कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को जीआरपी और आरपीएफ ने ट्रेनों में जेवरात चुराने वाले स्टार गैंग का खुलासा किया। दोनों को स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 9 के पास पकड़ा गया। इनके पास से जेवरात और 50 हजार रुपये मिले। दोनों की पहचान सुल्तानपुर के गोलघाट निवासी गुलजार (22) और सारनाथ के बरईपुर निवासी करन कुमार (21) के रूप में हुई। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया। दोनों युवकों के हाथ पर स्टार बना था। पूछताछ में दोनों ने अपने को स्टार गैंग का सदस्य बताया है।
जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि प्लेटफॉर्म 9 के पास आउटर डोर काशी साइड रेलिंग हट से पहले रेल पटरी के पास से दोनों को पकड़ा है। इनके पास से 50 हजार रुपये नगद, 3 अंगूठी, एक चेन, 1 सुई धागा, 1 पायल, 1 बिछिया, दो मोबाइल बरामद किया गया। गुलजार पर पहले से 8 मामले दर्ज हैं। इसमें दो जीआरपी कानपुर सेंट्रल और बाकी वाराणसी में हैं। इसके अलावा करन पर 5 अलग-अलग मामलों में जीआरपी कैंट में प्राथमिकी दर्ज है।
पेड़ से लटका मिला युवक का शव
लोहता थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव में वरुणा नदी के किनारे महुआ की डाल पर फंदे से लटकते युवक का शव पुलिस ने शुक्रवार सुबह बरामद किया है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। गमछे के सहारे लटके युवक ने काली पैंट और नीली स्वेटर पहन रखी थी। फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष राजबहादुर मौर्य ने बताया कि युवक का उम्र लगभग 34 से 35 साल है। उसकी पहचान कराई जा रही है।
इसे भी पढ़ें; Maha Shivratri: 250 करोड़ के धातुओं और दुर्लभ रुद्राक्ष से महकी काशी, 400 करोड़ के पार होगा कारोबार
दो मकान से आभूषण और नकदी चोरी
चोलापुर थाना क्षेत्र के टेकारी गांव में बृहस्पतिवार रात दो घरों में चोरी हो गई। पीड़िता आशा देवी ने पुलिस को बताया कि 12 फरवरी रात घर का ताला तोड़कर आभूषण और 40 हजार पर हाथ साफ किया गया। वहीं, पीड़िता प्यारी देवी ने पुलिस को बताया कि सोने की दो अंगूठी, सोने की चेन, लगभग डेढ़ किलो चांदी, मंगलसूत्र और झुमके चोरी किए गए। चोलापुर थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
महिला दर्शनार्थी का पर्स चोरी, 2 लाख थे
संकटमोचन मंदिर में दर्शन करने आई दर्शनार्थी अंजाना देवी का पर्स चोरी हो गया। पर्स में दो लाख रुपये थे। लक्ष्मी नारायण भवन टेलीग्राफ आरपी रोड विजयवाड़ा आंध्रप्रदेश की अंजना देवी ने बृहस्पतिवार को संकटमोचन पुलिस चौकी में तहरीर दी। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि वह अपने रिश्तेदारों के साथ काशी भ्रमण पर आई हैं। सोनारपुरा में एक होटल में रुकी हैं। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
पति पर विवाहिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी
विवाहिता गुड़िया चौहान ने पति पर दूसरी महिला से संबंध रखने, मारपीट और भरण-पोषण न देने के मामले में शुक्रवार को कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। सिकरौल निवासी गुड़िया ने पुलिस को बताया कि पति बच्चों के भरण-पोषण के लिए कोई आर्थिक सहायता नहीं देते और जान से मारने की धमकी देते हैं। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है।
चार गुमशुदा व्यक्तियों को खोजा
जैतपुरा पुलिस ने चार गुमशुदा लोगों को बरामद कर परिजनों को सौंपा। थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आफताब आलम (34) निवासी ख्वाजापुरा, प्रीति कुमारी (32) निवासी जलालीपुरा, धर्मेंद्र राम (40) निवासी ढेलवरिया और मीना देवी (42) की जलालीपुरा हैं। सभी अलग-अलग समय पर लापता हुए थे। गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर चारों की तलाश कर रही थी।
क्लीनिक में घुसकर चिकित्सक पर लोहे की रॉड से हमला
जैतपुरा थाना क्षेत्र के बाकरावाद में डॉ. अबरार अहमद (35) पर रॉड से हमलाकर घायल कर दिया गया। दो नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ जैतपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मड़िया निवासी डॉ. अबरार ने पुलिस को बताया कि 10 फरवरी की रात 9.15 बजे क्लीनिक में मरीज देख रहे थे, तभी इकबाल अहमद और गुलजार अहमद समेत अज्ञात पहुंचे और हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने के कारण वह जमीन पर गिर गए। बताया कि पहले भी हमला किया जा चुका है। थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राथमिक विद्यालय बबियाव में चोरी
चोलापुर थाना क्षेत्र के बबियाव गांव के प्राथमिक विद्यालय में बुधवार देर रात चोरी हुई। चोरों ने रसोईघर का ताला तोड़कर गैस सिलिंडर, गैस चूल्हा, बर्तन सेट और खाद्य सामग्री उठा ले गए। प्रधानाध्यापिका ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।
शहीद जवान को पूर्व सैनिकों ने दी श्रद्धांजलि
चोलापुर ब्लॉक के रामपुर गांव के ऑर्डिनरी लेफ्टिनेंट देवराज पाल को 433 फील्ड हॉस्पिटल से लखनऊ डिपो ले जाते समय ट्रेन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सूचना पर पूर्व सैनिक समाज ट्रस्ट के पदाधिकारी ने श्रद्धांजलि दी। इस दौरान रिटायर्ड सूबेदार मेजर राजबलि पाल, नायक सूबेदार रामदयाल यादव, कैप्टन बड़े लाल यादव, हवलदार राजेश यादव, सुनील जैसवाल मौजूद रहे।
एसएससी परीक्षा देने घर से निकला छात्र लापता
आदमपुर थाना क्षेत्र के दीवानगंज निवासी ऋषभ मौर्य उर्फ अमन मौर्य (24) एसएससी की परीक्षा देकर घर नहीं लौटा। ऋषभ के पिता अंबिका मौर्य ने आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। परिजनों ने आशंका है कि प्रयागराज से लौटते वक्त ऋषभ का अपहरण कर लिया गया है। अंबिका ने पुलिस को बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद वह बस में बैठकर वाराणसी के लिए निकला था। परिजनों से बातचीत भी की और नाश्ता करने की जानकारी दी, लेकिन इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। थाना प्रभारी आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि मोबाइल लोकेशन सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
शादी में गए परिजन, चोरों ने मकान में की चोरी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव में बृहस्पतिवार रात चोरों ने हीरालाल के मकान को खंगाल दिया। परिवार के सभी सदस्य एक शादी में गए थे। मकान से 25 हजार रुपये और आभूषण चोरी हुए। शुक्रवार को पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। भिखारीपुर निवासी हीरालाल ने पुलिस को बताया कि इस बीच चोरों ने घर के पीछे खेत के रास्ते से घुसकर चोरी की। 500 मीटर दूरी पर बॉक्स फेंका मिला। एक लाख के आभूषण भी चोरी हुए हैं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
300 किमी चलकर काशी पहुंची मनरेगा बचाओ यात्रा का समापन अब शिवरात्रि के बाद
वीबी-जी राम जी कानून के खिलाफ एक महीने पहले चौरी चौरा से निकली मनरेगा बचाओ साइकिल यात्रा शुक्रवार को वाराणसी पहुंची। 300 किमी की यात्रा पूरी कर काशी पहुंचे यात्रियों ने कहा कि काम के संवैधानिक अधिकार को बहाल किया जाए। मजदूर विरोधी कानून वीबी-जी राम जी को तुरंत वापस लिया जाए और मनरेगा की न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये प्रतिदिन की जाए। अब महाशिवरात्रि के बाद 17 फरवरी को यह यात्रा विद्यापीठ के भारत माता मंदिर से निकलकर कचहरी स्थित आंबेडकर प्रतिमा पर समाप्त होगी। यहीं पर यात्री एकदिवसीय उपवास पर भी बैठेंगे।
शुक्रवार को देवरिया, बलिया, मऊ, गाजीपुर के सैदपुर में जनसभा हुई। इसके बाद जौहरगंज, औड़िहार, पटना, कुसहीं, हथौड़ा, सिधौना, खरौना, रजवाड़ी होते हुए भगवानपुर पहुंची। इस दौरान मनरेगा में किए गए बदलावों और नए कानून को मजदूर विरोधी बताया गया। छात्रों ने खुद को गांधीवादी युवा बताया और गांव-गांव पहुंचकर मजदूरों के बीच मनरेगा की बहाली का संकल्प लिया। इस दौरान नए कानून वीबी-जी राम जी के प्रावधानों और नए कानून के जरिए काम के संवैधानिक अधिकार पर सुनियोजित हमले का आरोप लगाया।
पिछड़े वर्ग, दलित, भूमिहीन मजदूर होंगे प्रभावित
यात्रा के दौरान यात्री दीपक ने कहा कि इस कानून से गरीब, पिछड़े वर्ग, दलित, भूमिहीन मजदूर और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित होंगी। दूसरे यात्री रजत ने कहा कि मनरेगा कानून से बाद बड़ी संख्या में महिलाओं को काम मिला। लेकिन इसके बाद अब वे महिलाएं फिर से घरों में कैद हो जाएंगी। यात्री नीरज ने कहा कि सरकार पूंजीपतियों के लाखों करोड़ों रुपये के कर्ज माफ कर रही है लेकिन अब मनरेगा को खत्म करके कॉर्पोरेट को सस्ता श्रम उपलब्ध कराने का रास्ता खोला जा रहा है। इस दौरान मृत्युंजय मौर्या, सतीश साहनी, प्रवीण वर्मा, राहुल पवारा, प्रियेश, विवेक यादव आदि मौजूद रहे।
अवैध कब्जे से मुक्त होगा कपिलधारा कुंड और धर्मशाला, होगा सुंदरीकरण
महाशिवरात्रि के मद्देनजर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को सलारपुर कपिलधारा कुंड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाओं को देख नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी जताई और अधिकारियों से व्यवस्थाएं हर हाल में ठीक कराने रो कहा। उन्होंने विशेष रूप से कुंड के पास धर्मशाला और परिक्रमा मार्ग पर कमेटियों और स्थानीय लोगों की ओर से कराए गए अवैध कब्जों को तत्काल हटाने व सुंदरीकरण का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला का ताला खुलवाकर सफाई दुरुस्त की जाए और श्रद्धालुओं के उपयोग के लिए शौचालय व यूरिनल को क्रियाशील बनाया जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। धर्मशाला की आड़ में आगे और पीछे की जमीन पर अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया है। यह देख नगर आयुक्त ने मौके पर ही वस्तु स्थिति की पैमाइश करने और संबंधितों पर कार्रवाई को कहा।
कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए पंचकोशी यात्रा मार्ग की सड़कों को महाशिवरात्रि से पहले अनिवार्य रूप से गड्ढा मुक्त किया जाए। साथ ही पूरे मार्ग में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने को कहा। नगर आयुक्त ने जलकल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग में कहीं भी सीवर या वाटर लीकेज की समस्या नहीं होनी चाहिए। शिवपुर वार्ड के पार्षद बलराम बनौजिया, कंदवा के पार्षद प्रतिनिधि, जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता (सिविल), अवर अभियंता (जलकल), सफाई निरीक्षक सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
चिकित्सकों में जीवन रक्षक कौशल को बढ़ावा देने की जरूरत
बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में चलने वाले सर्जिकल स्किल लैब (स्किल सेंटर) का कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने निरीक्षण कर यहां चलने वाले कार्यक्रमों की जानकारी ली। इस दौरान कार्यक्रम और व्याख्यानों में शामिल होने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। कुलपति ने कहा कि चिकित्सकों में जीवन रक्षक कौशल को बढ़ावा देने की जरूरत है। इसका लाभ मरीजों को मिलेगा।
स्किल सेंटर में कुलपति ने कहा कि जनस्वास्थ्य आपात स्थितियों के प्रबंधन के लिहाज से कौशल निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम बहुत उपयोगी होता है। उन्होंने आपात स्थितियों में गहरे पानी में डूबने की घटनाएं, पुल गिरने की घटनाएं और बड़े सड़क हादसे पर अपनी बात रखी। कहा कि ट्रॉमा सेंटर को अक्सर गंभीर रूप से घायल मरीजों की अचानक बड़ी संख्या का सामना करना पड़ता है। ऐसी परिस्थितियों में परिजनों के बीच घबराहट और त्वरित नैदानिक निर्णय लेने में अनिश्चितता जीवन के लिए घातक सिद्ध हो सकती है।
कुलपति ने स्किल सेंटर को व्यापक जनसंपर्क दृष्टिकोण अपनाने और विद्यालयों, महाविद्यालयों, शॉपिंग मॉल और छोटे अस्पतालों में नियमित भ्रमण करने और हर गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर बनाने का सुझाव दिया। कार्यक्रम की समन्वयक एवं नोडल ऑफिसर प्रो. कविता मीणा ने स्किल सेंटर के तहत चलने वाले पाठ्यक्रमों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सुविधाओं, चल रहे विकास कार्यों के बारे में बताया।
बताया कि सेंटर पर चिकित्सा प्रशिक्षण के लिहाज मैनिकिन, अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन, सिमुलेशन उपकरण आदि उपलब्ध है। कार्यक्रम में आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार, डीन प्रो. संजय गुप्ता, ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह आदि मौजूद रहे।
चीन-म्यांमार से नहीं आए मिजो, भारत के ट्रांस हिमालयी लोगों का है डीएनए
मिजोरम का मिजो समूह दक्षिणी चीन, म्यांमार या थाईलैंड से प्रवास करके नहीं आया है बल्कि ये 50 हजार साल पहले से ही भारत के निवासी हैं। इनका डीएनए पूर्वी एशिया या दक्षिण-पूर्वी एशियाई लोगों से बिल्कुल अलग है। पहली बार बीएचयू और कोलकाता विश्वविद्यालय सहित सात संस्थानों में हुए एक शोध में मिजोरम के लोगों में ट्रांस-हिमालयन वंशावली पाई गई है।
मिजोरम में 20 किलोमीटर की दूरी पर ही मिजो लोगों में अलग-अलग डीएनए मिले हैं, हालांकि इन सभी में ट्रांस हिमालयी लोगों का ही जीन है। यह शोध अंतरराष्ट्रीय जर्नल मॉलिक्यूलर जेनेटिक्स एंड जीनोमिक्स में प्रकाशित हो चुका है। इस शोध के बाद मिजोरम में हुए प्रवासों और विविधता पर कई थ्योरी बदल जाएगी। शोध करने वाले बीएचयू के जंतु विज्ञान विभाग के जीन वैज्ञानिक प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे ने बताया कि मिजोरम में छोटी दूरी पर ही बड़ी जीन विविधता दिखाई देती है।
अध्ययन में मिजो लोगों के सात कुल के 110 लोगों के डीएनए का विश्लेषण किया गया। अध्ययन में हैप्लोटाइप-आधारित विश्लेषण से सात जेनेटिक क्लस्टर्स (समूह) पाए गए। दिलचस्प बात यह है कि ज्यादातर कुल कई क्लस्टर्स में फैले हुए हैं और कुछ किलोमीटर पर भी डीएनए की अलग-अलग संरचनाएं दिखाई देती हैं। उदाहरण के तौर पर मिजोरम के अलग-अलग जिलों में रहने वाले मिजो लोगों की जेनेटिक विविधताएं अलग-अलग हैं, भले ही वे एक ही भाषा बोलते हों।
200 जातियों में बीमारियों और इलाज होगा आसान
रिसर्च के सह-लेखक मधुसूदन दास के अनुसार, यह अध्ययन बताता है कि उत्तर-पूर्व भारत अफ्रीका से एशिया और ऑस्ट्रेलिया तक के प्राचीन मानव प्रवास का प्रमुख रूट था। यहां की विविधता भाषा और जातीयता से ज्यादा प्रभावित है, जबकि बड़े इलाकों में भूगोल प्रमुख भूमिका निभाता है। इस शोध के बाद यहां पर रहने वाले 200 जातीय समूहों में बीमारियों और इलाज के अध्ययन में भी काफी कारगर होने जा रहा है।