फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: सैन्यकर्मी समेत दो लोगों की मौत, कफ सिरप केस में आरोपी से आठ घंटे पूछताछ; पढ़ें खबरें

Thu, 05 Feb 2026 09:51 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में रहने वाले सैन्यकर्मी की लखनऊ जाते वक्त ट्रेन में मौत हो गई। वहीं, एक युवक ट्रेन से ही गिर गया। कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में श्रीबालाजी मेडिकल फर्म के प्रोपराइटर राहुल को कोतवाली पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: चौबेपुर के कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, जैतपुरा थाना क्षेत्र के कमालपुर निवासी इसराइल का बेटा परवेज (45) वाराणसी से ट्रेन से यात्रा कर रहा था। कादीपुर स्टेशन के पास वह ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। 

विज्ञापन


सैन्यकर्मी की ट्रेन में तबीयत बिगड़ने से मौत
जींद हरियाणा से पेंशन पोस्टिंग पर लखनऊ जा रहे एक सैन्यकर्मी की तबीयत बिगड़ने से ट्रेन में ही मौत हो गई। देर रात तक वाराणसी से परिजनों के यहां पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर ने बताया कि वाराणसी के चोलापुर रामगांव के सकल देव की तैनाती आर्मी की 447 यूनिट में हिसार में थी। 

कार को वाहन ने मारी टक्कर, 5 घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवां रोड चौकी अंतर्गत बिहड़ा गांव स्थित हनुमान मंदिर के पास बुधवार दोपहर करीब 12 बजे प्रयागराज से वाराणसी जा रही बलेनो कार को अज्ञात वाहन ने साइड लेते समय टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए भदोही स्थित एक निजी ट्रॉमा सेंटर भेजवाया। घायलों की पहचान आगरा के बरैन गांव निवासी दीपक, पिंकल, सुनील, दिनेश सहित एक अन्य के रूप में हुई है। सभी आगरा से वाराणसी के रामनगर क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

विज्ञापन

शुभम जायसवाल, दिवेश जायसवाल, अमित जायसवाल और आकाश पाठक। - फोटो : अमर उजाला
श्रीबालाजी फर्म के प्रोपराइटर को 8 घंटे रिमांड पर लेकर पुलिस ने की पूछताछ
कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में जिला जेल में निरुद्ध श्रीबालाजी मेडिकल फर्म के प्रोपराइटर राहुल यादव को कोतवाली पुलिस ने बुधवार को आठ घंटे रिमांड पर लेकर पूछताछ की है। इस दौरान सप्तसागर दवा मंडी और शुभम के साझेदारों के नाम उजागर किए। खुद राहुल ने कबूला कि वह 3 लाख से अधिक कफ सिरप की शीशियां शैली ट्रेडर्स को बेचा है। 

कोतवाली थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी राहुल यादव ने पुलिस को बताया कि अपनी फर्म से संबंधित ई-वे बिल, जीएसटी इनवाॅइस आदि को एक अन्य आरोपी पड़ोसी विशाल मल्होत्रा को दिया था। प्राथमिकी के बाद से विशाल मल्होत्रा फरार है। धनबाद में शैली ट्रेडर्स के कार्यों को विशाल ही देखता था। 

शुभम का सबसे भरोसेमंद विशाल भी संभवत: शुभम के साथ ही विदेश में है। कोतवाली पुलिस ने राहुल को रिमांड पर लेकर विशाल के घर से संबंधित दस्तावेज बरामद कराए। कोतवाली पुलिस ने राहुल को शाम के समय जिला जेल में दाखिल करा दिया। राहुल यादव को बीते 12 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि आठ घंटे की पूछताछ में कई अहम जानकारियां राहुल से मिली हंै। 

कूटरचित दस्तावेज से नौकरी पाने वाला गिरफ्तार
कूटरचित दस्तावेज से नौकरी पाने वाले शिक्षक को बुधवार को कोइरौना पुलिस ने कटरा बाजार से गिरफ्तार किया है। एक साल पहले शिक्षा विभाग ने उसे बर्खास्त कर दिया था। बीते दो साल में शिक्षा विभाग की ओर से करीब 22 शिक्षकों को फर्जी अभिलेख से नौकरी करने में बर्खास्त किया जा चुका है। 

डीघ ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय कलिक मवैया पर नियुक्त सहायक अध्यापक शैलेंद्र कुमार निवासी भटौली हरहुआ वाराणसी की एक साल पहले सेवा समाप्त कर दी गई थी। जांच में उसके प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए थे। बीईओ की तहरीर पर उसके खिलाफ कोइरौना थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बुधवार को कोइरौना पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर कटरा बाजार के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। 

दालमंडी में कार्रवाई। - फोटो : अमर उजाला
दालमंडी मामले में पार्षद सहित छह लोगों पर अशोभनीय टिप्पणी
दालमंडी चौड़ीकरण योजना के दौरान सोशल मीडिया पर अशोभनीय टिप्पणी की गई है। इसमें क्षेत्र के पार्षद इंद्रेश सिंह सहित छह लोगों का फोटो और नाम लिखा है। जिन लोगों पर टिप्पणी की गई है उनमें पार्षद इंद्रेश, शानू, आसिफ, शकील, असलम, शाहिद हैं। पार्षद ने कहा कि इस मामले की जानकारी हुई है। जल्द ही पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ी होने से सभी का विकास होगा। यहां पर पुराने भवनों को तोड़ने का क्रम जारी रहा। 

इन भवनों को तोड़ने और मलबा हटाने का काम जारी है। पहले से तोड़े जा रहे निर्माण का मलबा हटवाया गया। निर्माण तोड़ने के लिए मजदूर लगातार हथौड़ा चला रहे हैं। जहां जगह मिल रही है वहां जेसीबी से मलबा उठाया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि अब तक 25 भवनों को तोड़ा गया है। 

चोरी की वारदात का खुलासा, दो गिरफ्तार
लालपुर-पांडेयपुर में नकबजनी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश किया। चोरी के दो आरोपियों को गोईठहा मटरु पार्क के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक सामान, नकदी और एक बाइक बरामद हुई। अभियुक्तों की पहचान विशाल कुमार (22) निवासी आजमगढ़, वर्तमान पता अकथा सारनाथ और रितेश चौरसिया (20) निवासी तोरवां चंदौली, वर्तमान पता चंद्रा चौराहा सारनाथ के रूप में हुई।

23 जनवरी को वादिनी ने थाने में तहरीर दी थी कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर दूसरी मंजिल के कमरों में रखी तिजोरी और आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। चोरों की तस्दीक के बाद सटीक लोकेशन पर गोईठहा मटरु पार्क के पास से दोनों को पकड़ा गया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। 

दहेज उत्पीड़न में पति समेत सात पर प्राथमिकी
शिवपुर थाना क्षेत्र के उंदी भूमि रबीना राजभर ने दहेज उत्पीड़न में पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना में प्राथमिकी दर्ज कराई। रबीना राजभर ने पुलिस को तहरीर में बताया कि छह जून 2023 में उसकी शादी शिवपुर निवासी संजय कुमार से हुई। कुछ दिन तक सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष के लोग दहेज में पांच लाख की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर पति संजय कुमार, ससुर रामसरन, सास आशा देवी, ननद सरोजा, नंदोई जितेंद्र, जेठानी सोनम और जेठ अनिल  मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। 26 जनवरी को कमरे में बंद कर ससुराल वालों ने पीटा। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

घर में घुसकर महिला से छेड़खानी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार सुबह 10 बजे घर में घुसकर महिला के साथ छेड़खानी और विरोध करने पर मारने के प्रयास का आरोप लगाकर पीड़िता ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में पीड़िता ने बताया कि घटना के समय उनके पति दिल्ली में नौकरी करते थे। बच्चे स्कूल गए थे और सास गांव से बाहर थीं। इस बीच गांव का ही युवक शेखर उर्फ विशाल घर आया और छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर जान से मारने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी भाग निकला। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। 

जुआ संचालन में महिला समेत तीन गिरफ्तार
भाग्य लक्ष्मी एप से जुआ संचालन में महिला समेत तीन आरोपियों को जैतपुरा पुलिस और एसओजी-2 ने बघवानाला चौरा माता मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। कब्जे से 4850 रुपये और दो मोबाइल बरामद हुए। व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर ऑनलाइन जुआ का संचालन कराया जा रहा था। जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सुनीता देवी, मनोज कुमार सोनकर और संतोष कुमार सोनकर है। सभी निवासी बघवानाला के हैं। चौरा माता मंदिर के पास सुनीता देवी भाग्य लक्ष्मी एप के जरिए जुआ का संचालन करा रही थी। सरैया चौकी प्रभारी सत्यदेव सिंह और एसआई अभय कुमार की टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी की। 

दो डंपरों की टक्कर, चपेट में आई कार 
चौबेपुर के बाईपास पर बुधवार दोपहर एक बजे दो डंपर आपस में टकरा गए और आगे खड़ी एक कार उनकी चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सभी सुरक्षित हैं। पुलिस ने वाहनों को सड़क के किनारे हटवाया। गाजीपुर के जंगीपुर निवासी चंद्रजीत यादव अपनी कार से वाराणसी की ओर जा रहे थे। सुंगुलपुर ओवरब्रिज के पास लेन बदल रहे थे, इसी दौरान पीछे चल रहे एक डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। ठीक पीछे आ रहा दूसरा डंपर टकराया गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आगे वाला डंपर चंद्रजीत यादव की कार से भिड़ गया। हादसे में पीछे वाले डंपर का केबिन और कार क्षतिग्रस्त हो गई। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

वीडीए सचिव के निर्देश पर दो दुकानें सील
वाराणसी। वीडीए के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्र के निर्देश पर बुधवार को दो दुकानें सील की गईं। आवंटी को किराये की बकाया धनराशि एवं बिक्री मूल्य की धनराशि जमा करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। यदि आवंटी की ओर से इस अवधि में भी बकाया धनराशि जमा नहीं की जाती है तो दुकान का आवंटन निरस्त करते हुए ई-ऑक्शन के माध्यम से बेची, नीलामी की जाएगी। तुलसी मानस मंदिर योजना के तहत एक दुकानदार की ओर से किराया जमा नहीं किया जा रहा है। फरवरी में 10 लाख के ऊपर बकाया हो गया है। 

महिला आरक्षी प्रशिक्षुओं ने जाना आधुनिक संसाधनों का उपयोग
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को आरटीसी और पुलिस लाइन में प्रशिक्षणाधीन महिला आरक्षियों की क्लास ली। इस दौरान उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम, एयरपोर्ट, होटल ताज, कैंट रेलवे स्टेशन समेत प्रमुख प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक संसाधनों के उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस आयुक्त ने एयरपोर्ट, श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर, ताज होटल और रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर जैसे संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा में सतर्कता, अनुशासन और त्वरित प्रतिक्रिया की भूमिका समझाई। प्रशिक्षुओं को एचएचएमडी और डीएफएमडी के माध्यम से प्रभावी जांच प्रक्रिया, बीडीडीएस की कार्यप्रणाली, संदिग्ध वस्तुओं की पहचान और त्वरित रिस्पांस से अवगत कराया। साथ ही पीआईडीएस, टायर किलर प्रणाली और एंटी-ड्रोन सिस्टम के उपयोग से घुसपैठ और संभावित खतरों की रोकथाम की जानकारी दी।

पुलिस और पीएसी की मौजूदगी में राजस्व की टीम ने की बेदखली की कार्रवाई
तहसीलदार सदर के आदेश पर भभियार डंगरूपुर गांव सभा में सरकारी चकरोड से अवैध कब्जा हटाने पुलिस और पीएसी के साथ राजस्व की टीम पहुंची और रघुनाथ यादव को बेदखल कर जमीन कब्जामुक्त कराई गई। वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों ने क्षेत्रीय लेखपाल पर निजी रंजिश के चलते बिना नाप-जोख और बिना अधिकारियों की मौजूदगी में मनमानी कार्रवाई कराने, पुराना खड़ंजा तुड़वाने और बस्ती का रास्ता बंद कराने का गंभीर आरोप लगाया। 

रघुनाथ यादव द्वारा सरकारी चकरोड पर कब्जा किए जाने के मामले में तहसीलदार सदर की अदालत से पहले ही बेदखली का आदेश पारित हो चुका था। बुधवार को तहसीलदार सदर संत विजय सिंह और नायब तहसीलदार जाल्हूपुर शैलेश सिंह के नेतृत्व में चौबेपुर पुलिस व भारी संख्या में पीएसी बल मौके पर पहुंचा और राजस्व विभाग की टीम के साथ मिलकर चकरोड को कब्जामुक्त कराया। 

फर्जी पासपोर्ट बनवाकर रहने वाले बांग्लादेशी की जमानत खारिज
फर्जी पासपोर्ट और भारतीय पहचान पत्र बनवाकर वर्षों से भारत में रह रहे बांग्लादेशी नागरिक की जमानत अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय अवधेश कुमार की अदालत ने नामंजूर कर दी। अभियोजन के अनुसार, उपनिरीक्षक रितेश कुमार सिंह को एटीएस से सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे हैं और अपनी पहचान छुपाकर भारतीय दस्तावेज तैयार करा चुके हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस सारनाथ संग्रहालय के पास से आरोपी को पकड़ा था। पूछताछ उसके खुद को मग फू मोंग और पता बरईपुर सारनाथ बताया। तलाशी में उसकी जेब से बांग्लादेश के पहचान पत्र की छायाप्रति मिली, जिस पर होलमांग सिंह मार्मा नाम दर्ज था। 

बीएचयू अस्पताल में किचन की जांच करने पहुंचे अग्निशमन अधिकारी
बीएचयू अस्पताल में हृदय रोग विभाग की जिस बिल्डिंग में किचन खोला गया है, उस पर इसी विभाग के एक प्रोफेसर ने सवाल उठाया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के साथ ही प्रोफेसर ने अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। इसके बाद, दोपहर में अग्निशमन अधिकारी मामले की जांच करने अस्पताल पहुंचे और किचन के बाहर रखे सिलिंडर और अन्य सामान को देखा। 

अब वे अपनी रिपोर्ट मुख्य अग्निशमन अधिकारी को सौंपेंगे। बीएचयू अस्पताल के हृदय रोग विभाग में अध्यक्ष और अन्य डॉक्टरों के कमरे उसी बिल्डिंग में स्थित हैं, जहां पर यह किचन बनाया गया है। इस बिल्डिंग में हर दिन मरीज, तीमारदार और मेडिकल छात्र आते रहते हैं। पिछले दिनों 27 जनवरी को कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने किचन का उद्घाटन भी किया था। 

बुधवार को प्रो. ओमशंकर ने 32 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जिसमें किचन के बाहर करीब 10 सिलिंडर रखे नजर आ रहे हैं। इनमें से छह सिलिंडर जाली में और चार खुले में रखे गए हैं। इसी स्थान से मरीज, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ गुजरते हैं। किचन के पास ही एक ऑक्सीजन सिलिंडर भंडार कक्ष भी है, जहां बड़ी संख्या में ऑक्सीजन सिलिंडर रखे हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया, मुझे किचन का एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसके बाद अग्निशमन अधिकारी को मौके पर भेजा गया था।

सांसद प्रिया सरोज और बल्लेबाज रिंकू सिंह। - फोटो : अमर उजाला
जून में परिणय सूत्र में बंधेंगे क्रिकेटर रिंकू और सपा सांसद प्रिया सरोज
भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य रिंकू सिंह और मछलीशहर (जौनपुर) की सपा सांसद प्रिया सरोज जून में परिणय सूत्र में बंधेंगे। दोनों की सगाई आठ जून 2025 को हो चुकी है। लखनऊ या वाराणसी बरात जाने पर मुहर जल्द लगेगी। इसकी पुष्टि रिंकू सिंह के परिजनों ने की है। 

लखनऊ में रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई हुई थी। इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, सांसद व विधायक शामिल हुए थे। सगाई के बाद 18 नवंबर 2025 को वाराणसी में शादी होनी थी, लेकिन रिंकू सिंह के मैच होने के चलते शादी टल गई। फरवरी 2026 में शादी की तारीख दी गई, लेकिन टी-20 विश्वकप (फरवरी-मार्च) और आईपीएल (मार्च-मई) होने के चलते शादी अब जून में होगी।

रिंकू की शादी की तैयारियां चल रही हैं। शादी की तैयारी एक इवेंट कंपनी करेगी। रिंकू सिंह के बड़े भाई सोनू सिंह ने बताया कि क्रिकेट मैच की व्यस्तताओं के चलते रिंकू की शादी जून में होगी। फिलहाल, वह भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं, जो विश्वकप खेलेंगे। इसके बाद केकेआर की तरफ से आईपीएल खेलेंगे। उन्होंने कहा कि बरात लखनऊ या वाराणसी जाएगी, इस पर जल्द मुहर लगेगी। शादी के बाद अलीगढ़ में दावत दी जाएगी। 

एड-हॉक प्रवक्ताओं को हटाने से पहले ठोस आधार जरूरी: हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि एड-हॉक पर कार्यरत शिक्षक 20 साल से सेवा में हैं। इसलिए केवल वित्तीय संकट या छात्रों की कमी बताकर उन्हें नहीं हटाया जा सकता। कॉलेज प्रबंधन को सक्षम प्राधिकारी के समक्ष यह साबित करना होगा कि शिक्षकों की नियुक्तियां ‘स्व-वित्तपोषित योजना’ के तहत थीं या नहीं। क्या इन शिक्षकों को हटाने के बाद कोई नई भर्ती की जाएगी। जब तक इस पर फैसला नहीं हो जाता शिक्षक अपने पदों पर कार्यरत रहेंगे। कॉलेज प्रबंधन को अगले महीने का वेतन अनिवार्य रूप से देना होगा। 

यह आदेश न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी की एकल पीठ ने वाराणसी के अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज की ओर से दायर याचिका पर दिया है। याची कॉलेज की प्रबंध समिति ने हटाए गए एड-हॉक पर कार्यरत शिक्षकों के पक्ष में उच्च शिक्षा निदेशक व महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलसचिव की ओर से दिए गए आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

समिति ने शिक्षकों को हटाने के अपने निर्णय को बरकरार रखने की मांग की थी। कॉलेज प्रबंध समिति के अधिवक्ता ने दलील दी कि शिक्षक 1997 से 2014 के बीच नियुक्त हुए थे पर उनकी नियुक्ति में सहायक प्रोफेसरों के लिए निर्धारित विस्तृत कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था। 

उपविधि की जटिलताएं खत्म करेगा नगर निगम
नगर निगम की कार्यकारिणी ने उपविधियों की जटिलताओं को समाप्त कर उन्हें सरल बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए परिषद विभाग और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो इन जटिलताओं को समाप्त करने के बाद पड़ने वाले प्रभावों के बारे में रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि पेइंग गेस्ट हाउस, गेस्ट हाउस, होम स्टे, डोरमेट्री, निजी नर्सिंग होम/अस्पताल, प्रसूति गृह, पैथोलॉजी सेंटर, डेंटल क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड सेंटर, निजी बसें, स्कूल बसें, इंश्योरेंस कंपनियां की अन्य सभी उपविधियों (नियमावलियों) को संशोधित किया जाएगा। 

24 डिग्री पहुंचा बनारस का तापमान
वाराणसी बुधवार को प्रदेश का सबसे कम ठंडा जिला रहा। जिले के दोनों मौसम केंद्रों बीएचयू प्रदेश में सबसे गर्म और बाबतपुर तीसरा सबसे गर्म रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त हो गया है। वहीं, छह से आठ फरवरी के बीच 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा प्रदेश में पांच फरवरी से वायुगति बढ़ने के कारण कोहरे में कमी आने के संकेत हैं। 

साफ-सफाई के लिए 1533 पर करें फोन
साफ सफाई से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या के लिए नगर निगम के कंट्रोल रूम 1533 पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यहां दर्ज होने वाली शिकायतों की मानीटरिंग सीधे नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल करते हैं। सभी सफाई निरीक्षकों और सफाई सुपरवाइजरों को साफ सफाई का निर्देश दिया गया है। यह फोन नंबर 24 घंटे कार्यरत रहते हैं। इनपर कोई भी कभी भी शिकायत कर सकता है। 

कमालुद्दीन को मिला रेशम रत्न सम्मान
रामनगर के बुनकर कमालुद्दीन अंसारी को पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेशम रत्न सम्मान दिया गया। रेशम के काम में अच्छा योगदान देने को लेकर उन्हें पुरस्कार मिला। साल 2014 में अच्छी गुणवत्ता की रेशमी साड़ियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया था। इसके बाद 2016 में संत कबीर पुरस्कार मिला, जो पारंपरिक हथकरघा और सुंदर रेशमी साड़ियों के काम को आगे बढ़ाने के लिए दिया गया। हाल ही में 2025–26 में रेशम रत्न (लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड) मिला। 

रजिस्टर्ड दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन को मिली 6 महीने की मोहलत
प्रदेश में उप निबंधक कार्यालयों में पंजीकृत विलेखों के डिजिटाइजेशन कार्य को पूरा करने के लिए शासन ने 10 जिलों को अतिरिक्त छह माह की समय-सीमा प्रदान की है। स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के प्रमुख सचिव अमित द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार एटा, वाराणसी, मुरादाबाद, मैनपुरी, लखनऊ, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, सहारनपुर और प्रयागराज में प्रथम चरण का डिजिटाइजेशन कार्य तय अवधि में पूरा नहीं हो सका था, जिसके चलते अब इसकी अंतिम समय-सीमा 29 जनवरी 2026 से बढ़ाकर अगले छह माह कर दी गई है शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि यह विस्तार केवल अवशेष पंजीकृत विलेखों के डिजिटाइजेशन को पूरा करने के लिए दिया गया है। 

डॉ. विजय भारतीय सिंह बनीं बोर्ड परीक्षा प्रभारी
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में पहली बार परीक्षा प्रभारी की जिम्मेदारी महिला को सौंपी गई है। यहां भूगोल की प्रवक्ता डाॅ. विजय भारतीय सिंह को परीक्षा प्रभारी बनाया गया है। प्रधानाचार्य सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि हाल ही में राज्य बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी प्रतियोगिता में पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल हुआ था। प्रधानाचार्य और जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने डॉक्टर विजय भारतीय सिंह को बधाई देते हुए परीक्षा को संपन्न कराने के लिए शुभकामनाएं दी हैं। 

विद्यापीठ में छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन
काशी विद्यापीठ में छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए संकायवार विद्यार्थियों की सूची तैयार कराकर अलग-अलग तिथियों में सत्यापन कराया जा रहा है। विवि में तीन फरवरी को बीए अनुसूचित जाति और जनजाति संवर्ग के छात्रों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि अब पांच फरवरी को दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक मानविकी संकाय में छात्राओं का सत्यापन करवाया जाएगा। 

विद्यापीठ में आज से चलेगा विशेष जांच अभियान
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में पांच फरवरी से विशेष अभियान चलाया जाएगा। कुलानुशासक प्रो. के के सिंह ने बताया कि इन दिनों सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश परिसर में प्रतिबंधित है। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को अपने साथ परिचय पत्र/शुल्क रसीद लेकर कैंपस आना होगा। परिचय पत्र और शुल्क रसीद न होने और बाहरी व्यक्ति/विद्यार्थी के पाए जाने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

बीएचयू में 52 महीने पहले बनी सुब्रमण्य भारती पीठ को पहली बार मिलेंगे स्थायी प्रोफेसर
बीएचयू में महाकवि सुब्रमण्य भारती चेयर की स्थापना के बाद पांच साल के बाद इसके प्रमुख प्रोफेसर की नियुक्ति होगी। इसमें पूरे बीएचयू के हर विभाग में कार्यरत तमिल प्रोफेसर आवेदन कर सकते हैं। योग्यता के तौर पर सिर्फ महाकवि और उनके तमिल व हिंदी साहित्य की अच्छी समझ होनी चाहिए। 

करीब 52 महीने पहले 11 सितंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएचयू में इस पीठ के स्थापना की घोषणा गुजरात में एक कार्यक्रम के दौरान की थी। इसके बाद हर काशी तमिल संगमम में कर्नाटक घाट स्थित गली में सुब्रमण्य भारती के घर पर डेलीगेट्स को विजिट कराया जाने लगा। 2021 से पहले 2008 में भी इसका प्रस्ताव तैयार किया गया था लेकिन अमल के लिए आवेदन शुरू कर दिया गया है।

होल्कर हाउस में 20 तक भेजना होगा फॉर्म
बीएचयू के कला संकाय स्थित भारतीय भाषा विभाग के तहत चेयर प्रोफेसर की नियुक्ति होगी। आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदक प्रोफेसर को सुब्रमण्य भारती के तमिल और भारतीय साहित्य में योगदान से परिचित होना चाहिए। सभी सहायक दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र कुलसचिव कार्यालय, भर्ती और मूल्यांकन सेल के नाम से 20 फरवरी से पहले भिजवाना होगा। होल्कर हाउस में शाम 5 बजे तक ही आवेदन जमा होंगे। अब पीठ में शोध और अध्ययन का काम होगा।

बीएचयू के चावल वैज्ञानिक प्रो. पीके सिंह को सर्वश्रेष्ठ कृषि शिक्षक का सम्मान
बीएचयू के कृषि वैज्ञानिक प्रो. पीके सिंह को विज्ञान अकादमी की ओर से सर्वश्रेष्ठ कृषि शिक्षक सम्मान दिया गया। प्रो. सिंह केंद्र में आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन विभाग से हैं। बीएचयू में रिसर्च कर मालवीय सीरीज के धान और बिरसा मक्का की प्रजातियों की खोज की और 130 से ज्यादा पीर रिव्यू वाले शोध पत्र भी प्रकाशित करा चुके हैं। 60 से ज्यादा पीजी और 17 पीएचडी छात्र भी रहे हैं। प्रो. सिंह को शिक्षा और अनुसंधान में 28 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है और वे एक कृषि शिक्षक के तौर पर फसल सुधार और बीज प्रबंधन में विशेषज्ञ हैं। उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध परियोजनाओं का संचालन किया है। 

प्रो. सिंह ने स्नातक, परास्नातक, पीएचडी के कुल आठ कोर्स को पढ़ाने के साथ-साथ स्वयं पोर्टल पर कृषि स्नातक के विद्यार्थियों के लिए क्राप इम्प्रूवमेंट-1 (खरीफ) कोर्स को डेवलप किया है। ऑनरेरी फेलो-2019, नेपाल कृषि अनुसंधान परिषद, इंडियन सोसाइटी  ऑफ जेनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग के फेलो 2025 के रूप सम्मानित किए गए हैं। 

काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला
वैज्ञानिक चेतना ही शोध का प्रस्थान बिंदू, स्वयं की धारणा से मुक्ति जरूरी : प्रो. अनुराग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ पत्रकारिता संस्थान की ओर से आयोजित शोध पद्धति पाठ्यक्रम में वक्ताओं ने शोध प्रक्रिया, साहित्य सर्वेक्षण, शोध प्रस्ताव लेखन आदि पर चर्चा की। काशी विद्यापीठ हिंदी विभाग के प्रो. अनुराग कुमार ने कहा कि वैज्ञानिक चेतना ही शोध का प्रस्थान बिंदू है। शोध स्वयं की धारणा से मुक्त होना चाहिए। सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी शोधार्थियों के लिए शोध पद्धति और अकादमिक लेखन विषयक पाठ्यक्रम में प्रो. अनुराग ने कहा कि लिंग, रंग, वर्ण, जातिगत भिन्नता से अलग होकर शोध की दिशा होनी चाहिए।  

अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. राकेश तिवारी ने कहा कि शोध प्रस्ताव शोध के पूर्व की रूपरेखा है। उदय प्रताप कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग के डॉ. अनुराग उपाध्याय ने रिसर्च डिजाइन एंड टूल्स विषय पर विचार रखे। कहा कि डाटा कलेक्शन, सैंपलिंग में होने वाली त्रुटियों के प्रति सावधानी बरतनी होगी। अतिथियों का स्वागत पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने किया। संचालन डॉ. अमित कुमार सिंह और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. चंद्रशील पांडेय ने किया। इस दौरान डॉ. जय प्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. वैष्णवी शुक्ला, अरविंद मिश्र आदि मौजूद रहे। 

वृद्धा आश्रम का मना स्थापना दिवस
संत रविदास जनकल्याण महासंघ ट्रस्ट की ओर से संचालित वृद्धा आश्रम गजोखर में द्वितीय स्थापना दिवस मनाया गया। इस माैके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। चेयरमैन राजीव राम राजू, रामा ऊदल, अनुराधा यादव, डॉ. शशि कला, शोभा राजभर, राजेश्वर सिंह, राघवेंद्र चौबे, आशीष कुमार आदि रहे।

बीएचयू में भर्ती डॉ. लहरी की हालत गंभीर, फेफड़े में भरा पानी
बीएचयू के सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक (एसएसबी) में भर्ती जाने माने कार्डियोथोरेसिक सर्जन पद्मश्री डॉ. टीके लहरी की हालत गंभीर है। पिछले नौ दिनों से उनका इलाज कार्डियोथोरेसिक आईसीयू में चल रहा है। बताया जा रहा है कि उनके फेफड़े में पानी भर गया है।

बीएचयू से 2003 में सेवानिवृत्त होने के बाद भी डॉ.  टीके लहरी बीएचयू अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। करीब 15 दिन तक बेड पर पड़े रहने के बाद उनके करीबी अहमद अली ने आईएमएस बीएचयू प्रशासन को उनके बीमार होने की जानकारी दी। पिछले सप्ताह मंगलवार की देर शाम उनको बीएचयू अस्पताल स्थित एसएसबी कार्डियोथोरेसिक आईसीयू में उन्हें बेड नंबर पर दो पर भर्ती कराया गया। 

अमर उजाला में इसकी खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई तो आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार, कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी, मेयर अशोक कुमार तिवारी उन्हें देखने पहुंचे। दो दिन पहले ही पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने भी डॉ. लहरी का कुशलक्षेम जाना था। 

निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने बताया कि डॉ. लहरी के बाएं फेफड़े में पानी भरा है। फिलहाल 700 एमएल पानी निकाला गया है। उनकी हालत गंभीर बनी है। डॉक्टरों की टीम विशेष निगरानी में लगी है। उधर, बीएचयू हृदय रोग विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. ओमशंकर ने डॉ. लहरी का मेडिकल बुलेटिन न जारी होने पर सवाल उठाया है। 

बेसमेंट खाली कर पार्किंग की व्यवस्था कराएं
वीडीए सभागार में बुधवार को अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने जोन 2 की समीक्षा की। सील प्रकरणों की जांच, बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। लंबित शमन मानचित्रों की समीक्षा की। जल्द से जल्द मानचित्र निस्तारण का निर्देश दिया। कहा कि जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन, विधिक कार्रवाई करने का निर्देश जोनल अधिकारी को दिया। जोन-2 के वार्ड सारनाथ, आदमपुर, जैतपुरा में शमन शुल्क के मद में कुल 7,82,916 रुपये जमा कराया। इस वित्तीय वर्ष में अप्रैल से अब तक कुल शमन धनराशि 5,81,83,057 रुपये जमा कराया गया। 

माध्यमिक शिक्षकों ने उठाया वेतन विसंगति का मुद्दा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने डीआईओएस कार्यालय पहुंचकर वेतन विसंगति सहित अन्य समस्याओं से जुड़ा मांग पत्र सौंपा। कहा कि लंबे समय से मांग करने के बाद भी कई विद्यालयों के शिक्षकों का वेतन भुगतान समय से नहीं हो पा रहा है। माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडल मंत्री डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह, जिला मंत्री अरविंद कुमार आदि ने कहा कि इस समय कई विद्यालयों के शिक्षकों का वेतन नहीं मिल पा रहा है। ट्रेजरी अधिकारी ने जल्द वेतन भुगतान करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान राजेश सिंह, डॉ. सुनील सिंह, राजीव सिंह, अमरेश सिंह आदि मौजूद रहे। 

दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनेंगे: डॉ. सुनील पटेल
अमरावती पुरुषोत्तम राजकीय बहुउद्देशी दिव्यांगजन विकास संस्थान एवं बचपन डे केयर सेंटर खुशीपुर में बुधवार को दिव्यांगों को उपकरण दिए गए। मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि सिलाई मशीन, ट्राई साइकिल और सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनेंगे। इस दौरान दिव्यांग महिलाओं को सिलाई मशीन व अन्य दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, कान की मशीन, व्हीलचेयर आदि वितरित किए गए। अध्यक्षता जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह ने की। संचालन डॉ. सौरभ सिंह ने किया। माधुरी सिंह, विनोद मौर्य, आलोक त्रिपाठी, रंजना सिंह मौजूद रहीं। 

सीडीओ हिमांशु नागपाल - फोटो : अमर उजाला
सीवर ओवरफ्लो और लीकेज पर जीरो टॉलरेंस की अपनाएं नीति : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सीवर ओवरफ्लो और लीकेज पर जीरो टाॅलरेंस की नीति अपनाने की चेतावनी दी। बुधवार के शहर के विभिन्न इलाकों की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के दौरान नगर आयुक्त ने पुलिस लाइन चौराहे से लेकर मैदागिन तक का हाल जाना। पुलिस लाइन से नगर आयुक्त मकबूल आलम रोड, हुकुलगंज तिराहा और चौकाघाट होते हुए लहुराबीर तक गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़कों पर कूड़ा उठान की स्थिति देखी। 

उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य मार्गों पर कूड़ा दिखने पर संबंधित सफाई एवं खाद्य निरीक्षक की जवाबदेही तय की जाएगी। कबीरचौरा और मैदागिन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में उन्होंने रात में सफाई को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने डिवाइडरों पर किए जा रहे हॉर्टिकल्चर (बागवानी) कार्यों को देखा। सड़कों के किनारे हो रहे सुंदरीकरण कार्यों की प्रगति देखते हुए उन्होंने गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। जलकल और सिविल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में कहीं भी सीवर ओवरफ्लो या लीकेज की समस्या नहीं होनी चाहिए। 

होली पर दिल्ली, मुंबई, पुणे से घर आने की राह कठिन
अगले महीने चार मार्च को होली का त्योहार है। इसके लिए घर आने के लिए लोगों ने ट्रेनों में रिजर्वेशन कराना शुरू कर दिया है। चिंता की बात यह है कि दिल्ली, मुंबई, पुणे से आने वाली अधिकांश ट्रेनों में फरवरी के अंतिम सप्ताह से लेकर मार्च के पहले सप्ताह तक किसी भी श्रेणी में कंफर्म सीट ही नहीं बची है। कुछ ट्रेनों में तो एकदम जगह ही नहीं है। ऐसे में त्योहार पर घर आने की राह कठिन लगती है।

इस बार होली 4 मार्च को है, ऐसे में बहुत से लोग फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही घर आ जाएंगे। स्थिति यह है कि दिल्ली से आने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी, लिच्छवी, श्रमजीवी एक्सप्रेस सहित कई ऐसी ट्रेनें हैं, जिसके स्लीपर कोच में 25 फरवरी से 4 मार्च तक एकदम जगह ही नहीं है। 

बीएचयू में छात्र-छात्राओं ने सीखीं कथक की बारीकियां
बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय के नृत्य विभाग की ओर से पद्मविभूषण पं. बिरजू महाराज को समर्पित तीन दिवसीय कथक नृत्य कार्यशाला का समापन मंगलवार को हुआ। समापन समारोह में कथक की परंपरा, शास्त्रीय अनुशासन और गुरु-शिष्य परंपरा की झलक साफ दिखाई दी।

तीन दिनों तक चली इस कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ और प्रख्यात कथक व ओडिसी नृत्यांगना गुरु पार्वती दत्ता ने विद्यार्थियों को कथक के तकनीकी और अभिनय पक्षों की बारीकियां सिखाईं। उन्होंने उठान, आमद, परन नटवरी टुकड़ा और ध्रुपद जैसी कथक की प्रमुख विधाओं का अभ्यास कराया और पं. बिरजू महाराज की शैली से भी छात्रों को रूबरू कराया। 

समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने कथक के तकनीकी पक्ष के साथ-साथ ध्रुपदांगी नृत्य की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि ध्रुपद गायक पं. ऋत्विक सान्याल रहे। इस मौके पर संकाय प्रमुख प्रो. संगीता पंडित, नृत्य विभागाध्यक्ष डॉ. दीपान्विता सिंह राय, पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. विधि नागर, वाद्य विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश शाह, प्रो. प्रवीण उद्धव, प्रो. के. शशिकुमार, प्रो. रेवती साकलकर आदि मौजूद रहीं। 

स्वामी लोकनाथ का पूजन कर निकली शोभायात्रा
सिद्ध योग परंपरा के महान संत स्वामी लोकनाथ तीर्थ की पुण्यतिथि चौखंभा स्थित आश्रम में मनाई गई। विशेष पूजन-अर्चन हुआ। पं. कार्यवाह षडानन पाठक कारखेड़कर के आचार्यत्व में एकादश ब्राह्मणों ने लघु रुद्राभिषेक किया। गुरु पूजा, यति भिक्षा के बाद प्रसाद वितरण हुआ। पुणे से आए पं. विनायक देशपांडे और पं. प्रदीप पाठक कारखेड़कर के सानिध्य में अनुष्ठान हुआ। शाम को आश्रम से सिंधिया घाट स्थित दत्त पादुका मंदिर तक शोभायात्रा निकाली गई। पूजन में पं. अनंत घोड़ेकर, पं. पराग जोशी, पं. श्रीकांत पाठक कारखेड़कर आदि शामिल रहे। 

वीकेएम में रचनात्मकता और संस्कृति का उत्सव
वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा में बुधवार को सर्जना युवा सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया। इस महोत्सव का उद्देश्य छात्राओं की सृजनात्मक प्रतिभा, कलात्मक दक्षता एवं सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करना है। महोत्सव की शुरुआत चित्र-वर्णन प्रतियोगिता से हुई। इसमें 33 छात्राओं ने दिए गए चित्रों के आधार पर सजीव, प्रतिभाशाली और रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। 

इसी क्रम में वसुंधरा विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता हुई। इसमें 28 प्रतिभागियों ने रंगों और कल्पनाशक्ति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। इसके साथ ही जल, जंगल और जमीन विषय पर आधारित वाग्मिता प्रतियोगिता महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रही जिसमें 47 छात्राओं ने प्राकृतिक संसाधनों, पर्यावरणीय संतुलन और सतत विकास से जुड़े मुद्दों पर तार्किक व प्रभावी विचार व्यक्त किए।

त्रिलोचन घाट पर शिव मंदिर में की सफाई
महाशिवरात्रि को लेकर नमामि गंगे गंगा विचार मंच की ओर से बुधवार को स्वच्छता अभियान चला। मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में त्रिलोचन घाट पर बलराम मंदिर में सफाई हुई। मंदिर के विग्रहों में द्वादश ज्योतिर्लिंग सहित अन्य देवी देवताओं की प्रतिमाओं की सफाई के बाद स्नान कराकर रुद्राष्टकम् श्लोक के साथ पूजा हुई। अभियान में सत्यप्रकाश कुशवाहा, जय विश्वकर्मा, किरण पांडेय, ऊषा गुप्ता, अनुराग सोनकर, शिवा, संतुष्ट आदि शामिल रहे। 

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बरेका तीसरे स्थान पर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर में आयोजित अंतर रेलवे सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बरेका संगीत दल ने बेहतर प्रदर्शन किया। इसमें बांसुरी वादन में रवि प्रजापति ने तीसरा स्थान हासिल किया। 2-3 फरवरी को सुशील त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली बरेका टीम के कलाकारों ने बेहतर प्रदर्शन किया। आनंद मिश्रा ने तबला, शशांक उपाध्याय ने हारमोनियम और सिंथेसाइजर पर संगत किया। बरेका के महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने बरेका संगीत दल की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी। टीम में विष्णु मिश्रा, राघवेंद्र कुमार, रवि प्रजापति, अंकित मिश्रा और अभिषेक सिंह शामिल रहे। 

बोले तोते का पिंजरा राम... से किया मुग्ध
सुबह-ए-बनारस के सांस्कृतिक व धार्मिक उत्सव में बुधवार को अस्सी पर युवा कलाकार नमन राज ने हाजिरी लगाई। राग अहीर भैरव में विलंबित एक ताल में निबद्ध रचना के बोल थे- जग सपने की माया...। द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश के बोल थे- पैया परत में तोरी...। समापन भजन-बोले तोते का पिंजरा राम...। तबले पर हिमांशु कुशवाहा एवं संवादिनी पर प्रियम्य सौहार्द ने संगत की। डॉ. रत्नेश वर्मा ने कलाकारों को प्रमाणपत्र दिया। संचालन डॉ. प्रेम नारायण सिंह ने किया। 

भगवान के शरण में जाने से होगा कल्याण
शृंगेरी मठ महमूरगंज में चल रहे श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन बुधवार को कथाव्यास स्वामी गोपालाचार्य महाराज ने मंगलाचरण प्रथम श्लोक का वर्णन किया। कहा कि भगवान नामायण परम सत्य है। जिनकी शरण में सबको जाना चाहिए। तभी उनका कल्याण होगा। उन्होंने सुखदेव के अवतार और राजा परिक्षित के जन्म प्रसंग का वर्णन किया। मूल भागवत का पारायण हुआ। 

मटर की उन्नत प्रजातियों की हुईं लाइसेंसिंग
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर में बुधवार को प्रभु गोपाल एग्री प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड ने आईआईवीआर की नवीनतम विकसित मटर और भिंडी की उन्नत किस्मों की लाइसेंसिंग का समझौता हुआ। निदेशक डॉ. राजेश कुमार और कंपनी के निदेशक नरसिंह यादव ने हस्ताक्षर किए। डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि इस समझौते सार्वजनिक व निजी सहभागिता को मजबूत करने के साथ किसानों तक उच्च उपज देने वाली उन्नत किस्मों को शीघ्र पहुंचाने में मदद मिलेगी। इस मौके पर प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नीरज सिंह, अध्यक्ष डॉ. सुदर्शन मौर्य, डॉ. राकेश दुबे रहे। 

प्रदर्शनी में शामिल होने जाएंगे जिले 50 किसान
प्रदेश स्तरीय शाकभाजी प्रदर्शनी छह से आठ फरवरी को लखनऊ में लगेगी। इसमें जिले के 50 किसान अपने उत्पाद को प्रदर्शित करेंगे। जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि हरी सब्जियों के अलावा फलों में अमरूद की नई किस्म के उत्पादों को किसान लेकर जाएंगे। विजेता किसानों को मुख्यमंत्री पुरस्कृत करेंगे और उन्हें प्रमाणपत्र के अलावा नकद राशि दी जाएगी। 

महिलाओं में गर्भाशय, स्तन कैंसर का खतरा ज्यादा, समय से इलाज जरूरी
आईएमएस बीएचयू के किशोर क्लीनिक, साथिया केंद्र में विश्व कैंसर दिवस पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कैंसर के कारण, बचाव पर विस्तार से चर्चा की। स्त्री रोग विशेषज्ञ प्रो. शिखा सचान ने कहा कि महिलाओं में सर्वाइकल और स्तन कैंसर की समस्या अधिक देखने को मिल रही है। समय से जांच, इलाज कराना बहुत जरूरी है।

जागरूकता कार्यक्रम में प्रो. शिखा ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण बेहतर माध्यम है। बीएचयू स्त्री रोग विभाग की अध्यक्ष प्रो. संगीता राय और जनरल मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. एलपी मीना ने कैंसर के कारकों, प्रारंभिक लक्षणों और रोकथाम के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। 

काउंसलर हर्ष कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। अशोक बिहार में आयोजित कार्यक्रम में आईएमए के अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव और डॉ. शिप्रा धर ने कहा कि कैंसर एक गंभीर बीमारी जरूर है लेकिन समय से इलाज कराने पर इसको बढ़ने से रोका जा सकता है।

नर्मदा के तट पर काशी के वैदिक ब्राह्मणों ने की पूजा 
नर्मदा जयंती पर काशी के वैदिक ब्राह्मणों ने पूजन और 121 आरती उतारी। जयंती उत्सव में पूजन-अर्चन के साथ 51 हजार दीपों से नर्मदा के तट को रोशन कर दीपावली भी मनाई। भजन संध्या से महिमा का गान किया। उत्सव में पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल भी शामिल रहे। 

मध्यप्रदेश के हंडिया जिले में नर्मदा का प्राकट्योत्सव पिछले माह 25 जनवरी को मनाया गया। मंगला गौरी के महंत पं. नारायण गुरु के नेतृत्व में 100 से अधिक वैदिक ब्राह्मण व श्रद्धालु काशी से गए थे। पं. नारायण गुरु ने बताया कि मां वैदिक विविध से पूजन अर्चन, रुद्राभिषेक और कन्या पूजन हुआ। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे अशोक सिंघल और बाबा रामदेव ने काशी प्रवास के दौरान एक मुलाकात में काशी के अलावा अन्य प्रांतों की नदियों को जागृत करने को कहा था। तब से 2014 से नर्मदा का प्राकट्योत्सव मनाया जा रहा है।

सपा सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर उठाया मणिकर्णिका घाट का मामला
सपा सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर मणिकर्णिका का मामला उठाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सांसदों ने नारेबाजी की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया। पोस्ट में लिखा कि हम देवी अहिल्याबाई होल्कर जी के मान-सम्मान की आवाज सड़क से संसद तक उठाते रहेंगे। चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर मुद्दा उठाया गया है। नारेबाजी करने वालों सांसदों में नरेश उत्तम पटेल, धर्मेंद्र यादव, अफजाल अंसारी, प्रिया सरोज, सनातन पांडेय आदि रहे।
विज्ञापन

सुनियोजित विकास को मिली गति, चार माह में 474 लेआउट, मानचित्र स्वीकृत
शहर के सुनियोजित, संतुलित विकास की दिशा में वीडीए की ओर से निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। बीते 4 माह में 474 लेआउट/मानचित्र स्वीकृत किए गए। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने बताया कि चार माह में 247 कंपाउंडिंग, 31 निजी कॉलोनी लेआउट मानचित्र, 196 ऑनलाइन न्यू बिल्डिंग मानचित्र स्वीकृत किए गए। आम जनता से अपील की कि किसी भी प्लॉट के क्रय, निर्माण से पूर्व यह सुनिश्चित करें कि संबंधित लेआउट वीडीए से स्वीकृत हो। उन्होंने कहा कि नए विकास क्षेत्र नियोजित एवं उपयुक्त ढंग से विकसित किए जा रहे हैं। प्राधिकरण ने शमन मानचित्रों की स्वीकृति प्रक्रिया को भी तेज किया है। परिणामस्वरूप पिछले दो माह में लगभग 200 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। 

निर्माण शुरू कराने से पूर्व लें स्वीकृति
लेआउट एवं मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, सरल, समयबद्ध बनाया गया है, ताकि आमजनमानस को किसी भी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडीए क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पूर्व प्राधिकरण की स्वीकृति लेना अनिवार्य है। मानचित्र स्वीकृत कराए बिना निर्माण कराने पर सीलिंग, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का अधिकार है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें