लोगों की मिलीभगत से मत्स्य पालन के लिए आवंटित कराने की प्रक्रिया चल रही है। उनका कहना है कि तालाब के आसपास मंदिर, प्राथमिक विद्यालय, जच्चा-बच्चा केंद्र और पशु चिकित्सालय स्थित हैं तथा गर्मी के दिनों में पशु इसी तालाब का पानी पीते हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि दबंग लोग तालाब पाटकर कब्जा करने की मंशा से पट्टा करा रहे हैं। एसडीएम ने नायब तहसीलदार कोलअसला को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
रात में हूटर बजाकर गश्त करें पुलिसकर्मी
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने सोमवार रात लालपुर-पांडेयपुर और सारनाथ थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को रात में हूटर बजाते हुए लगातार गश्त करने और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने के भी आदेश दिए। क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। महिला हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मियों को पीड़िता से फीडबैक और शिकायतों का समय पर निस्तारण करने को कहा। थाने के अभिलेखीय कार्यों का भी जायजा लिया। विभिन्न माध्यमों से प्रार्थना पत्रों का सिटिजन चार्टर के अनुसार समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। न्यायालय के समन, नोटिस और गैर-जमानती वारंट का शत प्रतिशत तामील करने के निर्देश दिए। थाना स्तर पर लंबित विवेचना का शीघ्र निस्तारण करने को कहा।
नाद हटाने को लेकर विवाद में मारपीट, दोनों पक्षों पर प्राथमिकी दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में मंगलवार सुबह नाद हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। एक पक्ष के ओमप्रकाश वर्मा ने आरोप लगाया कि सुबह साढ़े पांच बजे कैलाश राजभर समेत पांच लोगों ने भाई राजेश वर्मा पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं सुभावती देवी और ओमप्रकाश को भी चोटें आईं। घायल राजेश को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा से पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर किया गया। दूसरे पक्ष के कैलाश राजभर का आरोप है कि नाद-चन्नी को लेकर विवाद के दौरान विपक्षी ने गालीगलौज की और हमला किया। मारपीट में उनकी पुत्री ममता राजभर और पुत्र गोविंद घायल हो गए। ममता के सिर में गंभीर चोट आने पर उसे उपचार के लिए वाराणसी भेजा गया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अवैध ऑटो स्टैंड से लगा जाम, राहगीर परेशान
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवा रोड के ठटरा अंडरपास के दक्षिणी मार्ग पर सड़क किनारे अवैध रूप से ऑटो खड़ा कर सवारी भरने के कारण मंगलवार को भीषण जाम लग गया। कछवा बाजार और मिर्जापुर जाने वाले मार्ग पर ऑटो चालकों की ओर से सड़क पर वाहन खड़ा करने से बाबतपुर, वाराणसी और पीपा पुल मार्ग से आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे लोगों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने पुलिस बूथ पर पुलिसकर्मियों से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और सड़क से ऑटो हटवाकर यातायात सुचारु कराया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि यातायात व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी तैनात हैं। जाम लगने के कारणों का पता कर कार्रवाई की जाएगी।
रंजिश में युवक से मारपीट
रोहनिया थाना क्षेत्र के दरेखू गांव में रंजिश को लेकर प्रेम कुमार पटेल को गांव के ही देव वर्मा, शुभम पटेल और रामाश्रय पटेल ने मिलकर पीट दिया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोचिंग संस्थानों और होटलों की सुरक्षा जांच को 10 दिन का अल्टीमेटम
लखनऊ में कोचिंग हादसे के बाद सेंट्रल बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मुलाकात की। शहर के कोचिंग संस्थानों और होटलों में सुरक्षा मानकों की जांच के लिए 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को एक पत्रक सौंपा, जिसमें बनारस में बिना फायर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
सेंट्रल बार अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने कहा कि उच्च न्यायालय ने पहले भी कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक इमारतों में सुरक्षा मानकों पर कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बावजूद प्रशासन अभी भी निष्क्रिय है। ज्ञापन में उच्च न्यायालय के उन आदेशों का हवाला दिया गया है, जिनके तहत सुरक्षा और बेसमेंट के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगनी चाहिए। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि लखनऊ में छात्रों की मौत प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम थी। वाराणसी एक प्रमुख शिक्षा केंद्र है, जहां हजारों छात्र भविष्य की उम्मीद लेकर आते हैं। उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। प्रशासन ने कदम नहीं उठाए तो अधिवक्ता समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। 10 दिनों के भीतर चिह्नित कोचिंग संस्थानों और होटलों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जाती तो वे न्यायालय की अवमानना का मामला दर्ज कराएंगे।
अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी न हो: डीएम
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने हाल ही में विभिन्न विभागों के प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आबकारी विभाग को संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसमें ईंट भट्ठे, ढाबे और राजमार्ग शामिल हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने राजस्व से जुड़े अधिकारियों को प्रवर्तन दल को और सक्रिय करने को कहा।
बैठक में डीएम ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं वाले कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। बैठक में अवैध शराब, परिवहन और खनन जैसी गतिविधियों पर सख्ती बरतने को कहा गया। डीएम ने वाणिज्य कर, आबकारी, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, परिवहन और खनन विभाग के प्रवर्तन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही, जुर्माना वसूली का आदेश भी दिया। सत्येंद्र कुमार ने राजस्व संबंधित अधिकारियों से प्रवर्तन दल की सक्रियता बढ़ाने को कहा। उन्होंने अवैध खनन पर पूर्ण विराम लगाने के लिए भी निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब का निर्माण, बिक्री और तस्करी नहीं होनी चाहिए। इस पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।